App

बंगाल की खाड़ी से फिर उठेगा चक्रवाती तूफान, तमिलनाडु समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट, मछुआरों की बढ़ी टेंशन

बंगाल की खाड़ी से एक और तूफान उठने की संभावना है, जो तमिलनाडु के तटीय इलाकों में तबाही मचा सकता है. ऐसे में आईएमडी ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है.

बंगाल की खाड़ी से फिर उठेगा चक्रवाती तूफान, तमिलनाडु समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट, मछुआरों की बढ़ी टेंशन
Image Credit: बंगाल की खाड़ी से फिर उठा चक्रवात. (फोटो- एआई)

हाल में ही चक्रवाती तूफान अर्नब और मुरासु ने आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों में कहर बरपाया था. तूफान अर्नब का असर दिल्ली एनसीआर तक देखने को मिला. इस बीच बंगाल की खाड़ी में एक और तूफान का खतरा मंडरा रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया कि आने वाले कुछ घंटे में दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक नया कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है. माना जा रहा है कि आगामी 15 नवंबर तक इसके तीव्र होने की संभावना है.

मौसम विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बनने वाला यह कम दबाव का क्षेत्र चक्रवाती तूफान में भी बदल सकता है. अगर ऐसा होगा, तो इसको 'अकवान' के नाम से जाना जाएगा. ईरान ने इस तूफान का नाम दिया है. माना जा रहा है तूफान में तब्दील होने और इसके तीव्र होने के बाद यह श्रीलंका की ओर बढ़ेगा. ऐसे में तमिलनाडु में इसका गहरा असर देखने को मिल सता है. इस तूफान की संभावना को देखते हुए तमिलनाडु के तटीय इलाकों में मछुआरों समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है.

कई राज्यों में भारी बारिश के आसार

आईएमडी के हालिया बुलेटिन के अनुसार, 13 और 14 नवंबर को तमिलनाडु के तटीय इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. इसके अलावा 15 और 16 नवंबर को तिरुनेलवेली और कन्याकुमारी जिलों के घाट क्षेत्रों के साथ-साथ दक्षिण तमिलनाडु और डेल्टा जिलों में बारिश देखने को मिल सकती है.

ऐसे में मौसम विभाग ने इस दौरान समुद्र की स्थिति बेहद खराब होने की संभावना को देखते हुए मछुआरों को 15 और 16 नवंबर को समुद्र में न जाने की सलाह दी है. इसके साथ ही जो मछुआरे पहले से गहरे समुद्र में हैं, उनको जल्द से जल्द वापस तट पर लौटने को कहा गया है.

मछुआरों की आजीविका पर असर

रिपोर्ट्स के अनुसार, तूफान को देखते हुए मछुआरों पर पर लगी रोक का असर सीधे उनकी आजीविका पर दिखने लगा है. वेम्बार से लेकर पेरियाथाझाई तक के तटीय गांवों में मछली पकड़ने का काम पूरी तरह से ठप हो गया है. तूतीकोरिन फिशिंग हार्बर और तट के किनारे 270 से अधिक मशीनीकृत नावें, 2,000 पारंपरिक नावें और 5,000 फाइबर नावें खड़ी हैं.

बता दें कि मछली पकड़ने पर यह सख्त रोक हाल ही में आए 'चक्रवात मुरासु' के बाद लगाई गई है. उस दौरान चेन्नई के कासिमेडु के नौ मछुआरों की जान चली गई थी, जब उनकी नाव पलट गई थी. 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

abhinav tripathi

abhinav tripathi

अभिनव त्रिपाठी जी न्यूज हिंदी में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं।  पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 साल से अधिक समय का अनुभव रखते हैं। डेस्क पर रियल टाइम की देश-विदेश की खबरों को कवर करते हैं। राष्ट्रीय राजनीति और अंतरराष्ट्रीय खबरों को लिखना पसंद है। वैश्विक घटनाक्रम के किसी भी जटिल मुद्दे को आसान भाषा में समझाना अच्छी तरीके से आता है। इससे पहले जागरण डॉट कॉम के साथ सब एडिटर के तौर पर काम कर चुके हैं।  करियर की शुरुआत एक सैटेलाइट चैनल से की थी। पत्रकारिता की पढ़ाई काशी विद्यापीठ वाराणसी से की है। 
Read More