)
सिमडेगा जिला के कोलेबिरा थाना अंतर्गत लचरागढ़ में 7 नवंबर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. देवनदी पुल पर बोलेरो और डोमिनार बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई. इस भीषण दुर्घटना में बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई.
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को लचरागढ़ स्थित देवनदी पुल पर विपरीत दिशा से आ रही बोलेरो और डोमिनार बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से दुर्घटनाग्रस्त हो गए और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक युवक पुल से नीचे जा गिरा, जबकि दो अन्य युवकों के पैर टूटकर पुल के नीचे जा गिरे. घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. दुर्घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए.
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. फिलहाल, इस हादसे को लेकर इलाके में शोक का माहौल है. सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की असमय मौत से क्षेत्र के लोग स्तब्ध हैं.
दूसरी तरफ शनिवार को ही चतरा जिला के वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र में दीपावली के मौके पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बसंत कुमार, पिता बाजो गांझू की मौके पर ही मौत हो गई. बताया जाता है कि बसंत कुमार दूसरे राज्य में रहकर कमाई करता था. दीपावली का त्योहार अपने परिवार के साथ मनाने के लिए वह घर लौटा था.
इसी दौरान वह अपनी बहन से मिलने बाइक से जा रहा था. रास्ते में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दीवार से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बसंत कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया. दीपावली की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है.
रिपोर्ट: रविकांत साहू