)
छठ महापर्व नहाय-खाय के साथ आज से यानी 13 नवंबर से शुरू हो गया है. इस दिन व्रत स्नान आदि कर सात्विक भोजन किया जाता है और फिर छठ पूजा के व्रत का संकल्प किया जाता है. इस पर्व पर सूर्य देव और छठी मैया की पूजा की जाती है और संतान की लंबी आयु और अच्छे स्वास्थ्य की प्रार्थना की जाती है. जब भी छठ पूजा का पर्व आता है एक सवाल मन में जरूर उठता है कि आखिर छठी मैया कौन हैं और इनका भगवान कार्तिकेय, भगवान ब्रह्मा और सूर्य देव से क्या संबंध है. आइए इस बारे में विस्तार से जानें.
पौराणिक मान्यता है कि छठी मैया को षष्ठी देवी के रूप में पूजा जाता है जिनका एक और नाम देवसेना भी है. देवी भागवत पुराण की मानें तो छठी माता शिवजी और पार्वती जी के पुत्र भगवान कार्तिकेय की पत्नी हैं. देवताओं के सेनापति और युद्ध के देवता भगवान कार्तिकेय हैं. ऐसी धार्मिक मान्यता है कि देवसेना मातृशक्ति हैं जो संतान की रक्षा करती हैं और इनकी आराधना करने से संतान की आयु लंबी होती है और स्वास्थ्य अच्छा रहता है, माता छठी सुखी जीवन का आशीर्वाद भी देती हैं.
शास्त्रों के अनुसार छठी मैया सृष्टि के रचयिता भगवान ब्रह्मा की मानस पुत्री हैं. मार्कंडेय पुराण और ब्रह्मवैवर्त पुराण की मानें तो सृष्टि की रचना जब हो रही थी तब प्रकृति देवी ने अपने आपको छह भागों में बांटा. प्रकृति के छठे अंश को 'षष्ठी देवी' कहा गया. जिनकी पूजा छठी मैया के रूप में की जाती है. बच्चों के जन्म के छठे दिन भी इन्हीं षष्ठी देवी की उपासना की जाती है.
छठ पूजा में भक्त सूर्य देव व छठी मैया की पूजा करते हैं. ऐसे में मन में एक सवाल यह भी उठता है कि आखिर सूर्य देव और छठी मैया के बीच क्या संबंध है. ध्यान दें, बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश की लोक प्रथाओं में इन दोनों को भाई-बहन के रूप में पूजा जाता है. कार्तिक शुक्ल षष्ठी के दिन जब भक्त सूर्य देव की बहन छठी मैया की पूजा करते हैं तो सूर्य देव प्रसन्न होकर भक्तों के जीवन से हर अंधकार को दूर करते हैं.
(डिस्क्लेमर: यह लेख धार्मिक मान्यताओं, परंपराओं और सामान्य जानकारी पर आधारित है. इसका उद्देश्य सिर्फ जानकारी देना है, किसी मान्यता को थोपना नहीं है। उपाय श्रद्धा और सुविधा अनुसार अपनाएं.)