)
शुक्रवार को कुलगाम हमले का तीसरा दिन है. इस बीच पूरा जम्मू-कश्मीर सुरक्षा इंतजामों को लेकर हाई अलर्ट पर है. कुलगाम के गुनहगारों का संहार करने के लिए भारत की सेना और सुरक्षाबल बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं. जम्मू-कश्मीर पुलिस भी आक्रामक होकर अपनी पड़ताल आगे बढ़ा रही है. इस बीच लश्कर के आतंकवादी लतीफ भट पर एजेंसियों का जो शक गहराया था अब उसके हिसाब से रणनीति बनाकर आतंकवादियों की तलाश में दबिश दी जा रही है. कुलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा के इंतजाम चाक-चौबंद हुए हैं.
आतंकवादियों की तलाश में सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन जारी है. दक्षिण कश्मीर के कई इलाकों में आतंकियों की तलाश में घेराबंदी और धरपकड़ चल रही है.
आमतौर पर देखे जाने वाले तरीकों से अलग, इस बार आतंकवादियों ने मोटरसाइकिल का इस्तेमाल नहीं किया. जांच में सामने आया है कि वो पैदल ही अपने टारगेट तक पहुंचे थे. उन्होंने सुरक्षा बलों की एक चौकी से महज 50 मीटर की दूरी से गोलीबारी की और फिर इलाके के घने और दलदली क्षेत्र का फायदा उठाकर वहां से भाग निकले.
11 नवंबर को कुलगाम के अखरन इलाके में CRPF के जवानों पर हमला हुआ था. इस हमले में तीन जवान घायल हुए थे. इसके बाद सेना, CRPF, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है.
अब तक की जांच में अनुमान लगाया जा रहा है कि कुलगाम हमले के पीछे लश्कर-ए-तैयबा का स्थानीय सदस्य लतीफ भट्ट मुख्य साजिशकर्ता हो सकता है. हालांकि, जांच अभी जारी है.
सूत्रों के मुताबिक, हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियां लतीफ भट से जुड़े नेटवर्क और संभावित ओवरग्राउंड वर्कर्स (OGWs) की भूमिका की भी जांच कर रही हैं. कुछ संदिग्धों से पूछताछ की गई है. एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि हमलावरों को स्थानीय स्तर पर किसी तरह की मदद, ठिकाना या लॉजिस्टिक सपोर्ट तो नहीं मिला था.
Kulgam, Jammu and Kashmir: A search operation to track down those involved in the terror attack on a CRPF jawan has entered its third day, with security forces extending the operation to nearby villages. https://t.co/ctC61uiE3B
— IANS (@ians_india) November 13, 2026
सुरक्षा एजेंसियां हमलावरों की पहचान और उनके नेटवर्क का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले सुराग और स्थानीय इनपुट की जांच कर रही हैं. इस सर्च ऑपरेशन का मकसद हमलावर आतंकवादियों तक पहुंचकर उनके पूरे नेटवर्क का खात्मा करना है.
इसके साथ ही मोबाइल चेकिंग और अचानक की जाने वाली औचक जांच यानी सरप्राइज चेकिंग को भी बढ़ा दिया गया है.
इस बीच, खुफिया एजेंसियों ने खुलासा किया है कि जम्मू-कश्मीर में करीब 119 आतंकवादी सक्रिय हैं, जिनमें से 90% विदेशी हैं. इनमें से 79 आतंकवादी पीर पंजाल के उत्तर में, जबकि 40 दक्षिण में मौजूद हैं. इसके अलावा, लगभग 80-100 प्रशिक्षित आतंकवादी 'लॉन्चिंग पैड' पर सक्रिय हैं और घुसपैठ करने के मौके की तलाश में हैं.