App

'ट्रंप को मार दो...': चोरी की कार और गोला-बारूद का जखीरा, व्हाइट हाउस तक पहुंचा वेनेजुएलाई युवक, अरेस्ट

जिस देश का राष्ट्रपति अमेरिका की गिरफ्त में है, उसी देश का एक युवक अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को मारने के लिए व्हाइट हाउस के काफी करीब पहुंच गया था. वेनेजुएलाई युवक की समय रहते गिरफ्तारी ने बड़ी घटना को टाल दिया.

'ट्रंप को मार दो...': चोरी की कार और गोला-बारूद का जखीरा, व्हाइट हाउस तक पहुंचा वेनेजुएलाई युवक, अरेस्ट
Image Credit: व्हाइट हाउस के पास एक हथियारबंद गिरफ्तार (AI तस्वीर)

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई है. ट्रंप को मारने के लिए एक युवक भारी गोला-बारूद लेकर व्हाइट हाउस के काफी करीब तक पहुंच गया था. गनीमत रही कि बड़ी दुर्घटना से पहले ही सुरक्षाबलों की संदिग्ध पर नजर पड़ गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपी वेनेजुएला देश का नागरिक बताया जा रहा है. संदिग्ध की पहचान रॉनी यॉर्ड्रिक्स गुआनिपा क्रिनोस के रूप में हुई है.  आरोप है कि वो राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को जान से मारने के इरादे से आया था. उसकी गाड़ी से एक एआर-15 राइफल, दो पिस्तौल और बड़ी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया गया है. अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, संदिग्ध ने पूछताछ के दौरान बताया कि उसके सिर में सुनाई देने वाली आवाजें उसे राष्ट्रपति ट्रंप की हत्या करने के लिए कह रही थीं. उसे शुक्रवार को डीसी सुपीरियर कोर्ट में पेश किया गया. फिलहाल उसे बिना जमानत हिरासत में रखा गया है.

गूगल ट्रांसलेट से बात कर रहा था आरोपी

व्हाइट हाउस के आसपास नियमित गश्त कर रहे सीक्रेट सर्विस के एक एजेंट ने बताया कि गुरुवार (6 नवंबर) की देर रात को उसने कॉन्स्टिट्यूशन एवेन्यू पर नीले रंग के फोर्ड एफ-150 पिकअप ट्रक को देखा. वाहन संदिग्ध स्थिति में खड़ा था, इसलिए वह उसकी जांच करने के लिए पहुंचा. अधिकारी ने वाहन के अंदर बैठे व्यक्ति से संपर्क किया गया तो उसने गूगल ट्रांसलेट की मदद से बातचीत की, क्योंकि उसे अंग्रेजी बोलने में दिक्कत हो रही थी. जब संदिग्ध युवक पूछा गया क्या उसके पास कोई हथियार है, तो उसने कथित तौर पर सिर हिलाकर हथियार होने का संकेत दिया और उंगलियों से बंदूक चलाने जैसा इशारा किया. इसके बाद वह वाहन से बाहर आया. जांच अधिकारियों ने गाड़ी की तलाशी ली, तो उसमें भारी मात्रा में हथियार पाए गए.

चोरी की गाड़ी से पहुंचा था व्हाइट हाउस!

डीसी सुपीरियर कोर्ट में दाखिल आपराधिक शिकायत के अनुसार, पूछताछ में संदिग्ध ने कथित तौर पर बताया कि उसके पास एक बंदूक है, क्योंकि किसी व्यक्ति ने उससे उसकी हत्या करने की कोशिश की थी और उसने उस व्यक्ति से हथियार छीन लिया था. इसके बाद उसने अधिकारियों को गाड़ी के अंदर रखे एक भूरे रंग के बैग की ओर इशारा किया. वाहन की तलाशी लेने पर अधिकारियों को एक एआर-15 राइफल, दो हैंडगन और गोला-बारूद मिला. जांच में पिकअप ट्रक चोरी का पाया गया.

संदिग्ध को कोई दे रहा था निर्देश

अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (डीएचएस) के अनुसार, संदिग्ध ने अधिकारियों को कथित तौर पर बताया कि उसके सिर में आवाज कौंध रही थीं. ये उसे राष्ट्रपति ट्रंप की हत्या करने का निर्देश दे रही थीं. डीएचएस ने बताया कि गुआनिपा-क्रिनोस वेनेजुएला का एक अवैध प्रवासी है, जो मार्च 2024 में टेक्सास के रास्ते अमेरिका में दाखिल हुआ था. अमेरिकी आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन एजेंसी (आईसीई) ने उसके खिलाफ आव्रजन हिरासत का अनुरोध भी दर्ज कराया है. यह घटना ऐसे समय हुई है जब अमेरिकी राष्ट्रपति और व्हाइट हाउस की सुरक्षा को लेकर पहले से सतर्कता बरती जा रही है.

क्या मुल्क का बदला लेने पहुंचा था आरोपी

बता दें कि जनवरी में अमेरिकी सैनिकों ने वेनेजुएला पर हमला कर राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़ लिया था. इसके बाद उन्हें न्यूयॉर्क लाया गया, जहां उन्हें डिटेंशन सेंटर में रखा गया है. अब वेनेजुएला का नागरिक गोला-बारूद के साथ गिरफ्तार किया गया है. इससे सुरक्षाबलों की चिंताएं काफी बढ़ गई हैं. इससे पहले, अप्रैल में व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट डिनर में गोलीबारी की घटना के बाद अमेरिकी अधिकारियों ने एक संदिग्ध पर राष्ट्रपति ट्रंप की हत्या की कोशिश का आरोप लगाया था. 

अप्रैल में भी रची गई थी खतरनाक साजिश

अधिकारियों ने दावा किया था कि समय रहते कार्रवाई से एक बड़े हमले को नाकाम कर दिया गया था. कार्यवाहक अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लांश ने उस समय कहा था कि कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साहस और पेशेवर तरीके से काम करने के कारण उस भयावह घटना को रोकना संभव हुआ. उन्होंने कहा था कि राष्ट्रपति, सुरक्षा घेरे में शामिल अन्य लोगों और कार्यक्रम में मौजूद प्रतिभागियों को सुरक्षित रखा गया.

अदालती दस्तावेजों में उस मामले के संदिग्ध की पहचान कोल थॉमस एलन के रूप में हुई थी. उस पर राष्ट्रपति की हत्या की कोशिश, अपराध को अंजाम देने के लिए अंतरराज्यीय स्तर पर हथियार ले जाने और हिंसक अपराध के दौरान गोली चलाने सहित तीन संघीय आरोप लगाए गए थे.

रिपोर्ट- आईएएनएस

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

K. Raj Mishra

K. Raj Mishra

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More