App

बेगूसराय में दारोगा पर जानलेवा हमला, बचाओ-बचाओ चिल्लाते रहे, भीड़ देखती रही तमाशा, फिर बदमाशों से अकेले भिड़े सुमित कुमार

बेगूसराय में दारोगा पर अपराधियों ने जानलेवा हमला कर दिया. इस दौरान वह ग्रामीणों से खुद को बचाने की आवाज लगा रहे थे. वह लोगों से मदद मांग रहे थे, लेकिन किसी ने बचाने की कोशिश नहीं की. भीड़ केवल तमाशा देखते रही. इसके बाद दारोगा सुमित कुमार बदमाशों से अकेले भिड़ गए.

बेगूसराय में दारोगा पर जानलेवा हमला, बचाओ-बचाओ चिल्लाते रहे, भीड़ देखती रही तमाशा, फिर बदमाशों से अकेले भिड़े सुमित कुमार
Image Credit: भगवानपुर में दारोगा पर हमला, हथियार छीनकर भागे, एक आरोपी गिरफ्तार (Photo- वीडियो ग्रैब)

बेगूसराय में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब पुलिस पदाधिकारी भी सुरक्षित नहीं हैं. ताजा मामला भगवानपुर थाना क्षेत्र के पासोपुर गांव से सामने आया है, जहां गुरुवार की शाम निजी वाहन से थाना लौट रहे दारोगा सुमित कुमार पर हथियारबंद बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया.

दारोगा ने अकेले ही बदमाशों का मुकाबला किया, लेकिन एक भाग गया

इस दौरान दारोगा ने साहस दिखाते हुए अकेले ही बदमाशों का मुकाबला किया और एक आरोपी से अवैध हथियार छीनकर अपने कब्जे में ले लिया,  लेकिन इसी बीच दूसरे बदमाश ने लाठी से उन पर हमला कर दिया और छीना हुआ हथियार लेकर मौके से फरार हो गया.

दारोगा सुमित कुमार लगातार ग्रामीणों से मदद की गुहार लगाते रहे

बताया जा रहा है कि घटना के दौरान आसपास कई ग्रामीण मौजूद थे. दारोगा सुमित कुमार लगातार ग्रामीणों से मदद की गुहार लगाते रहे, लेकिन किसी ने भी आगे बढ़कर उनकी मदद नहीं की. ग्रामीणों के इस रवैये को लेकर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं.

गिरफ्तार आरोपी की पहचान पासोपुर गांव के वार्ड संख्या-10 निवासी

वहीं, घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान पासोपुर गांव के वार्ड संख्या-10 निवासी स्वर्गीय सूरज साह के पुत्र भरत कुमार के रूप में हुई है. वहीं, इस मामले में भरत कुमार के बड़े भाई धर्मेंद्र कुमार उर्फ धारो पर दारोगा से छीना गया अवैध हथियार लेकर फरार होने का आरोप है.

छीने गए अवैध हथियार की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही पुलिस

इधर, शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे थानाध्यक्ष ऋषिकांत कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. फरार आरोपी की गिरफ्तारी और छीने गए अवैध हथियार की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. इस घटना के बाद से पासोपुर गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है.

आरोपी के परिजन घर में ताला बंद कर फरार हो गए

बताया जा रहा है कि आरोपी के परिजन घर में ताला बंद कर फरार हो गए हैं. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.

रिपोर्ट: जितेंद्र चौधरी

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More