App

बुलेटप्रूफ जैकेट पार करने वाली गोलियां और लतीफ भट का नेटवर्क... कुलगाम हमले में NIA-SIA का बड़ा खुलासा, PoK से जुड़े हैं साजिश के तार

कुलगाम आतंकी हमले को लतीफ भट के नेटवर्क के जरिए अंजाम दिया गया है. इसका मास्टरमाइंड लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का मुख्य हैंडलर सज्जाद गुल है.

बुलेटप्रूफ जैकेट पार करने वाली गोलियां और लतीफ भट का नेटवर्क... कुलगाम हमले में NIA-SIA का बड़ा खुलासा, PoK से जुड़े हैं साजिश के तार
Image Credit: कुलगाम आतंकी हमले में जांच के दौरान बड़ा खुलासा...

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है. जांच कर रहीं सुरक्षा एजेंसियों के हाथ तीसरे दिन कई बड़े और चौंकाने वाले सुराग लगे हैं. फोरेंसिक और शुरुआती जांच में साफ हो गया है कि इस कायराना हमले की साजिश सीमा पार PoK में बैठे लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के मुख्य हैंडलर सज्जाद गुल ने लतीफ भट के ओवर ग्राउंड वर्कर (OGW) नेटवर्क के जरिए रची थी. यही नहीं, आतंकियों ने सुरक्षाबलों के बुलेटप्रूफ कवच को भेदने वाली खतरनाक 'आर्मर-पियर्सिंग' गोलियों का यूज भी किया.

इस मामले की जांच में नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) और स्टेट इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (SIA) भी जुटी हैं. दोनों एजेंसियों ने घटनास्थल का दौरा कर सबूत जुटाए. वहीं, सेना की 15वीं कोर के GOC ने भी मौके पर पहुंचकर सुरक्षा हालात का जायजा लिया. घटनास्थल से मिले कारतूस के खोल, मोटोरोला फोन और CCTV फुटेज ने आतंकियों के पूरे प्लान को बेनकाब कर दिया है.

जांच में क्या क्या साफ हुआ?

  • फोरेंसिक जांच में साफ हुआ है कि आतंकियों ने 'मेटल-जैकेटेड, आर्मर-पियर्सिंग' गोलियों का इस्तेमाल किया था. ये गोलियां इतनी घातक होती हैं कि सामान्य बुलेटप्रूफ जैकेट (बॉडी आर्मर) को भी आसानी से भेद सकती हैं.
  • मौके से मिले कारतूस के खोल कुलगाम (केलम) में हुई एक पुरानी आतंकी घटना में मिले कारतूसों से मेल खाते हैं.
  • जांच टीम ने घटनास्थल से एक मोटोरोला फोन और एक सिम कार्ड भी बरामद किया है, जिससे अहम सुराग मिलने की उम्मीद है.
  • पुलिस ने कुलगाम, शोपियां और अनंतनाग में करीब 250 लोगों से पूछताछ की है, जिनमें से 3 लोग अभी भी हिरासत में हैं. इन पर शक है कि इन्होंने आतंकियों को लॉजिस्टिक सपोर्ट (रसद और अन्य मदद) मुहैया कराई थी.

पैदल आए थे आतंकी

शुरुआती जानकारी में बताया गया था कि यह हमला बाइक पर सवार होकर किया गया था. हालांकि, बाद की जांच और CCTV फुटेज से साफ हो गया कि हमलावर बाइक से नहीं आए थे. हमलावर करीब 50 मीटर दूर एक दलदली और जंगली इलाके से पैदल चलकर आए थे. उन्होंने AK-47 से अंधाधुंध गोलीबारी की और फिर घनी झाड़ियों का फायदा उठाकर नापुर इलाके की ओर भाग निकले.

कैसे रची गई कुलगाम हमले की साजिश और कौन है लतीफ भट?

शुरुआती जांच में साफ हुआ है कि इस हमले के पीछे लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का हाथ है. सीमा पार बैठे लश्कर के मुख्य हैंडलर सज्जाद गुल ने लतीफ भट को इस हमले का निर्देश दिया था. लतीफ सीधे सज्जाद गुल (उर्फ सज्जाद जट्ट) के संपर्क में रहता है और उसी ने इस वारदात को अंजाम तक पहुंचाया.

कौन है सज्जाद जट्ट?

सज्जाद जट्ट भी मूल रूप से कश्मीरी है, जो फिलहाल पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में छिपा बैठा है. वह एक बड़ा आतंकी हैंडलर है और भारत में UAPA कानून के तहत वांछित (Wanted) घोषित है.

जांच एजेंसियों के मुताबिक, दक्षिण कश्मीर में किसी भी आतंकी घटना को अंजाम देने के लिए सज्जाद हमेशा लतीफ का ही इस्तेमाल करता है. लतीफ भट, लश्कर-ए-तैयबा और हिज्बुल मुजाहिदीन दोनों आतंकी संगठनों के लिए काम करता है. उसका मुख्य काम इन संगठनों के लिए ओवर ग्राउंड वर्कर (OGW) नेटवर्क तैयार करना है. कुलगाम हमले की पूरी साजिश को भी उसने अपने इसी OGW नेटवर्क की मदद से अंजाम दिया.

हमले के बाद पूरी घाटी में हाई अलर्ट

इस आतंकी हमले के बाद घाटी में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है. नियंत्रण रेखा (LoC) से लेकर शहरी इलाकों और जंगलों तक सुरक्षा बढ़ा दी गई है. पूरे जम्मू-कश्मीर में हमलावरों की तलाश तेज कर दी गई है.

सुरक्षा बलों का तलाशी अभियान जारी

आतंकवादियों के हमले के तीसरे दिन भी सुरक्षा बलों ने घाटी भर में सघन तलाशी और कॉम्बिंग ऑपरेशन जारी रखा. सुरक्षा बलों ने नेशनल हाईवे, शहरों, जंगलों और नियंत्रण रेखा के पास अपनी पकड़ मजबूत कर ली है, वाहनों की चेकिंग बढ़ा दी गई है और निगरानी तेज कर दी गई है. इसके लिए अतिरिक्त बैरिकेड्स लगाए गए हैं, बख्तरबंद गाड़ियां तैनात की गई हैं और रात में गश्त बढ़ाई गई है.

घाटी में कितने आतंकी सक्रिय?

खुफिया एजेंसियों के आकलन से पता चलता है कि जम्मू-कश्मीर में विदेशी आतंकवादियों की मौजूदगी बनी हुई है. हालिया रिपोर्टों के अनुसार, इनकी संख्या लगभग 100 या उससे अधिक हो सकती है. कुछ इनपुट से यह भी पता चला है कि सीमा के उस पार, लॉन्च पैड के पास करीब 80 से 100 आतंकवादी मौजूद हैं, जो जम्मू-कश्मीर में घुसने के मौके की तलाश में हैं. ये आकलन बताते हैं कि स्थानीय स्तर पर आतंकवादियों की भर्ती में भारी कमी आने के बावजूद, उनके आका (हैंडलर) अभी भी हमले कराने की साजिश रचने में लगे हुए हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Khalid Hussain

Khalid Hussain

सैयद खालिद हुसैन जम्मू-कश्मीर के एक पुरस्कार विजेता पत्रकार हैं, जिन्हें 24 वर्षों से अधिक का अनुभव है. साल 2014 से 'ज़ी न्यूज़' में चीफ  स्पेशल कोरेस्पोंडेंट के रूप में काम कर रहे हैं.जी मीडिया से पहले हुसैन ने न्यूज़ 18 में नौ साल तक सीनियर कोरेस्पोंडेंट के रूप में काम किया. हुसैन ने अपने करियर की शुरुआत डीडी न्यूज से की थी. हुसैन ने अपनी तालीम श्रीनगर के पब्लिक स्कूल और डीएवी हाई स्कूल से हासिल की. फिर ग्रेजुएशन तक का सफ़र एस.पी हायर सेकेंडरी स्कूल और अमर सिंह कॉलेज से पूरा किया. उसके बाद मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के लिए दिल्ली के सर अरबिंदो इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से पूरी की. इसके अलावा हुसैन लेखक फ़िल्म/ वीडियो कैमरा का स्पेशल कोर्स एफटीआई पुणे से कर चुके हैं.  मुंबई और दिल्ली में कई साल काम करने के बाद 2004 में उन्होंने जम्मू-कश्मीर में काम करना शुरू किया. डीडी न्यूज़, डीडी कश्मीर, BAG फ़िल्म्स में फ्रीलांस काम किया. हुसैन पिछले दो दशक से भी ज्यादा समय से जम्मू-कश्मीर से जुड़े कई मुद्दों को बेहतरीन तरीके से कवर कर रहे हैं. लद्दाख से लेकर मुंबई तक हुसैन भारत के कई शहरों से रिपोर्टिंग कर चुके हैं.
Read More