App

काशी में उतरा द्वापर का वृंदावन: 20 फीट ऊंचे कदंब से गंगा में कूदे 'कान्हा', कालिया नाग के फन पर बंसी बजाकर मोहा मन!

काशी के तुलसीघाट पर आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला. यहां भगवान श्रीकृष्ण की कालिया नाग मर्दन लीला का भव्य मंचन किया गया, जिसे देख श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए. घाट जयकारों से गूंज उठा.

काशी में उतरा द्वापर का वृंदावन: 20 फीट ऊंचे कदंब से गंगा में कूदे 'कान्हा', कालिया नाग के फन पर बंसी बजाकर मोहा मन!

धर्म और आस्था की नगरी काशी के ऐतिहासिक तुलसीघाट पर शुक्रवार को अद्भुत और अलौकिक नजारा देखने को मिला. कुछ पलों के लिए ऐसा लगा मानो बाबा विश्वनाथ की यह नगरी कलियुग से निकलकर सीधे भगवान श्रीकृष्ण के द्वापर युग के वृंदावन में बदल गई हो. मौका था काशी के विश्वप्रसिद्ध लक्खा मेला नाग नथैया के आयोजन का, जिसे देखने के लिए घाट की सीढ़ियों से लेकर गंगा की लहरों पर सजी नावों तक हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े.

जयकारों से गूंज उठा घाट
लीला की शुरुआत से ही पूरे तुलसीघाट को वृंदावन और मां गंगा को यमुना के स्वरूप में सजाया गया था. इस साल लीला को जीवंत बनाने के लिए घाट पर करीब 20 फीट ऊंचा कदंब का वृक्ष लगाया गया था, जबकि गंगा की लहरों के बीच 22 फीट लंबे कालिया नाग की प्रतिकृति तैयार की गई थी. शाम के ठीक 4 बजकर 40 मिनट पर जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण का रूप धारण किए बालक ने कदंब की डाल से उफनती गंगा में छलांग लगाई, पूरा घाट 'हर-हर महादेव' और 'जय श्रीकृष्ण' के जयकारों से गूंज उठा.

नजारा देख मंत्रमुग्ध हुए श्रद्धालु
महज कुछ ही पलों में जब बाल कृष्ण गंगा की लहरों के बीच कालिया नाग के फन पर सवार होकर प्रकट हुए और अपनी बांसुरी की मधुर तान छेड़ी, तो वहां मौजूद हर शख्स इस नजारे को देखकर मंत्रमुग्ध हो गया. करीब पांच मिनट तक चली इस दिव्य लीला ने श्रद्धालुओं को भक्ति के सागर में डुबो दिया.

क्या है इसकी मान्यता?
पौराणिक मान्यताओं के मुताबिक, द्वापर युग में यमुना नदी में कालिया नाग के विष की वजह से जल दूषित हो गया था, जिससे ब्रजवासी भयभीत और परेशान थे. तब बाल कृष्ण ने यमुना में कूदकर कालिया नाग का मर्दन किया और ब्रजवासियों को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई थी. इसी पौराणिक प्रसंग को काशी में हर साल नाग नथैया के रूप में साकार किया जाता है.

सैकड़ों साल पुरानी है ये परंपरा
माना जाता है कि करीब 500 वर्षों से अधिक पुरानी इस गौरवशाली परंपरा की शुरुआत गोस्वामी तुलसीदास ने की है. यह आयोजन तुलसीघाट पर चलने वाली 22 दिवसीय पारंपरिक कृष्णलीला का सबसे प्रमुख और आकर्षक हिस्सा है. इस मंचन में काशी के नाविक समाज की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है. वे सुरक्षा से लेकर नावों के संचालन तक व्यवस्था संभालते हैं. नाग नथैया का यह आयोजन न केवल भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं की याद दिलाता है, बल्कि काशी की समृद्ध सांस्कृतिक, धार्मिक और लोक परंपराओं की जीवंत विरासत को भी दर्शाता है.

(वाराणसी से जय पाल की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Pooja Singh

Pooja Singh

पूजा सिंह डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली से ताल्लुक रखने वाली पूजा को मीडिया जगत में 5 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.पूजा के पास डेस्क एडिटिंग का व्यावहारिक अनुभव है.  स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ चैनल टीवी 9 डिजिटल और न्यूज नेशन में काम करने का अनुभव है. पूजा ने भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है.पूजा सिंह से आप pooja.singh@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप पूजा से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More