)
दरभंगा जिले के सकतपुर में ASI को गोली लगने के मामले में पुलिस ने बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा किया है. जिस घटना को शुरुआत में अज्ञात अपराधियों की ओर से गोली मारने का मामला बताया गया था, पुलिस की जांच में वह कहानी गलत निकली है. जांच में सामने आया है कि ASI रणधीर कुमार को किसी अपराधी ने नहीं, बल्कि अपनी ही अवैध पिस्टल से अचानक गोली लगी थी. गोली उनके बाएं पैर में घुटने के नीचे आर-पार हो गई थी और पुलिस वाहन के गेट में जाकर फंस गई थी.
इस मामले में तथ्यों को छिपाने और अवैध हथियार रखने के आरोप में ASI रणधीर कुमार समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है. वहीं, दो होमगार्ड जवानों के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई की अनुशंसा की गई है. पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से वाहन के गेट में फंसी गोली बरामद की है, जबकि थाना परिसर में छिपाकर रखा गया अवैध देसी कट्टा भी जब्त किया गया है.
एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि तकनीकी साक्ष्य, CCTV फुटेज, टावर लोकेशन, पुलिस वाहन की GPS लोकेशन और पूछताछ के आधार पर घटना की वास्तविक सच्चाई सामने आई है. फिलहाल, ASI रणधीर कुमार डीएमसीएच में इलाजरत हैं और उनकी गिरफ्तारी की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है. वहीं, गश्ती दल में शामिल अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
बता दें कि 5 नवंबर को ASI रणधीर कुमार पुलिस टीम के साथ गस्ती के लिए उजान गांव की ओर निकले थे. इसी दौरान एक बगीचे के पास अचानक गोली चली गई. मिली जानकारी के अनुसार, गोली बाएं पैर में घुटने के नीचे लगी थी और आर-पार हो गई थी. उस दौरान गोली किसने चलाई और किस दिशा से आई, ये सब जांच का विषय था. वहीं, गोली लगने के बाद उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) के इमरजेंसी वार्ड में एडमिट कराया गया था. फिलहाल, अब पुलिस ने एक्शन लेते हुए सस्पेंड किया है.
रिपोर्ट: मुकेश कुमार, दरभंगा