)
पवन कुमार तिवारी/बलरामपुर: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया. तुलसीपुर से लखनऊ जा रही एक स्विफ्ट डिजायर कार को तेज रफ्तार टैंकर ने जोरदार टक्कर मार दी. इस दर्दनाक हादसे में कार सवार मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मृतक की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई है.हादसे के बाद टैंकर चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया.
कैसे हुआ दर्दनाक हादसा?
संतकबीर नगर के रहने वाले श्यामनारायण (45) अपनी मां कैलासी (60) और पत्नी वंदना (42) के साथ डिजायर कार से तुलसीपुर से लखनऊ की ओर जा रहे थे. जैसे ही उनकी कार नगर कोतवाली क्षेत्र में पहुंची, सामने से आ रहे एक अनियंत्रित टैंकर ने उन्हें भीषण टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसकी आवाज काफी दूर तक सुनाई दी. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की.
बोलेरो भी चपेट में आई
भिड़ंत के दौरान एक बोलेरो गाड़ी भी इसकी चपेट में आ गई, हालांकि गनीमत यह रही कि बोलेरो सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और राहत कार्य
घटना के बाद जुटी भीड़ और स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला. गंभीर रूप से घायल वंदना को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बहराइच अस्पताल रेफर कर दिया गया है.
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
पुलिस ने मां-बेटे के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज जरूरी कारर्वाई में जुट गई.
टैंकर चालक की तलाश
हादसे के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है. हादसा किस वजह से हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है. पुलिस घटनास्थल पर मौजूद लोगों से जानकारी जुटा रही है और हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है. एक ही परिवार के दो लोगों की मौत और एक महिला के गंभीर घायल होने से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. पुलिस चश्मदीदों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है.