App

धनबाद में रेलवे टिकटों की कालाबाजारी का बड़ा खुलासा, युवक के पास से 1.74 लाख के 31 रेल टिकट मिले, गिरफ्तार

गिरिडीह के मधुबन में एक धर्मशाला के कमरे में रेलवे टिकटों की कालाबाजारी का खेल चल रहा था. सीआईबी धनबाद और रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट गोमो की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर इसका खुलासा किया. साथ ही मौके से एक युवक को भी गिरफ्तार किया है.

धनबाद में रेलवे टिकटों की कालाबाजारी का बड़ा खुलासा, युवक के पास से 1.74 लाख के 31 रेल टिकट मिले, गिरफ्तार
Image Credit: धनबाद में रेलवे टिकटों की कालाबाजारी का बड़ा खुलासा, मुंबई का तस्कर गिरफ्तार (Z News)

रेलवे टिकटों की कालाबाजारी (Train Ticket Black Marketing) के खिलाफ रेलवे सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई की है. गिरिडीह के मधुबन में एक धर्मशाला के कमरे में छापेमारी कर मुंबई के एक युवक को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी के पास से 1 लाख 74 हजार 630 रुपये मूल्य के 31 भविष्य के रेल टिकट बरामद किए गए हैं. इन टिकटों पर कुल 117 यात्रियों का सफर प्रस्तावित था. पूछताछ में आरोपी ने जरूरतमंद यात्रियों को टिकट उपलब्ध कराने के नाम पर प्रति टिकट 2 से 3 हजार रुपये अतिरिक्त वसूलने की बात स्वीकार की है.

मधुबन धर्मशाला के कमरे में चल रहा था अवैध टिकटों का खेल

दरअसल, गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार को सीआईबी धनबाद और रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट गोमो की संयुक्त टीम ने स्थानीय मधुबन थाना पुलिस के सहयोग से सिद्धायतन चैरिटेबल स्पिरिचुअल होम धर्मशाला में छापेमारी की. धर्मशाला के कमरा नंबर 226 की तलाशी के दौरान टिकटों की कालाबाजारी का खुलासा हुआ.

महंगे दामों पर टिकट बेचने वाला मुंबई का युवक गिरफ्तार

वहीं, मौके से महाराष्ट्र के मुंबई स्थित मालाड पश्चिम निवासी 33 वर्षीय भाविक जसवंत राय सूचक को गिरफ्तार किया गया. तलाशी के दौरान उसके पास से पिछले तीन दिनों में मधुबन रेलवे काउंटर से कटवाए गए 31 भविष्य के रेल टिकट मिले. इनकी कुल कीमत 1 लाख 74 हजार 630 रुपये है.

दो इस्तेमाल किए हुए टच स्क्रीन मोबाइल फोन और 6 हजार 900 रुपये नकद भी जब्त 

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी जरूरतमंद यात्रियों को टिकट उपलब्ध कराने के नाम पर प्रति टिकट 2 से 3 हजार रुपये तक अतिरिक्त वसूल रहा था. कार्रवाई के दौरान टीम ने दो इस्तेमाल किए हुए टच स्क्रीन मोबाइल फोन और 6 हजार 900 रुपये नकद भी जब्त किए.

आरोपी के खिलाफ रेल अधिनियम की धारा 143 के तहत कार्रवाई की गई

इस मामले में रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट गोमो में 12 नवंबर 2026 को कांड संख्या 789/26 दर्ज किया गया है. आरोपी के खिलाफ रेल अधिनियम की धारा 143 के तहत कार्रवाई की गई है. फिलहाल, रेलवे सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं और टिकटों की कालाबाजारी में शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है.

रिपोर्ट: नितेश मिश्रा

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More