)
भोपाल के ऐशबाग इलाके में हाउसिंग बोर्ड के लगभग 40 साल पुराने जर्जर जनता क्वार्टरों को तोड़ने की तैयारी चल रही है. वहीं शनिवार यानी 14 नवंबर से इस पर कार्रवाई भी होनी है. इसको लेकर करीब 600 परिवारों की चिंता बढ़ गई है. नगर निगम की तरफ से भी कार्रवाई को लेकर एक बड़ा सा नोटिस बोर्ड लगा दिया गया है. लोगों का कहना है कि अगर उनके मकान टूट गए तो वे अपने बच्चों और परिवार को लेकर कहां जाएंगे? उनकी इतनी आमदनी भी नहीं है कि कहीं किराए का मकान लेकर रह सकें.
घरों को तोड़े जाने का नोटिस मिलने के बाद से ही महिलाओं को बेघर होने का डर सताने लगा. इसी वजह से पांच महिलाओं ने आत्महत्या करने की कोशिश की. इससे 2 दिन पहले एक महिला ने फांसी के फंदे पर झूलने वाली थी. लेकिन पड़ोसियों की सूझबूझ के चलते घर का गेट तोड़कर जान बचाई गई.
वहीं चार महिलाओं ने कल जहर पी लिया था, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. इनमें से एक महिला ने ZEE MEDIA की टीम को बताया कि उन्हें घर से बेघर कर दिया जाएगा तो वह अपने बच्चों को लेकर कहां जाएंगे? इसी बात के डर के चलते वह मौत को गले लगाने की कोशिश कर रही हैं.
क्वार्टरों में रह रहे परिवारों का कहना है कि अचानक नोटिस चस्पा कर मकान खाली करने को कह दिया गया है. उन्हें संभलने तक का मौका नहीं दिया गया है. लोगों का मांग है कि मकान खाली कराने से पहले कम से कम 6 महीने का समय दिया जाए और घर के बदले में घर दिया जाए. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उनके पास मकानों से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेज भी मौजूद हैं. ऐसे में उन्हें बिना रहने की दूसरी व्यवस्था किए बेघर नहीं किया जाना चाहिए.
ये भी पढ़ेंः रसगुल्ला है खा ले... कहकर थमा दिया बम, मुंह में चबाते ही जोरदार धमाका; उड़े मुंह के चिथड़े, हुई दर्दनाक मौत
मामले में कांग्रेस के पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल ने भी परिवारों का समर्थन किया है. उन्होंने कहा कि जिन मकानों को तोड़ा जा रहा है, वहां रहने वाले लोगों को पहले घर के बदले घर दिया जाना चाहिए. अचानक इस तरह की कार्रवाई करना जनता के साथ अत्याचार है. उनका कहना है कि पहले प्रभावित परिवारों के रहने की व्यवस्था की जाए, उसके बाद ही मकान तोड़ने की कार्रवाई होनी चाहिए.
(रिपोर्टः अनिल नागर, भोपाल)