)
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के सामाजिक परिवर्तन मोर्चे के गठन के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. अब डॉ. रोहिणी घावरी ने इस गठबंधन पर सवाल उठाते हुए दोनों नेताओं को निशाने पर लिया है. उन्होंने दावा किया कि यह मोर्चा आगामी चुनाव में एक भी सीट नहीं जीत पाएगा. रोहिणी ने ओवैसी के पुराने बयानों का हवाला देते हुए ऐसा तंज कसा, जिस पर नई राजनीतिक बहस छिड़ गई है.
डॉ. रोहिणी घावरी ने कहा कि ओवैसी पहले सवाल उठाते थे कि 'अब्दुल मुख्यमंत्री कब बनेगा और आखिर कब तक दरी बिछाता रहेगा।' लेकिन अब उन्होंने खुद एक दलित नेता को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित कर दिया है. रोहिणी ने तंज कसते हुए कहा कि अब अब्दुल दलितों के पीछे जाकर दरी बिछाएगा. उन्होंने इस गठबंधन को दलितों और मुसलमानों को राजनीतिक रूप से गुमराह करने की कोशिश बताया. रोहिणी ने ओवैसी और चंद्रशेखर को भाजपा की बी टीम भी बताया.
रोहिणी ने दिल्ली, बिहार और उत्तर प्रदेश में हुए गठबंधनों का हवाला देते हुए कहा कि इन जगहों पर भी उन्हें कोई खास सफलता नहीं मिली.उन्होंने सामाजिक परिवर्तन मोर्चे को चुनौती देते हुए कहा कि अगर यह गठबंधन एक भी सीट जीत जाता है, तो वह उसकी हर शर्त मानने को तैयार हैं. उन्होंने ओवैसी और चंद्रशेखर पर निशाना साधते हुए दोनों को भाजपा की बी टीम भी बताया.
डॉ. रोहिणी घावरी स्विट्जरलैंड से डॉक्टरेट की पढ़ाई कर चुकी हैं. वह दलित अधिकारों और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रहती हैं. चंद्रशेखर आजाद के साथ उनका विवाद निजी संबंधों को लेकर भी चर्चा में रहा है. रोहिणी का आरोप है कि चंद्रशेखर ने शादी का भरोसा देकर उनका शारीरिक और भावनात्मक शोषण किया.इस मामले में उन्होंने राष्ट्रीय महिला आयोग में शिकायत भी दर्ज कराई है. इसी विवाद के बाद वह लगातार सुर्खियों में रही हैं.