App

संभल की 24 कोसीय परिक्रमा में आस्था का महाकुंभ: बुलडोजर से बरसे फूल, 5 लाख श्रद्धालुओं के लिए अभेद्य सुरक्षा घेरा

संभल में 24 कोसीय तीर्थ परिक्रमा शुरू हो गई है. शुक्रवार सुबह बेनीपुर गांव के प्राचीन श्री वंश गोपाल कल्किधाम तीर्थ से यह शुरू हुई. जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए. वहीं, बुलडोजर और ड्रोन कैमरा की मदद से भक्तों पर पुष्प वर्षा की गई.

संभल की 24 कोसीय परिक्रमा में आस्था का महाकुंभ: बुलडोजर से बरसे फूल, 5 लाख श्रद्धालुओं के लिए अभेद्य सुरक्षा घेरा

अयोध्या और मथुरा की तर्ज पर संभल में आस्था, परंपरा और भव्यता का एक अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है. यहां 24 कोसीय परिक्रमा का वंश गोपाल कल्किधाम तीर्थ से पूरे हर्षोल्लास के साथ आगाज हो गया है. इस बार की परिक्रमा बेहद खास है, क्योंकि प्रशासन ने श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए अनूठा अंदाज अपनाया है. आसमान में मंडराते ड्रोन कैमरों और जमीन पर खड़े बुलडोजर के जरिए भक्तों पर पुष्प वर्षा की जा रही है. फूलों की इस बारिश से पूरा परिक्रमा मार्ग सुगंधित और भक्तिमय हो उठा है.

5 लाख श्रद्धालुओं का सैलाब
संभल के 68 तीर्थों और 19 कूपों से होकर गुजरने वाली यह 48 किलोमीटर लंबी परिक्रमा दो दिनों तक चलती है. प्रशासन के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले साल करीब 3 लाख श्रद्धालुओं ने इसमें हिस्सा लिया था, जबकि इस बार बाहरी जनपदों से भी भारी संख्या में भक्तों के पहुंचने से यह आंकड़ा 5 लाख तक पहुंचने की उम्मीद है. परिक्रमा मार्ग पर पड़ने वाले चंदेश्वर तीर्थ, भुवनेश्वर तीर्थ और वंश गोपाल तीर्थ समेत सभी प्रमुख स्थलों को दुल्हन की तरह सजाया गया है. श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए पूरे मार्ग पर 10 से 12 भव्य स्वागत द्वार बनाए गए हैं.

चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की सराहना की
परिक्रमा में शामिल होने आए स्थानीय लोगों, महिलाओं और साधु-संतों में प्रशासन की व्यवस्थाओं को लेकर जबरदस्त उत्साह है. परिक्रमा मार्ग पर आयोजित चौपाल और बातचीत के दौरान श्रद्धालुओं ने खुलकर अपने अनुभव साझा किए. श्रद्धालुओं अच्छा अनुभव लेकर जा रहे हैं. साधु-संतों और भक्तों ने इस भव्य आयोजन और चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के लिए शासन-प्रशासन की जमकर सराहना की.

जानिए कैसी है पूरी व्यवस्था?
24 घंटे से ज्यादा समय तक चलने वाली इस कठिन यात्रा में श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन ने जमीन पर पूरी ताकत झोंक दी है. पूरे मार्ग पर 450 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. संवेदनशील स्थानों पर सिविल ड्रेस में भी पुलिस बल मुस्तैद है. यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए 5 जोनल मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट लगातार भ्रमणशील हैं.

रास्तों की विशेष सफाई, रात में रोशनी के लिए पर्याप्त लाइट्स, पेयजल, जगह-जगह भंडारे, अल्पाहार कैंप, रात्रि विश्राम के लिए पंडाल, मेडिकल टीम और फायर टेंडर तैनात किए गए हैं.

क्या बोले एसडीएम विकास चंद्र?
व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए एसडीएम विकास चंद्र ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार श्रद्धालुओं को एक सुखद और यादगार अनुभव देने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि इस बार करीब 5 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए 450 पुलिसकर्मी, जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं. जत्थों के साथ और मुख्य मंदिरों पर विशेष पुलिस बल लगाया गया है. मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप श्रद्धालुओं के स्वागत में ड्रोन और अन्य माध्यमों से पुष्प वर्षा कराई जा रही है, ताकि यह ऐतिहासिक यात्रा पूरी तरह सुगम और सुरक्षित संपन्न हो.

(संभल से सुनील सिंह की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Pooja Singh

Pooja Singh

पूजा सिंह डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली से ताल्लुक रखने वाली पूजा को मीडिया जगत में 5 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.पूजा के पास डेस्क एडिटिंग का व्यावहारिक अनुभव है.  स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ चैनल टीवी 9 डिजिटल और न्यूज नेशन में काम करने का अनुभव है. पूजा ने भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है.पूजा सिंह से आप pooja.singh@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप पूजा से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More