)
उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां घाटमपुर उप डाकघर में करोड़ों रुपये के कथित घोटाले से खाताधारकों में हड़कंप मच गया है. लोग अपनी जीवनभर की जमा पूंजी और एफडी (फिक्सड डिपॉजिट) के पैसे डूबने के डर से बदहवास नजर आ रहे हैं. कई खाताधारकों का रो-रोकर बुरा हाल है.
क्या बोले खाताधारक?
कार्यालय पहुंचे भदरस गांव के अवधेश कुमार शुक्ला का कहना है कि उन्होंने 2022 और 2023 में पांच-पांच लाख रुपये की दो एफडी कराई थीं. वहीं, ओमप्रकाश मिश्रा ने अपनी पत्नी के साथ संयुक्त खाते में ढाई लाख रुपये और मकान बेचकर मिले चार लाख रुपये जमा किए थे. इसके अलावा धीरेंद्र ने 30 लाख और राजेंद्र ने 40 लाख रुपये जमा करने की बात कही है.
कैश काउंटर पर जमा किए थे पैसे
खाताधारकों का कहना है कि उन्होंने सारा पैसा सीधे डाकघर के कैश काउंटर पर जमा किया था. उस दौरान कार्यालय में भदरस के शैलेंद्र पांडेय समेत अन्य डाककर्मी मौजूद रहते थे, जो ग्राहकों के खाते खुलवाने और लेनदेन का काम संभालते थे. लोगों ने आधिकारिक मुहर और हस्ताक्षर देखकर इन पर भरोसा किया था. उप डाकघर पहुंचे कई खाताधारक अपनी आपबीती बताते हुए रो पड़े. किसी ने पांच लाख रुपये की दो एफडी कराई थीं, तो किसी ने जीवनभर की कमाई के 30 से 70 लाख रुपये तक जमा किए थे.
खाताधारकों का आरोप है कि सालों की मेहनत से जुटाई गई उनकी कमाई अब गायब हो गई है.
विभाग ने झाड़ा पल्ला, एजेंट को ठहराया जिम्मेदार
जब पीड़ित अपनी रकम निकालने पहुंचे तो डाक विभाग ने उनकी पासबुकों को फर्जी बता दिया. कानपुर मंडल के डाक अधीक्षक रवि कुमार का कहना है कि शैलेंद्र पांडेय विभाग का अधिकृत एजेंट नहीं है. लोगों ने उसके माध्यम से लेन-देन किया था, उसी ने फर्जी मुहर लगी पासबुक दी थीं. हालांकि, विभाग ने लापरवाही बरतने पर उपडाकपाल राकेश मिश्रा और क्लर्क शिवम सचान को निलंबित कर दिया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन सदस्यीय जांच टीम गठित कर दी गई है.
कैसे हुआ घोटाले का पर्दाफाश?
दरअसल, आकांक्षा चौरसिया के पिता जितेंद्र चौरसिया ने 2007 में एजेंट शैलेंद्र पांडेय के जरिए डाकघर में खाता खुलवाया था. 2012 में उनके पिता का निधन हो गया. इसके बाद एजेंट ने खाता मां के नाम ट्रांसफर कराने की बात कही.
2024 में मां की मौत हो गई, जिसके बाद आकांक्षा जमा रकम निकालने डाकघर पहुंचीं, तो पता चला कि माता-पिता के नाम से कोई खाता ही नहीं है. शिकायत करने पर डाक विभाग ने पिछले दिनों उपडाकपाल राकेश मिश्रा और क्लर्क शिवम सचान को निलंबित कर दिया था और जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठिक की.
डाक निदेशक अनुसुइया प्रसाद का कहना है कि मामले की जांच चल रही है. 5-6 और ग्राहकों ने शिकायत की है. इसकी भी जांच शुरू कर दी है. पासबुक जारी होने और उस पर मुहर लगने की भी जांच हो रही है.
(कानपुर से प्रवीण पांडेय की रिपोर्ट)