)
दिवाली के बाद कैथल में प्रदूषण का स्तर खतरनाक स्थिति में पहुंच गया था. एक्यूआई का स्तर 440 तक दर्ज किया गया था. हालांकि अब इसमें कुछ गिरावट आई है और ये घटकर 260 पर पहुंच गया है. प्रदूषण से लोगों को अभी पूरी तरह राहत नहीं मिली है. शहर में सुबह और शाम के समय स्मॉग की चादर छाई हुई है. हवा की रफ्तार महज 3 किलोमीटर प्रति घंटा होने के कारण प्रदूषित कण वातावरण से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं. वहीं, शाम के समय तापमान गिरने से धुआं और प्रदूषित कण जमीन के नजदीक बने रहते हैं, जिससे लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी हो रही है.
प्रदूषण के इस बढ़ते प्रभाव को देखते हुए डॉक्टरों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. डॉक्टरों का कहना है कि आंखों में जलन होने पर साफ पानी से आंखों को धोएं और परेशानी अधिक होने पर चिकित्सक से संपर्क करें. वहीं, प्रशासन की तरफ से भी प्रदूषण कम करने के प्रयास किए जा रहे हैं. लघु सचिवालय परिसर में लगे पेड़ों पर पानी का छिड़काव करवाया गया, ताकि पेड़ों पर जमी धूल साफ हो सके और हरियाली बनी रहे. फिलहाल AQI में गिरावट जरूर राहत की बात है, लेकिन धीमी हवाओं के चलते स्मॉग का खतरा अभी बरकरार है. ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने और प्रदूषण से बचाव के उपाय अपनाने की जरूरत है.
शुक्रवार सुबह 5 बजे CPCB के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के कई शहरों की हवा बेहद खराब स्थिति में पहुंच गई है. बल्लभगढ़ में सबसे ज्यादा AQI 411 दर्ज किया गया. वहीं, गुरुग्राम के ग्वाल पहाड़ी इलाके में AQI 443 रहा, जो प्रदेश में सबसे अधिक है.
फरीदाबाद और गुरुग्राम में भी प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ा हुआ है. फरीदाबाद के न्यू इंडस्ट्रियल टाउन में AQI 373 और सेक्टर-11 में 300 दर्ज किया गया. गुरुग्राम के सेक्टर-51 में 343, तेरी ग्राम में 353 और विकास सदन में 257 AQI रहा। इसके अलावा मानेसर में 346 और पंचगांव में 350 AQI दर्ज किया गया.
बहादुरगढ़ में AQI 317, भिवानी में 277, फतेहाबाद में 275 और जींद में 273 दर्ज किया गया. वहीं, कैथल में 258, चरखी दादरी में 245, धारूहेड़ा में 235 और नारनौल में 229 AQI रहा. सोनीपत में 208 और सिरसा में 200 दर्ज किया गया.
दूसरी तरफ, पंचकूला की हवा प्रदेश में सबसे साफ रही. यहां AQI 91 दर्ज किया गया. इसके अलावा अंबाला में 156, पानीपत में 154, करनाल में 175 और रोहतक में 185 AQI रहा.