)
जब आस्था दिलों में बसती है, तो सात समंदर पार भी अपने घर और माटी की खुशबू महसूस होने लगती है. इन दिनों कुछ ऐसा ही नजारा ऑस्ट्रेलिया में देखने को मिल रहा है, जहां छठ महापर्व की धूम के बीच लोक गायिका प्रियंका सिंह की सुरीली आवाज ने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स से रिलीज हुआ उनका नया छठ गीत इन दिनों सोशल मीडिया पर छाया हुआ है. इस गाने को सुनकर हर उस इंसान की आंखें नम हो जाती हैं जो अपनी संतान के लिए छठी मइया से दुआ मांग रहा है.
छठ का नाम आते ही मन में ठेकुआ की खुशबू, घाटों की सजावट और उगते-डूबते सूर्य को अर्घ्य देने की तस्वीर उभर आती है. लेकिन इस बार का छठ महापर्व कुछ खास है क्योंकि बिहार की खुशबू अब सीधे ऑस्ट्रेलिया तक पहुंच चुकी है. वहां पर छठ महोत्सव मना रहीं जानी-मानी लोक और पार्श्व गायिका प्रियंका सिंह ने अपनी जादुई आवाज से हर किसी का दिल जीत लिया है. उनकी आवाज सिर्फ घाट तक सीमित नहीं रही, बल्कि पूरी दुनिया में गूंज रही है.
किसी भी गाने की जान उसके शब्द होते हैं. इस गाने को लिखा है जाने-माने गीतकार मनोज भावुक ने. उनकी कलम से निकला यह गीत ‘गोदिया में देइ द ललनवा ए छठी मइया’ हर उस मां के दिल की आवाज है जो अपनी सूनी गोद भरने के लिए छठी मइया से गुहार लगा रही है. गाने के बोल इतने प्यारे और इमोशनल हैं कि सुनते ही आंखों में आंसू आ जाते हैं. इसमें ननिहाल और ससुराल के रिश्तों का जिक्र करते हुए एक स्त्री की गहरी मनोकामना को बहुत ही शानदार तरीके से दिखाया गया है.
देखें पोस्ट-
इस गाने का मुखड़ा ‘गोदिया में देइ द ललनवा कि चहके अंगनवा नू हो, ए छठी मइया...’ बहुत तेजी से वायरल हो रहा है. गाने के अंदर परिवार के हर सदस्य जैसे चाचा, बुआ, दादी और दादा के इंतजार की कल्पना की गई है. अंत में छठी मइया से यह प्रार्थना की जाती है कि जीवन में नई सुबह आए और घर में किलकारियां गूंज उठें. इसे सुनकर आज की जनरेशन और यूथ भी अपनी संस्कृति और जड़ों से जुड़ा हुआ महसूस कर रहा है.
प्रियंका सिंह इन दिनों ऑस्ट्रेलिया में हैं और वहां रह रहे भारतीयों के साथ मिलकर छठ पर्व मना रही हैं. इस गाने के प्रोड्यूसर रत्नाकर कुमार हैं. इसके संगीतकार और निर्देशक विनीत शाह हैं, जिन्होंने ट्रेडिशनल लोक भावनाओं को आज के यूथ के हिसाब से मॉडर्न म्यूजिक के साथ बहुत अच्छे से सजाया है. वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स भोजपुरी के बैनर तले आया यह गाना हर प्लेलिस्ट का हिस्सा बन चुका है.