)
पूर्णिया जिले के मधुबनी थाना क्षेत्र के काली प्रसाद यादव टोला में केंद्रीय खुफिया एजेंसी (IB) और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त छापेमारी की. गुप्त सूचना के आधार पर हुई इस बड़ी कार्रवाई में शाहिद अख्तर नाम के एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया गया है, जो इसी टोला का रहने वाला बताया जा रहा है. जांच एजेंसियों के अनुसार, शाहिद पर वर्ष 2025 से एक संदिग्ध कट्टरपंथी समूह से जुड़े होने और राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहने का गंभीर आरोप है.
शुरुआती छानबीन और खुफिया इनपुट से यह बात सामने आई है कि इस खतरनाक नेटवर्क के तार केवल देश के भीतर ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान तक जुड़े हो सकते हैं. इसके अलावा, इसका कनेक्शन हैदराबाद, पश्चिम बंगाल और देश के अन्य हिस्सों में भी होने की संभावना है.
इतना ही नहीं, जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी वॉट्सएप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के एन्क्रिप्टेड ग्रुप्स के जरिए देश की सुरक्षा से जुड़ी बेहद संवेदनशील जानकारियां और सामरिक महत्व के इनपुट पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स को भेज रहा था.
पुख्ता डिजिटल सबूत मिलने के बाद आईबी ने मधुबनी थाना पुलिस के साथ उसके घर पर दबिश दी. इस दौरान उसके पास से कई मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य डिजिटल डिवाइस जब्त किए गए हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और बिहार एसटीएफ (STF) भी भी जांच में जुट गई है. दोनों टीमें पूर्णिया पहुंचकर इस नेटवर्क की परतें खंगाल रही हैं.
वहीं, सीतामढ़ी में सूखा नशा के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. एसएसबी और सोनबरसा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने भारत-नेपाल सीमा पर छापेमारी कर प्रतिबंधित नशीले पदार्थों के साथ दो नेपाली नागरिकों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार दोनों आरोपी नेपाल के महोत्तरी जिले के हैं. इनकी पहचान विमल खड़का और नूरहसन नदाफ के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपियों के पास से 235 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप 1000 पीस नशीली टैबलेट, दो मोबाइल फोन, 500 नेपाली रुपये और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।मामले में सोनबरसा थाना में केश दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.