)
भारतीय क्रिकेट टीम के लिए शुक्रवार (13 नवंबर) का दिन भूलने वाला रहा. न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच वनडे मैचों की सीरीज में तीन मुकाबलों के बाद 2-0 से आगे चलने वाली टीम को अचानक से माउंट माउंगानई में एक ऐसी हार का सामना करना पड़ा है, जो उसे लंबे समय तक परेशान करने वाला है. भारत रिकॉर्ड 244 रनों से हार गया. यह वनडे क्रिकेट में रनों के हिसाब से उसकी दूसरी सबसे बड़ी हार है. इससे पहले साल 2000 में श्रीलंका के खिलाफ उसे 245 रनों से हार का सामना करना पड़ा था. चौथे वनडे में भारतीय टीम को मैट हेनरी ने काफी परेशान किया और वह एक बार फिर से सिरदर्द बनकर सामने आए.
भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में 333 रन बनाए. उसके लिए विल यंग ने 125 और टिम साइफर्ट ने 58 रनों की पारी खेली. भारत के लिए आकिब नबी, गुरनूर बरार और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट लिए. 334 रनों के टारगेट के सामने टीम इंडिया 89 रनों पर सिमट गई और उसे अपने वनडे इतिहास में रनों के हिसाब से दूसरी सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ा है.
भारतीय पारी की शुरुआत किसी बुरे सपने जैसी रही. न्यूजीलैंड के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने पहले ही ओवर में तीन विकेट लेकर सनसनी मचा दी. उन्होंने पहली गेंद पर दिग्गज रोहित शर्मा, पांचवीं गेंद पर विराट कोहली और छठी गेंद पर कार्यवाहक कप्तान श्रेयस अय्यर को आउट कर दिया. तीनों ही बल्लेबाज खाता नहीं खोल पाए और शून्य पर पवेलियन लौट गए. इस ओवर में भारत का खाता नहीं खुला.
TRIPLE-WICKET MAIDEN! 😳 Matt Henry couldn't have scripted a more explosive start! Watch the HERO VIDA India Tour of New Zealand 4th ODI LIVE NOW on Sony Sports Network TV channels, Sony Vizha & Sony LIV. #SonySportsNetwork #SonyVizha #SonyLIV #NZvIND https://t.co/9gipGvgUIw
— Sony Sports Network (@SonySportsNetwk) November 13, 2026
हेनरी ने भारतीय टीम को 2019 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल की याद दिला दी. उस मैच में भी वह भी कहर बनकर टुटे थे और ओपनर केएल राहुल के साथ रोहित शर्मा को जल्दी ही आउट कर दिया था. रोहित और राहुल एक-एक रन ही बना पाए थे. विराट को एक रन के स्कोर पर ट्रेंट बोल्ट ने पवेलियन भेजा था. हेनरी ने इसके बाद दिनेश कार्तिक (छह रन) का भी शिकार कर लिया था.
हेनरी ने आज 9.4 ओवर में छह विकेट लिए. उन्होंने दो मेडन ओवर किए और 27 रन ही दिए. हेनरी भारत के खिलाफ वनडे में छह विकेट लेने वाले न्यूजीलैंड के दूसरे गेंदबाज हैं. उनसे पहले 2005 में शेन बॉन्ड ने ऐसा कारनामा कर दिखाया था. उन्होंने बुलावायो में 19 रन दकर भारत के खिलाफ छह विकेट हासिल किए थे. हेनरी भारत के खिलाफ सबसे कम पारियों में चार बार चार या उससे अधिक विकेट हासिल किए हैं. हेनरी ने 12 पारियों में भारत के खिलाफ चौथी बार चार या उससे विकेट झटके हैं.
वनडे में भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा 4-प्लस विकेट हॉल
4 - मैट हेनरी (12 पारी)
4 - रवि रामपॉल (14 पारी)
4 - अजंता मेंडिस (19 पारी)
4 - ब्रेट ली (30 पारी)
4 - आकिब जावेद (36 पारी)
मैट हेनरी ने न्यूजीलैंड के लिए चौथी बार पारी में पांच या उससे अधिक विकेट लिए हैं. वह इस मामले में दिग्गज शेन बॉन्ड के बराबर पहुंच गए हैं. उनसे आगे रिचर्ड हैडली (पांच बार) और ट्रेंट बोल्ट (छह बार) हैं. इसके अलावा हेनरी एक ही विपक्षी के खिलाफ दो बार पांच या उससे अधिक विकेट लेने वाले विकेट लेने वाले तीसरे कीवी गेंदबाज हैं. हेनरी ने भारत के खिलाफ दो बार यह कारनामा किया है. पाकिस्तान के खिलाफ बेन सियर्स और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ट्रेंट बोल्ट ने दो-दो बार ऐसा किया है. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शेन बॉन्ड ने तीन बार पांच या उससे अधिक विकेट हासिल किए हैं.