App

गर्लफ्रेंड को देखने का शक, फिर पिज्जा शॉप में बरसाए मुक्के: रग्बी कोच ने ग्राहक को किया लहूलुहान; CCTV में कैद हुई पूरी घटना

अर्जेंटीना के कॉर्डोबा शहर में एक पिज्जा शॉप के अंदर मामूली बात को लेकर ऐसा बवाल हुआ कि मामला मारपीट तक पहुंच गया. आरोप है कि अपनी गर्लफ्रेंड को देखने के शक में एक रग्बी कोच ने वहां बैठे ग्राहक पर ताबड़तोड़ मुक्के बरसाने शुरू कर दिए. जब ग्राहक बचने के लिए दूसरे कमरे में गया तो रग्बी कोच वहां भी पहुंच गया. घटना का CCTV वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी को पांच दिन बाद गिरफ्तार कर लिया है.

गर्लफ्रेंड को देखने का शक, फिर पिज्जा शॉप में बरसाए मुक्के: रग्बी कोच ने ग्राहक को किया लहूलुहान; CCTV में कैद हुई पूरी घटना
Image Credit: X- @Santosh_misraa | पिज्जेरिया में रग्बी कोच ने ग्राहक को बेरहमी से पीटा!

कॉर्डोबा की एक पिज्जा शॉप में यह घटना उस वक्त हुई, जब एक शख्स आराम से बैठकर अपने खाने का इंतजार कर रहा था. तभी वहां एक महिला अपने साथी के साथ पहुंची. बताया जा रहा है कि महिला के साथ आए शख्स को लगा कि वहां बैठे ग्राहक ने उसकी गर्लफ्रेंड को गलत नजर से देखा है.

इसी बात को लेकर उसने ग्राहक से सवाल-जवाब शुरू कर दिए. पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई और फिर मामला गाली-गलौज तक पहुंच गया. आरोपी ने ग्राहक को अपशब्द कहे और उससे माफी मांगने के लिए कहा. कुछ देर के लिए लगा कि विवाद खत्म हो गया है, लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने वहां मौजूद लोगों को डरा दिया.

अचानक लौटकर ग्राहक पर बरसाने लगा मुक्के

रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी कुछ देर के लिए वहां से जाने लगा था, लेकिन फिर वापस लौटा और सीधे ग्राहक पर हमला कर दिया. CCTV फुटेज में वह लगातार उसके चेहरे पर मुक्के मारता दिखाई देता है. अचानक हुए हमले से ग्राहक संभल भी नहीं पाया. पीड़ित ने खुद को बचाने के लिए हाथों से चेहरा ढकने की कोशिश की, लेकिन हमलावर नहीं रुका. वह बार-बार उससे माफी मांगने के लिए कह रहा था. ग्राहक का कहना था कि उसने कुछ गलत नहीं किया है. इसके बावजूद मारपीट जारी रही.

दूसरे कमरे में भागा तो वहां भी नहीं छोड़ा

हमले के दौरान पीड़ित बचने के लिए पिज्जा शॉप के पीछे बने एक स्टोर रूम की तरफ चला गया. लेकिन आरोपी उसके पीछे वहां भी पहुंच गया. इसके बाद उसने ग्राहक को नीचे गिरा दिया और फिर मुक्कों के साथ लातें भी मारीं. इस दौरान वह लगातार उससे माफी मांगने की जिद करता रहा. दुकान में लगे CCTV कैमरों में मारपीट की पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई. बाद में यही फुटेज सोशल मीडिया पर सामने आया और तेजी से वायरल होने लगा.

 

 

चेहरे पर आई गंभीर चोट, अस्पताल पहुंचा पीड़ित

इस हमले में ग्राहक के चेहरे पर गंभीर चोटें आईं. उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा. मेडिकल जांच में उसकी बाईं आंख के आसपास की हड्डियों में फ्रैक्चर सामने आया. उसे टांके भी लगाने पड़े और आगे आंखों की जांच कराने की सलाह दी गई. पीड़ित ने बताया कि उसे उम्मीद नहीं थी कि पिज्जा खाने जैसी सामान्य बात के दौरान कोई उस पर इस तरह हमला कर देगा. उसके अनुसार, उसने आरोपी की गर्लफ्रेंड को सामान्य तौर पर देखा था, लेकिन इसी बात को लेकर उसे निशाना बना लिया गया.

पांच दिन बाद पुलिस ने आरोपी को दबोचा

पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो पिज्जा शॉप के CCTV फुटेज और चश्मदीदों के बयान अहम साबित हुए. जांच के बाद आरोपी की पहचान मार्टिन रॉबर्टो डियाज के रूप में हुई. उसकी उम्र 47 साल बताई गई है और वह कॉर्डोबा के एक रग्बी क्लब से कोच के तौर पर जुड़ा हुआ था. घटना के बाद वह वहां से गाड़ी लेकर निकल गया था. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और दूसरे सबूतों के आधार पर उसकी तलाश की और अंत में उसे गिरफ्तार कर लिया. आरोपी पर शुरुआती तौर पर मारपीट और धमकी देने से जुड़ी धाराएं लगाई गई हैं. मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर केस में आरोपों की गंभीरता बदल सकती है.

रग्बी क्लब ने भी जताई नाराजगी

मामला सामने आने के बाद जिस रग्बी क्लब से आरोपी जुड़ा था, उसने भी घटना पर नाराजगी जताई. क्लब की तरफ से जारी बयान में मारपीट की निंदा की गई और पीड़ित के प्रति सहानुभूति जताई गई. क्लब ने कहा कि हिंसा खेल से जुड़े सम्मान और आपसी व्यवहार के मूल्यों के खिलाफ है. साथ ही आरोपी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई पर विचार करने की बात कही गई.

CCTV वीडियो देखकर लोग रह गए हैरान

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो देखकर लोग आरोपी के गुस्से और मारपीट के तरीके पर सवाल उठा रहे हैं. कई यूजर्स का कहना है कि किसी को अपनी गर्लफ्रेंड को देखने का शक हो भी जाए तो इसका मतलब यह नहीं कि वह किसी पर इस तरह हमला करने लगे. फिलहाल मामला पुलिस और कोर्ट की प्रक्रिया के तहत है. लेकिन इस घटना ने एक बार फिर दिखा दिया कि छोटी सी गलतफहमी भी गुस्से में बदल जाए तो किसी की जान और सेहत के लिए बड़ा खतरा बन सकती है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Santosh Kumar Mishra

Santosh Kumar Mishra

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More