App

4 किस्तें समय पर भरीं, 5वीं में देरी हुई तो खेत पहुंच गए फाइनेंसकर्मी, किसान ने पिया कीटनाशक, EMI पर लिया था ट्रैक्टर

विदिशा में ट्रैक्टर की किस्त जमा करने में देरी होने पर फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी किसान के घर पहुंच गए. परिजनों ने आरोप लगाया है कि कर्मचारियों ने किसान के साथ विवाद किया. इसी विवाद के चलते किसान ने कीटनाशक दवा पी ली. आइए आपको पूरे मामले के बारे में बताते हैं.

4 किस्तें समय पर भरीं, 5वीं में देरी हुई तो खेत पहुंच गए फाइनेंसकर्मी, किसान ने पिया कीटनाशक, EMI पर लिया था ट्रैक्टर
Image Credit: ZEE CREATIVE

मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के गुलाबगंज में ट्रैक्टर की किस्त में देरी का एक गंभीर मामला सामने आया है. आरोप है कि किस्त वसूली के लिए फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी किसान के खेत पर पहुंचे, जहां ट्रैक्टर समेत धान से भरी ट्रॉली साथ ले जाने लगे. इस दौरान काफी विवाद भी हुआ है. इतना ही नहीं किसान ने धक्का मुक्की का भी आरोप लगाया है.

वहीं परिजनों ने आरोप लगाया है कि इसी घटनाक्रम के चलते किसान मलखान सिंह ने घर पहुंचकर कीटनाशक दवा पी ली. हालात बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर उसका इलाज चल रहा है. फिलहाल, किसान की हालत ठीक बताई जा रही है. मामले की जानकारी मिलने पर गुलाबगंज तहसीलदार भी जिला अस्पताल पहुंचे और किसान के बयान दर्ज किए.

गुलाबगंज का है मामला

दरअसल, यह मामला गुलाबगंज इलाके के एक गांव का बताया जा रहा है. यहां रहने वाले मलखान सिंह ने जॉन डियर कंपनी का ट्रैक्टर खरीदा था, जिसका फाइनेंस सुंदरम फाइनेंस कंपनी से कराया गया था. परिजनों ने बताया कि ट्रैक्टर की चार किस्तें जमा की जा चुकी थीं, लेकिन पांचवीं किस्त जमा करने में कुछ देरी हो गई थी.

कंपनी से मांगा था समय

वहीं मलखान सिंह के बड़े भाई समंदर सिंह मीणा का कहना है कि उन्होंने धान की थ्रेसिंग और बिक्री के बाद किस्त जमा करने के लिए फाइनेंस कंपनी से दो दिन का समय मांगा था. उन्होंने आरोप लगाया है कि इसके बावजूद भी कंपनी से जुड़े पांच लोग खेत पर पहुंच गए. उसके बाद उन्होंने ट्रैक्टर के साथ धान से भरी ट्रॉली भी ले जाने लगे.

परिजनों ने लगाए आरोप

मलखान सिंह के बड़े भाई समंदर सिंह कने आरोप लगाया है कि विरोध करने पर फाइनेंसकर्मियों ने धक्का-मुक्की और अभद्रता की. इसके बाद मलखान सिंह गुस्से में घर पहुंचा, जहां एक कीटनाशक दवा रखी थी. उसने उसको पी लिया. परिजनों ने तुरंत ही उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर इलाज किया जा रहा है.

तहसीलदार भी पहुंच गए

इस मामले की जानकारी मिलते ही कलेक्टर के निर्देश पर गुलाबगंज तहसीलदार अरविंद यादव जिला अस्पताल पहुंचे. उन्होंने किसान के बयान दर्ज किए और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. तहसीलदार ने बताया कि शुरुआती जानकारी से पता चला है कि सुंदरम फाइनेंस कंपनी के रिकवरी एजेंट किस्त वसूली के लिए किसान के पास पहुंचे थे. इसी दौरान हुए घटनाक्रम के बाद किसान ने कीटनाशक दवा पी ली.

मामले की चल रही जांच

तहसीलदार अरविंद यादव ने आगे बताया कि मामले की जांच की जा रही है. इसके अलावा, किसान के बयान भी दर्ज कर लिए हैं. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि किसानों के हितों को लेकर प्रशासन उनके साथ खड़ा है. मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी.

किसान की हालत ठीक

वहीं जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने भी बताया है कि किसान ने EMI और पैसों से जुड़े विवाद के बाद कीटनाशक पी ली थी. उसके अस्पताल में लाया गया. यहां पर डॉक्टरों की निगरानी इलाज चल रहा है. फिलहाल, कीटनाशक दवा पीने वाले किसान की हालात ठीक बताई जा रही है. 

(रिपोर्टः दीपेश शाह, विदिशा)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Manish Kushawah

Manish Kushawah

मनीष कुशवाह डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, क्राइम, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण (हाइपरलोकल) सरोकारों से जुड़ी खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (NIMC) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद मनीष ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने News18 Hindi (Local18), इंडिया न्यूज़ और जनता टीवी जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.मनीष कुशवाह से आप Manish2.Kumar@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More