App

इंजीनियर दिन-रात एक कर रहे फिर भी बार-बार क्रैश हो रहा Microsoft का सिस्टम, आखिर क्यों लग रहा है फिक्स करने में इतना वक्त?

दुनिया भर में Microsoft 365, Outlook और Teams ठप होने से दफ्तरों का काम रुका. जानिए इस बड़े आउटेज की असली वजह और रिकवरी में देरी का कारण.

इंजीनियर दिन-रात एक कर रहे फिर भी बार-बार क्रैश हो रहा Microsoft का सिस्टम, आखिर क्यों लग रहा है फिक्स करने में इतना वक्त?
Image Credit: इस बड़े आउटेज की असली वजह और रिकवरी में देरी का कारण क्या है?

12 नवंबर से शुरू हुआ Microsoft का यह आउटेज शुक्रवार 13 नवंबर तक खिंच गया और इसने पूरी दुनिया के कामकाज को बुरी तरह हिला कर रख दिया. हालात इतने खराब हो गए कि आउटेज ट्रैक करने वाली वेबसाइट Downdetector पर एक समय में करीब 1 लाख 30 हजार लोगों ने सिर्फ Outlook में आ रही दिक्कतों की रिपोर्ट दर्ज कराई. भारत समेत दुनिया भर के ऑफिस, सरकारी दफ्तर और यहां तक कि स्कूल भी इस टेक्निकल तूफान की चपेट में आ गए.

आखिर अंदरखाने क्या गड़बड़ हुई?
जब भी इतनी बड़ी टेक कंपनी का सिस्टम बैठता है, तो सबसे पहले लोगों के दिमाग में यही ख्याल आता है कि कहीं किसी हैकर ग्रुप ने साइबर अटैक तो नहीं कर दिया. लेकिन Microsoft ने साफ कर दिया है कि इसके पीछे किसी हैकर या बाहरी हमले का हाथ नहीं है. कंपनी की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि यह एक इंटरनल प्रोसेस फेलियर और कॉन्फिगरेशन में किए गए बदलाव का नतीजा है. मतलब सिस्टम में कुछ तकनीकी बदलाव किए गए थे, जिसकी वजह से कुछ सर्वर्स पर अचानक बहुत ज्यादा लोड बढ़ गया और वे काम करना बंद कर गए. अब जब कुछ सर्वर्स बंद हुए, तो उन पर आने वाला सारा इंटरनेट ट्रैफिक बाकी बचे हुए सर्वर्स की तरफ मोड़ दिया गया. इसका नतीजा यह हुआ कि बचे हुए सर्वर्स भी इस अचानक आए भारी दबाव को झेल नहीं पाए और एक के बाद एक बैठते चले गए.

साइबर सिक्योरिटी कंपनी eScan के CEO और मैनेजिंग डायरेक्टर गोविंद राममूर्ति ने इस पूरे मामले पर बहुत सटीक बात कही है. उनका कहना है कि जब एक ही सर्विस प्रोवाइडर के भरोसे दुनिया के लगभग हर जरूरी काम चल रहे हों, तो वहां हुई एक छोटी सी चूक या गलत कॉन्फिगरेशन भी डोमिनो इफेक्ट की तरह पूरी दुनिया में फैल जाती है.

कौन-कौन सी सर्विस पर पड़ा सबसे ज्यादा असर?
इस बार की समस्या सिर्फ ईमेल तक सीमित नहीं थी, बल्कि Microsoft 365 के पूरे इकोसिस्टम को इसने अपनी चपेट में ले लिया. आइए देखते हैं कि किन-किन चीजों पर ब्रेक लगा.

Outlook: सबसे ज्यादा मार इसी पर पड़ी. लोग न तो अपना इनबॉक्स खोल पा रहे थे, न किसी को मेल भेज पा रहे थे और न ही कोई नया मैसेज रिसीव हो रहा था.

Microsoft Teams: ऑफिस की चैटिंग और वीडियो मीटिंग्स ठप हो गईं, हालांकि कुछ हिस्सों में यह सर्विस दूसरों के मुकाबले थोड़ी जल्दी ठीक होने लगी थी.

Word, Excel और PowerPoint: जो लोग क्लाउड पर आधारित ऑनलाइन वर्जन इस्तेमाल करते हैं, उन्हें अपनी फाइल्स एक्सेस करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी.

OneDrive और SharePoint: कंपनी का सारा जरूरी डेटा और डॉक्यूमेंट्स जहां स्टोर रहते हैं, वहां तक पहुंचना मुश्किल हो गया.

Microsoft Copilot: कंपनी का अपना AI असिस्टेंट भी कनेक्टिविटी की समस्या से जूझता नजर आया.

एयरपोर्ट प्रशासन ने भी यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की
Air India ने बताया कि उनकी फ्लाइट्स के संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा, लेकिन यात्रियों तक जरूरी जानकारी पहुंचाने के लिए उन्हें अपने ईमेल ट्रैफिक का रास्ता अस्थायी रूप से बदलना पड़ा. IndiGo, Akasa Air और खुद दिल्ली एयरपोर्ट प्रशासन ने भी यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की कि घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक कर लें.

इंजीनियर दिन-रात लगे हैं, फिर भी ठीक करने में इतना वक्त क्यों लग रहा है?
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि दुनिया के सबसे बेहतरीन इंजीनियर्स की टीम होने के बावजूद Microsoft को इसे ठीक करने में इतना लंबा समय क्यों लग रहा है. दरअसल, इसके पीछे एक बहुत ही पेचीदा तकनीकी चक्र फंस गया है.

Microsoft के इंजीनियर जब खराब हुए सर्वर्स को ठीक करके वापस ऑनलाइन ला रहे हैं, तो जैसे ही दुनिया भर का रुका हुआ ट्रैफिक उन सर्वर्स पर वापस लौटता है, वे फिर से ओवरलोड होकर बंद हो जाते हैं. यह बिल्कुल वैसा ही है जैसे किसी संकरे पुल की मरम्मत करके उसे खोला जाए और अचानक हजारों गाड़ियां एक साथ उस पर चढ़ जाएं, जिससे पुल फिर से जाम हो जाए.

इस चक्रव्यूह को तोड़ने के लिए इंजीनियर अब प्रभावित हिस्सों में ट्रैफिक को कंट्रोल कर रहे हैं, पुराने सॉफ्टवेयर बदलावों को वापस रोलबैक कर रहे हैं और सिस्टम की क्षमता बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं. इसके अलावा, सर्वर चालू होने के बाद भी हर यूजर का डेटा सिंक होने और ऐप्स के सामान्य तरीके से काम करने में अतिरिक्त समय लगता है. यही वजह है कि कंपनी अभी तक कोई पक्की डेडलाइन नहीं दे पाई है कि सब कुछ 100 प्रतिशत कब तक ठीक होगा.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Mohit Chaturvedi

Mohit Chaturvedi

मोहित चतुर्वेदी डिजिटल न्यूज मीडिया में 16 से अधिक वर्षों का एक्सपीरियंस रखने वाले एक वरिष्ठ टेक जर्नलिस्ट हैं, जो वर्तमान में Zee News में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में टेक्नोलॉजी सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं. स्मार्टफोन रिव्यू, गैजेट एनालिसिस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और साइबर सुरक्षा में गहरी विशेषज्ञता रखने वाले मोहित ने Apple, Samsung, OnePlus, Vivo और Xiaomi जैसे टॉप ब्रांड्स के फ्लैगशिप डिवाइसों का गहन और निष्पक्ष इन-डेप्थ रिव्यू किया है. अंतरराष्ट्रीय टेक इवेंट्स की ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग का लंबा अनुभव रखने वाले मोहित ने लंदन में 'Nothing Phone' और आयरलैंड के बेलफास्ट में 'Realme' के ग्लोबल लॉन्च इवेंट्स को कवर किया है, और इससे पहले वे NDTV, आजतक और दैनिक भास्कर जैसे देश के सबसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में टेक जर्नलिज्म और डिजिटल कंटेंट स्ट्रेटेजी में अहम भूमिकाएं निभा चुके हैं. जटिल तकनीकी बारीकियों को बेहद आसान भाषा में डिकोड करने के लिए पहचाने जाने वाले मोहित से सीधे Mohit.chaturvedi@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए या उनके एक्स और इंस्टाग्राम हैंडल्स पर कनेक्ट किया जा सकता है.
Read More