App

यूरोप में पैसा बहुत पर अंदर से बेचैन हैं लोग: उत्तराखंड के गांव में सुकून तलाश रही जर्मन व्लॉगर; मेहमाननवाजी पर हुई फिदा

जर्मनी की आरामदायक जिंदगी छोड़कर उत्तराखंड के हिमालयी गांवों में रहने पहुंचीं कंटेंट क्रिएटर जोहाना डेहनिंग का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में है. वह अपने वीडियो में पहाड़ों की सादगी, लोगों के अपनेपन और वहां के रहन-सहन को दिखाती हैं. उनका कहना है कि पश्चिमी देशों में लोगों के पास सुख-सुविधाएं तो बहुत हैं, लेकिन इसके बावजूद कई लोग अकेलापन और बेचैनी महसूस करते हैं.

यूरोप में पैसा बहुत पर अंदर से बेचैन हैं लोग: उत्तराखंड के गांव में सुकून तलाश रही जर्मन व्लॉगर; मेहमाननवाजी पर हुई फिदा
Image Credit: @itsjohannadehning | जर्मनी की जोहाना डेहनिंग को पसंद आई हिमालयी गांवों की जिंदगी।

विदेश में रहने वाले बहुत से लोग भारत घूमने आते हैं. कुछ को यहां की संस्कृति और खानपान पसंद आता है तो कुछ को यहां के लोगों का अपनापन अच्छा लगता है. लेकिन जर्मनी की जोहाना डेहनिंग का भारत से जुड़ाव कुछ अलग ही है. वह यहां सिर्फ घूमने नहीं आईं, बल्कि हिमालय के पहाड़ों के बीच बसे गांवों में रहने लगीं.

जोहाना एक यूट्यूबर और कंटेंट क्रिएटर हैं. इंस्टाग्राम पर उनके करीब 57 हजार फॉलोअर्स हैं. वह उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों से जुड़े वीडियो शेयर करती रहती हैं. उनके वीडियो में कभी पहाड़ों की खूबसूरत वादियां दिखाई देती हैं तो कभी गांव के लोग, उनके घर और रोजमर्रा की जिंदगी.

'पहाड़ी गांव विदेशियों के लिए खतरनाक हैं'

जोहाना ने एक वीडियो में पहाड़ी गांवों को विदेशियों के लिए मजाकिया अंदाज में 'खतरनाक' बताया. हालांकि, उनकी इस बात का मतलब किसी तरह का खतरा नहीं, बल्कि वहां के लोगों का जरूरत से ज्यादा अपनापन है. उन्होंने बताया कि वह जहां भी जाती हैं, लोग उन्हें एक कप गर्म चाय पीने के लिए जरूर बुलाते हैं. कई बार चाय में इतनी चीनी डाल दी जाती है कि उन्हें अपना ब्लड शुगर बढ़ने की चिंता होने लगती है. इसके बाद भी लोगों का प्यार कम नहीं होता. जोहाना के अनुसार, गांव के लोग कभी अपने बगीचे से ताजी सब्जियां तोड़कर उनके लिए खाना बना देते हैं. खास बात यह है कि वे इसके बदले उनसे कुछ पाने की उम्मीद भी नहीं रखते. उनके लिए मेहमान को खाना खिलाना और उसका ख्याल रखना रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा है.

 

 

छोटे घरों में रहते हैं, फिर भी खुशहाल हैं लोग

हिमालयी गांवों की जिंदगी को लेकर जोहाना ने एक और वीडियो में अपनी सोच शेयर की. उन्होंने कहा कि आज की दुनिया में पैसों और मॉडर्न सुख-सुविधाओं को ही अमीरी का पैमाना मान लिया गया है. इस नजरिए से देखें तो पहाड़ों में रहने वाले कई लोग गरीब नजर आ सकते हैं. उनके घर छोटे हैं और उनके पास बहुत ज्यादा सामान भी नहीं है. लेकिन जोहाना का सवाल है कि अगर उनके पास इतना कुछ नहीं है तो वे इतने खुश कैसे रहते हैं? उन्होंने बताया कि पहाड़ों में रहने वाले लोगों के पास ऐसी कई चीजें हैं, जिन्हें आज की दुनिया में लोग अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं.

अपने बगीचे का खाना और ताजा पानी

जोहाना ने पहाड़ी जीवन की खासियत बताते हुए कहा कि यहां कई परिवार अपने बगीचों में सब्जियां और खाने-पीने की दूसरी चीजें उगाते हैं. उन्हें ताजा खाना मिलता है. पहाड़ों के झरनों का पानी, गाय का दूध और घर में बना खाना उनकी डेली रूटीन का अहम हिस्सा है. इसके अलावा, गांवों में लोगों के बीच आपसी जुड़ाव भी उन्हें खास लगता है. जरूरत पड़ने पर पड़ोसी एक-दूसरे के काम आते हैं. किसी के घर में परेशानी हो तो आसपास के लोग मदद के लिए पहुंच जाते हैं. जोहाना ने कहा कि वहां के लोग मिल-जुलकर जिस तरह का अपनापन दिखाते हैं, वह किसी दौलत से कम नहीं है.

पश्चिमी देशों में सुविधाएं, फिर भी अकेलापन

जोहाना ने पश्चिमी देशों की जिंदगी पर भी अपनी राय रखी. उनका कहना है कि आज के दौर में अमीरी को ज्यादातर पैसे, महंगे सामान और दूसरी सुविधाओं से जोड़कर देखा जाता है. लेकिन इस सोच में खुशी, सेहत और रिश्तों जैसी जरूरी चीजें पीछे छूट जाती हैं. उन्होंने कहा कि विकसित देशों, खासकर पश्चिमी देशों में कई लोग बाहर से देखने पर खुशहाल नजर आते हैं. उनके पास अच्छी नौकरी, घर और तमाम सुविधाएं होती हैं. इसके बावजूद वे अंदर से बेचैन, अकेला या डिप्रेशन महसूस कर सकते हैं. जोहाना की बात का सीधा मतलब यही है कि जिंदगी में सिर्फ पैसा और सुविधाएं होना ही काफी नहीं है. अपने आसपास के लोगों से जुड़ाव और मन का सुकून भी जरूरी है.

 

 

लकड़ी के चूल्हे की चाय और घर का खाना है पसंद

जोहाना के एक दूसरे वीडियो में पहाड़ी घर का बेहद सादा लेकिन खूबसूरत नजारा दिखाई देता है. वह लकड़ी के चूल्हे पर बनी चाय पीती नजर आती हैं. साथ में उन्हें घर की बनी रोटी, घी और शहद का स्वाद लेते भी देखा जा सकता है. इस वीडियो के साथ उन्होंने दिवाली के असली मायने बताते हुए लिखा कि उनके लिए त्योहार का मतलब गर्माहट, सुकून, अच्छा खाना, चाय की चुस्की और अलाव के आसपास बैठना है. उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी पूछा कि आखिर स्टारबक्स कौन जाता है? जोहाना ने लोगों को बड़ी और महंगी जगहों के बजाय छोटी स्थानीय चाय की दुकानों को सपोर्ट करने की सलाह भी दी. उनके अनुसार, ऐसी जगहों पर सिर्फ चाय नहीं मिलती, बल्कि वहां के लोगों और स्थानीय जिंदगी को करीब से जानने का मौका भी मिलता है.

सादगी में खुशी तलाश रही हैं जोहाना

जोहाना के वीडियो इसलिए लोगों का ध्यान खींच रहे हैं, क्योंकि वह पहाड़ों को सिर्फ घूमने की जगह के तौर पर नहीं दिखातीं. उनकी नजर वहां के लोगों की आदतों, रिश्तों और रोजमर्रा की छोटी-छोटी खुशियों पर भी रहती है. उनकी बातें एक सवाल जरूर छोड़ जाती हैं कि क्या बेहतर जिंदगी का मतलब सिर्फ ज्यादा पैसा और सुविधाएं हैं? या फिर अपनों का साथ, ताजा खाना, सुकून और एक-दूसरे के लिए समय निकालना भी उतना ही जरूरी है. जोहाना को हिमालय के गांवों में शायद इसी सवाल का जवाब मिलता दिखाई देता है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Santosh Kumar Mishra

Santosh Kumar Mishra

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More