App

पति को छूने भी नहीं देती थी पत्नी, साढू के पास लेकर पहुंचा शिकायत, तो उसने लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी, बेगूसराय की हैरान करने वाली घटना

बेगूसराय में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जिले में पारिवारिक कलह की वजह से एक युवक की जान चली गई. दरअसल, पत्नी से विवाद सुलझाने गए युवक की साढू ने उसकी निर्मम पिटाई कर दी, जिसके बाद इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई.

पति को छूने भी नहीं देती थी पत्नी, साढू के पास लेकर पहुंचा शिकायत, तो उसने लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी, बेगूसराय की हैरान करने वाली घटना
Image Credit: साढू ने लाठी-डंडों से पीटकर की साढू की हत्या, पुलिस जांच में जुटी (Z News)

बेगूसराय में पति-पत्नी समेत कई रिश्तों को कलंकित करने की घटना सामने आई है. घटना परिहारा थाना क्षेत्र के परिहारा गांव की है. बताया जा रहा है कि रिश्ते में चचेरे भाई और ससुराल के रिश्ते से साढू ने ही अपने साढू की इतनी जमकर पिटाई की कि उसकी मौत हो गई. फिलहाल, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और जांच में जुट गई है. क्या है पूरा मामला? आइए जानते हैं इस आर्टिकल में.

दरसअल, पूरा मामला परिहारा थाना क्षेत्र के परिहारा गांव से शुरू होता है. बताया जा रहा है कि परिहारा निवासी अभय कुमार उर्फ विशाल की शादी 5 महीने पूर्व एफसीआई थाना क्षेत्र के मल्हीपुर निवासी नंदनी कुमारी से हुई थी. शादी के बाद से ही रिश्तों में खटास देखने को मिल रही थी. बताया जा रहा है कि नंदनी कुमारी ने अपने पति अभय कुमार को कभी भी पति का दर्जा नहीं दिया और न ही पति-पत्नी के बीच कभी समरसता रही.

मिली जानकारी के अनुसार, नंदनी कुमारी ने शादी के बाद से ही पति को अलग रहने की हिदायत दी थी. इसके बाद मृतक के परिजनों ने अपने पड़ोसी और रिश्ते में चचेरे भाई प्रवीण चौधरी से इसकी शिकायत की. ध्यान दीजिएगा कि प्रवीण चौधरी की पूर्व में ही नंदनी कुमारी की बड़ी बहन से शादी हो चुकी थी और वह रिश्ते में अभय कुमार का साढू लगता था. मगर, परिजनों की शिकायत के बाद भी प्रवीण चौधरी ने उल्टे अभय कुमार के परिवार को ही डांट-डपट कर भगा दिया था.

इसी बात की शिकायत को लेकर जब अभय कुमार, प्रवीण चौधरी के घर पहुंचा, तो 9 नवंबर को प्रवीण चौधरी और उसके परिवार के सदस्यों ने अभय कुमार की लाठी-डंडों और अन्य धारदार हथियारों से जमकर पिटाई कर दी. बाद में परिजनों ने बखरी पीएचसी में अभय कुमार को भर्ती करवाया, जहां से अभय कुमार की स्थिति को देखते हुए उसे सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया, लेकिन यहां भी सुधार नहीं होने पर कई नर्सिंग होम में इलाज के बाद उसे पटना में भर्ती कराया गया. जब वहां भी सुधार देखने को नहीं मिला, तो पुनः उसे बेगूसराय सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां आने के साथ ही अभय कुमार की मौत हो गई.

फिलहाल, परिजनों ने मृतक अभय कुमार के चचेरे भाई प्रवीण कुमार चौधरी समेत अन्य लोगों पर पीट-पीटकर हत्या का आरोप लगाया है. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है.

रिपोर्ट: जितेंद्र चौधरी

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More