App

जयपुर की 4 पंचायत समितियों में चुनाव की तैयारी तेज, 446 बूथों पर 14 नवंबर को मतदान

जयपुर जिले की बस्सी, तूंगा, जमवारामगढ़ और आंधी पंचायत समितियों में चौथे चरण के चुनाव की तैयारी पूरी की जा रही है. 14 नवंबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान होगा. 16 नवंबर को 140 ग्राम पंचायतों में वोट डाले जाएंगे.

जयपुर की 4 पंचायत समितियों में चुनाव की तैयारी तेज, 446 बूथों पर 14 नवंबर को मतदान
Image Credit: Jaipur Panchayat Elections

जयपुर जिले में पंचायतीराज चुनाव के चौथे चरण को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. जिले की चार पंचायत समितियों बस्सी, तूंगा, जमवारामगढ़ और आंधी में मतदान की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए ईवीएम की कमिशनिंग का काम पूरा कर लिया गया है. इस चरण में 446 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे. मतदान कराने के लिए पोलिंग पार्टियां 13 नवंबर को सीकर रोड स्थित श्रीभवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी से रवाना होंगी.

13 नवंबर को रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां
पोलिंग पार्टियों की रवानगी से पहले मतदान कार्मिकों को अंतिम प्रशिक्षण दिया जाएगा. जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने मंगलवार को भवानी निकेतन परिसर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया. उन्होंने मतदान दलों की रवानगी, प्रशिक्षण और निर्वाचन सामग्री वितरण की व्यवस्थाएं देखीं. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पोलिंग पार्टियों की रवानगी के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए. प्रत्येक मतदान दल को ईवीएम, बैलेट पेपर और अन्य निर्वाचन सामग्री की जांच के बाद ही रवाना किया जाए.

जिला परिषद के 13 और पंचायत समितियों के 82 वार्डों में चुनाव
चौथे चरण में जिला परिषद के 13 वार्डों में मतदान होगा. इनमें वार्ड संख्या 38 से 50 तक शामिल हैं. इसके अलावा बस्सी, तूंगा, जमवारामगढ़ और आंधी पंचायत समितियों के 82 वार्डों के लिए भी वोट डाले जाएंगे. इस चरण में 140 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव भी कराए जाएंगे.

14 नवंबर को सदस्यों के लिए मतदान, 16 को चुनेंगे सरपंच
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए 14 नवंबर को मतदान होगा. इसके अगले दिन यानी 15 नवंबर को सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे. नामांकन की प्रक्रिया सुबह 8 बजे से 11 बजे तक चलेगी. वहीं, 16 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान होगा. इसके बाद 17 नवंबर को उपसरपंच का चुनाव कराया जाएगा.

अधिकारियों ने लिया तैयारियों का जायजा
जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक की मौजूदगी में चारों पंचायत समितियों में मतदान के लिए इस्तेमाल होने वाली ईवीएम की कमिशनिंग पूरी की गई. अब प्रशासन का ध्यान मतदान कार्मिकों के अंतिम प्रशिक्षण और पोलिंग पार्टियों की सुरक्षित रवानगी पर है. निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी मेघराज सिंह मीणा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर चतुर्थ आशीष कुमार और एसडीएम बस्सी दीपक खटाणा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे. प्रशासन ने मतदान केंद्रों पर चुनाव प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author