)
पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के सिमरी गांव में मंगलवार (10 नवंबर, 2026) की देर रात्रि अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने घर में घुसकर एक ड्राइवर के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी. मृतक की पहचान 32 वर्षीय इरफान इमाम उर्फ कल्लू ड्राइवर के रूप में हुई है. इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है, हालांकि, हत्या का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है. वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
बताया जा रहा है कि मृतक इरफान इमाम उर्फ कल्लू पिछले दो सालों से सिमरी गांव के एक किराए के मकान में अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रहता था. मंगलवार की रात लगभग 11:30 बजे दो लोग उसके घर आए और दरवाजा खुलवाया. जैसे ही इरफान ने दरवाजा खोला, अपराधियों ने उसके सिर में गोली मार दी और फरार हो गए. गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. पुलिस ने घटनास्थल से एक गोली का खोखा बरामद किया है. मिली जानकारी के अनुसार, घटना के दौरान अपराधी मृतक का मोबाइल भी अपने साथ लेकर गए.
घटना के समय मृतक का बड़ा बेटा उसके साथ सो रहा था, जबकि उसकी पत्नी और छोटा बेटा उस समय कमरे में मौजूद नहीं थे. मृतक की पत्नी सिमरी गांव में ही अपने मायके में थी. लगभग 10 वर्ष पहले इरफान इमाम और नेहा परवीन का निकाह हुआ था और उनके दो बेटे हैं. परिवार में आपसी विवाद के कारण इरफान अपनी पत्नी और बच्चों को लेकर पिछले दो साल से गांव के ही किराए के मकान में रह रहा था और ड्राइवर का काम करता था. मृतक की पत्नी नेहा परवीन ने बताया कि एक महीने पहले भी उसके पति पर जानलेवा हमला हुआ था. जब वह आरा से अपने पति के साथ बाइक पर लौट रही थी, तब बिहटा के मौदही गांव के पास उन पर फायरिंग की गई थी, जिसमें दोनों बाल-बाल बच गए थे.
भागलपुर में मां काली की विसर्जन शोभायात्रा के दौरान एक युवक के गले में भाला लगने से अफरा-तफरी मच गई. घटना गोलाघाट सराय की है, जहां देर रात करीब एक बजे स्थानीय युवक आशीष झड़प के दौरान घायल हो गया. भाला लगने से उसके गले में गंभीर चोट आई, जिसे डायल 112 की टीम ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया.
बताया जा रहा है कि विसर्जन जुलूस के दौरान आशीष अखाड़े पर खड़ा था. इसी दौरान किसी बात को लेकर उसकी एक अन्य व्यक्ति से कहासुनी हो गई. आरोप है कि उस शख्स ने आशीष का कॉलर पकड़कर उसे अपनी ओर खींचा. इस दौरान बचने की कोशिश में आशीष के गले में भाला लग गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
घटना के बाद मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम ने घायल युवक को पहले सदर अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, उसकी स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) रेफर कर दिया. रात में हुए इलाज के बाद अब उसकी स्थिति खतरे से बाहर है.