)
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और अमेरिका-इजरायल के साथ संभावित जंग की आहट के बीच ईरान ने एक बड़ा कदम उठाया है. ईरान के अर्धसैन्य बल 'रिवोल्यूशनरी गार्ड' ने अपनी बैलिस्टिक मिसाइलों की मारक क्षमता पर खुद से लगाई 2,000 किलोमीटर (1,200 मील) की रेंज सीमा को आधिकारिक तौर पर हटा दिया है. इस फैसले से संकेत मिलता है कि ईरान अब अधिक दूरी तक मार करने वाली मिसाइलें विकसित करने की तैयारी में है.
यह घोषणा ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह मोजतबा खामेनेई के उस बयान के ठीक कुछ दिनों बाद आई है, जिसमें उन्होंने अमेरिका और इजरायल को कड़ा संदेश दिया था. खामेनेई ने स्पष्ट कहा था कि अगर अमेरिका या इजरायल की ओर से किसी भी तरह का या किसी भी स्तर का खतरा पैदा होता है, तो ईरान बिना किसी भौगोलिक सीमा की परवाह किए उसका माकूल जवाब देगा.
तेहरान में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब रिवोल्यूशनरी गार्ड के प्रवक्ता जनरल हुसैन मोहेब्बी से मिसाइल रेंज की सीमा पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने साफ कहा, 'वह पाबंदी अब हमारे लिए खत्म कर दी गई है.'
यह पूछे जाने पर कि क्या ईरान के पास 2,000 किलोमीटर से ज्यादा दूरी तक हमला करने वाली मिसाइलें तैयार हैं, जनरल मोहेब्बी ने कोई सीधा दावा नहीं किया. उन्होंने केवल इतना कहा कि ईरान सिर्फ बयानों पर निर्भर रहने के बजाय 'व्यावहारिक रूप से अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करेगा.'
फिलहाल आधिकारिक जानकारी के अनुसार ईरान के पास ऐसी मिसाइलें होने की पुष्टि नहीं है जो इस सीमा से आगे जा सकें. हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों का मानना है कि ईरान के अंतरिक्ष कार्यक्रम में इस्तेमाल होने वाली तकनीक का उपयोग अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल (ICBM) बनाने के लिए आसानी से किया जा सकता है.
2,000 किलोमीटर की मौजूदा रेंज के तहत ही ईरान ग्रीस और बाल्कन क्षेत्रों के कुछ हिस्सों, पूरे अरब प्रायद्वीप, लेवेंट क्षेत्र और मिस्र के बड़े हिस्से तक निशाना साधने में सक्षम है. ऐसे में इस रेंज सीमा के हटने का सीधा मतलब है कि अब यूरोप और उसके बाहर के क्षेत्र भी ईरान के संभावित दायरे में आ सकते हैं.
इसी दौरान ईरानी सेना की ओर से एक और गंभीर खबर सामने आई है. सेना के अनुसार, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पूर्व में एक तेल टैंकर समुद्री माइन की चपेट में आ गया, जिससे उसमें भीषण आग लग गई. सेना ने यह नहीं बताया कि टैंकर किस देश का था या कहां जा रहा था, लेकिन यह जरूर कहा कि टैंकर ने अपना नेविगेशन बीकन बंद कर रखा था और वह एक 'प्रतिबंधित क्षेत्र' में यात्रा कर रहा था. यह घटना दर्शाती है कि क्षेत्र में सैन्य गतिविधियों के साथ-साथ समुद्री रास्तों पर भी खतरा काफी बढ़ गया है.