)
मोतिहारी के चकिया रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब मुजफ्फरपुर से आनंद विहार (दिल्ली) जाने वाली 12557 सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस के इंजन पर एक युवक नंगे पांव बैठा दिखाई दिया. युवक की इस हरकत से रेल परिचालन भी प्रभावित हुआ.
मिली जानकारी के अनुसार, चकिया रेलवे स्टेशन के समपार संख्या 136 पर तैनात आरपीएफ कर्मी अनुरोध कुमार यादव की नजर अचानक ट्रेन के इंजन के ऊपर बैठे युवक पर पड़ी. उन्होंने तत्काल इसकी सूचना चकिया स्टेशन मास्टर श्याम कुमार गुप्ता को दी. सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षा के मद्देनजर सप्लाई लाइन काट दी.
इसके बाद आरपीएफ इंस्पेक्टर राजेश कुमार झा अपने अन्य सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे. आरपीएफ कर्मियों ने स्थानीय लोगों और यात्रियों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित इंजन से नीचे उतारा और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की.
पूछताछ के दौरान युवक की पहचान मुंगेर जिले के असरगंज निवासी गुलशन कुमार के रूप में हुई है. फिलहाल, आरपीएफ युवक से पूछताछ कर रही है और उसके इस तरह ट्रेन के इंजन पर चढ़ने के कारणों का पता लगाने में जुटी है.
दूसरी तरफ बिहार में छठ पूजा को लेकर रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए कमर कस ली है. छठ के दौरान बिहार आने और पूजा के बाद वापस लौटने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए दानापुर रेल मंडल ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी है. रेलवे की ओर से स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है. वहीं, यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ने पर ऑन डिमांड ट्रेन चलाने की भी व्यवस्था की गई है.
दानापुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम अभिनव सिद्धार्थ ने बताया कि छठ महापर्व के दौरान देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बिहार पहुंचते हैं. यात्रियों की सुविधा के लिए अलग-अलग दिशाओं से स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं. वहीं, छठ के बाद यात्रियों की वापसी को देखते हुए भी विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की गई है.
रिपोर्ट: पंकज कुमार