)
भारतीय क्रिकेट टीम इस समय न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज खेल रही है. वेलिंगटन में खेले गए सीरीज के दूसरे मुकाबले में भारत ने DLS मेथड के तहत 4 रन से जीत हासिल की. शुभमन गिल की अगुआई वाली टीम का फोकस अगले साल होने वाले वर्ल्ड कप पर है. टीम में कई ऐसे खिलाड़ी मौजूद हैं, जो न्यूजीलैंड में बड़ा इम्तिहान दे रहे हैं, क्योंकि अगर वे इस टेस्ट में पास हुए तो उनके लिए वर्ल्ड कप का दरवाजा खुल सकता है. फिलहाल इस रेस में तेज गेंदबाज गुरनूर बरार सबसे आगे हैं.
न्यूजीलैंड के खिलाफ अब तक हुए दोनों ODI मैचों में गुरनूर ने शानदार प्रदर्शन किया. ऑकलैंड में हुए पहले वनडे में उन्होंने 3 विकेट चटकाए, जबकि वेलिंगटन में 4 विकेट लेकर कीवियों की कमर तोड़ दी. उन्होंने 10 ओवर में महज 30 रन देकर 4 विकेट चटकाए. दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने दो मेडन ओवर भी डाले. ये उनके अब तक के ODI करियर का बेस्ट प्रदर्शन है.
अगले साल होने वाले वर्ल्ड कप में तेज गेंदबाजों की अहम भूमिका होने वाली है. साउथ अफ्रीका, जिम्बॉब्वे और नामीबिया की पिचों पर स्पिनर्स से ज्यादा प्रभाव पेसर्स डालेंगे. हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल को अभी भी कुछ ऐसे तेज गेंदबाजों की तलाश है, जो स्टार बॉलर जसप्रीत बुमराह की मदद कर टीम को जीत दिला सके. इस रोल के लिए गुरनूर बरार ने अपनी दावेदारी मजबूत कर ली है. अर्शदीप सिंह के साथ अब वो भी वर्ल्ड कप का टिकट पाने की लिस्ट में आगे हैं.
पंजाब के 26 वर्षीय गेंदबाज गुरनूर बरार ने इसी साल अफगानिस्तान के खिलाफ भारत के लिए ODI में डेब्यू किया था. इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखने के बाद से ही वो लगातार दमदार प्रदर्शन कर रहे हैं और सबसे खुशी की बात ये है कि हर मैच के बाद वो और बेहतर होते जा रहे हैं. गुरनूर ने अभी तक 11 ODI में भारत का प्रतिनिधित्व किया है और 31.19 की औसत से 21 विकेट चटकाए हैं. उनका इकॉनमी रेट 6.53 का रहा है.
GURNOOR BRAR IN ODI CRICKET: Matches - 11. Wickets - 21. Average - 31.19. Strike rate - 28.67. Best - 4/30. Gurnoor Brar - The Future of Indian Cricket. 🌟🇮🇳 https://t.co/IWLAD6pyuy
— Tanuj (@ImTanujSingh) November 7, 2026
अफगानिस्तान के खिलाफ अपने डेब्यू ODI सीरीज में गुरनूर ने 3 मैचों में 7 विकेट चटकाए थे. इसके बाद इंग्लैंड में वो थोड़े महंगे रहे और 3 पारियों में 7.75 की इकॉनमी से रन खर्च करते हुए 4 विकेट हासिल किए. वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्होंने 3 मैचों में 3 विकेट झटके. न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में उन्होंने अब तक दो मैचों में सबसे अधिक 7 विकेट चटकाए हैं. कप्तान शुभमन गिल लगातार उनपर भरोसा भी जता रहे हैं, क्योंकि गुरनूर ने डेब्यू के बाद से एक भी ODI मैच मिस नहीं किया है.
टीम इंडिया के स्टार गेंदबाज मोहम्मद शमी ODI टीम में जगह बनाने के लिए तरस रहे हैं. 50-ओवर वर्ल्ड कप में सबसे अधिक विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज को चयनकर्ता भाव नहीं दे रहे हैं. गुरनूर बरार के हालिया प्रदर्शन से शमी की वापसी और मुश्किल हो गई है. वर्ल्ड कप 2027 के लिए जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह का टिकट लगभग कन्फर्म है. टीम मैनेजमेंट को दो और बैकअप तेज गेंदबाजों की तलाश होगी. इस रेस में फिलहाल अंशुल कंबोज, आकिब नबी, प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज के बीच जंग है.
एक रोचक बात ये भी है कि पिछले वर्ल्ड कप के बाद से स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने अभी तक सिर्फ 2 ODI मुकाबले खेले हैं. वर्क लोड मैनेजमेंट को ध्यान में रखकर उन्हें इस फॉर्मेट से दूर रखने की प्लानिंग है. हालांकि, 2027 विश्व कप में वो टीम इंडिया के अहम हथियार साबित होने वाले हैं.