)
उत्तर प्रदेश के हापुड़ से एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जिसका सीसीटीवी फुटेज देख किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं. हापुड़ के व्यस्ततम फ्रीगंज रोड पर दिल्ली की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार कार अचानक काल बनकर सड़क किनारे खड़े लोगों और वाहनों पर टूट पड़ी. अनियंत्रित कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि महज चंद सेकंड में पूरी सड़क पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई.
रफ्तार के कहर का वीडियो
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि रात के समय फ्रीगंज रोड पर सामान्य चहल-पहल थी. सड़क किनारे एक आइसक्रीम की ठेली पर कुछ लोग खड़े हैं, जबकि उसके ठीक बगल में एक ई-रिक्शा खड़ा है. तभी दिल्ली की ओर से हापुड़ सिटी की तरफ जा रही एक सफेद रंग की कार अचानक अपना नियंत्रण खो बैठती है. कार लहराते हुए सीधे ठेली के पास खड़े लोगों की तरफ बढ़ती है.
'काल' बनकर दौड़ी बेकाबू कार
गनीमत रही कि ठेली पर खड़े लोग महज इंच भर के फासले से कार की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए. जबकि पास खड़े ई-रिक्शा को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि ई-रिक्शा खिलौने की तरह हवा में उछलता हुआ दूर जा गिरा. इसके बाद तीसरी टक्कर में बेकाबू कार ने सड़क किनारे खड़ी एक बाइक को अपनी चपेट में ले लिया और उसे घसीटते हुए सीधे सड़क किनारे रखी कृषि मशीनरी के ढेर से जा टकराई.
घायलों का स्थानीय लोगों ने किया रेस्क्यू
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक और बाइक सवार कार के पिछले हिस्से के नीचे बुरी तरह फंस गया. हादसे की तेज आवाज सुनते ही आसपास के दुकानदार और राहगीर तुरंत मौके की तरफ दौड़े. वीडियो में देखा जा सकता है कि स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए कार को घेरा. उसके बाद कार के नीचे फंसी बाइक और घायल लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू शुरू किया.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
फ्रीगंज रोड जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में हुआ यह हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खौफनाक अंजाम की गवाही दे रहा है. सीसीटीवी फुटेज में कैद यह तस्वीरें साफ बताती हैं कि अगर ठेली पर खड़े लोग जरा भी न संभलते, तो यह हादसा और भी बड़ा जानलेवा रूप ले सकता था. फिलहाल, स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
(हापुड़ से अभिषेक माथुर की रिपोर्ट)