App

देवी सीता से योद्धा कैकेयी तक... ये हैं रामायण की 5 प्रभावशाली महिलाएं जिनकी कहानी आज भी देती है प्रेरणा!

रामायण महाकाव्य में वैसे तो कई पात्र हैं जो हर किसी को कुछ न कुछ सिखाते हैं लेकिन रामायण की कुछ महिला पात्र भी हैं जिनका पूरा जीवनकाल कोई न कोई सीख देता है.जैसे देवी सीता, माता कैकेयी और देवी अहिल्या, आइए रामायण की 5 प्रभावशाली महिलाओं के बारे में जानें.

देवी सीता से योद्धा कैकेयी तक... ये हैं रामायण की 5 प्रभावशाली महिलाएं जिनकी कहानी आज भी देती है प्रेरणा!

महाकाव्य रामायण श्रीराम के जीवन का दर्शन है जिसमें एक से एक अद्भुत पात्र हैं. जटायू, हनुमान जी से लेकर सुग्रीव विभीषण और ऐसे ही कई पात्र हैं जिनका रामायण की कथा में इनका बड़ा महत्व है. इसी तरह जब रामायण की महिला पात्र भी बहुत महत्वपूर्ण भूमिका में हैं. चाहे वो देवी सीता हों या माता कैकेयी हो, सभी अपने जीवन से अन्य महिलाओं को सदियों से प्रेरित कर रही हैं. आइए रामायण की उन 5 प्रभावशाली महिलाओं के बारे में जानें जिनका पूरा जीवनकाल आज भी प्रेरणा देता है.

देवी सीता

देवी सीता मिथिला राज्य की राजकुमारी थी जिनके पिता राजा जनक और मां सुनैना थी. राजा जनक ने सीता जी का स्वयंवर किया और स्वयंवर के शर्तों को अयोध्या के राजकुमार राम ने पूरा किया. जिसके बाद दोनों का विवाह हुआ. पतिव्रत धर्म निभाते हुए श्रीराम के साथ सीता जी ने भी वनवास गमन किया. वनवास के समय माता सीता को रावण हर ले गया. माता सीता ने तब रावण के महल में रहने की बजाए अशोक वाटिका में रहना स्वीकार किया. कठिन परिस्थिति में उन्होंने शील धारण किया, सहनशीलता और साहस का प्रदर्शन किया और धर्म का पालन किया. रावण के साम, दाम, दंड और भेद के आगे कभी नहीं झुकी और अपने पति श्रीराम और उनकी शक्ति पर हमेशा विश्वास किया. देवी सीता हमें सिखाती हैं कि मुश्किल में भी मर्यादा नहीं छोड़ना चाहिए और अपने संस्कार को नहीं भूलना चाहिए.

माता कैकेयी

अयोध्या के राजा दशरथ को रानी कैकेयी अति प्रिय थी. एक समय था जब रानी कैकेयी एक योद्धा थी जिन्होंने देवासुर संग्राम में राजा दशरथ की सहायता की थी. जिसके बदले राजा ने रानी को दो वर देने का वचन दिया. जब श्रीराम का राज्याभिषेक होने वाला था तभी रानी कैकेयी ने राजा दशरथ से अपने दो वर मांग लिए. उन्होंने श्रीराम के लिए 14 वर्ष का वनवास और भरत को राजा बनाने का वरदान मांग लिया. इस तरह माता कैकेयी रामायण की एक महत्वपूर्ण पात्र थी. उन्हें अपने इन दो वर के लिए घृणा और तिरस्कार को सहा, उनके अपने बेटे भरत ने भी उन्हें माता कहना छोड़ दिया था. कैकेयी राजा अश्वपति की पुत्री थीं. जो शास्त्र वेद पुराण आदि की ज्ञाता थी. कैकेयी हमें सिखाती हैं कि एक निर्णय जिंदगी बदल सकता है. क्रोध, लालच या भावनाओं में बहकर फैसला लेना पछतावे का कारण बन सकता है.

रानी मंदोदरी

पंचकन्या में से एक मंदोदरी रावण की पत्नी थीं जो बहुत समझदार और अति सुंदर थी. उसने बार-बार रावण को समझाया कि सीता के लौटा दे, यह स्त्री तुम्हारे विनाश का कारण हो सकती है. रावण बहुत अहंकारी था, उसने अपनी पत्नी की बात तक नहीं मानी और अंत में उसका अंत हो गया. रावण के वध पर मंदोदरी रोईं लेकिन उसने इसके लिए श्रीराम को कभी अपशब्द नहीं कहे. मयासुर और अप्सरा हेमा की पुत्री मंदोदरी को वेद-शास्त्र का ज्ञान था. मंदोदरी हमें सिखाती हैं कि अहंकार से हमेशा हार होती है और संबंधों को निभाने के लिए धर्म नहीं छोड़ना चाहिए. दुख में भी मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए.

माता शबरी

माता शबरी राम जी की परम भक्त थीं जिन्होंने सालों तक अपने प्रभु राम के दर्शन के लिए उनका प्रतीक्षा की. उन्होंने कई सालों तक अपने प्रभु के लिए रास्ता साफ किया, फूल बिछाए और मीठे बेर चुनकर रखें. शबरी रामायण की केवल एक पात्र नहीं है बल्कि भक्ति और प्रभु के प्रति समर्पण की पराकाष्ठा हैं. हालांकि, श्रीराम ने भी अपने भक्त के लिए अपनी कृपा खूब बरसाई और जब उनसे मिले तो उनके दिए बेर भी प्रेम से खाए. माता शबरी ने दुनिया को सिखाया है कि भक्ति भाव में अपना समर्पिण कितना निस्वार्थ भाव से करना चाहिए. वहीं, राम जी ने बताया कि भक्ति के बीच जात-पात, निर्धन और धनवान जैसे शब्दों का कोई अर्थ नहीं, होना चाहिए तो केवल विशुद्ध भक्ति और प्रेम.

देवी अहिल्या

अत्यंत ही सुंदर, सुशील और पतिव्रता महिला देवी अहिल्या ऋषि गौतम की पत्नी थीं. दोनों ही वन में रहकर तपस्या करते थे. एक दिन गौतम ऋषि सुबह स्नान करने के लिए निकले, वहीं देवी अहिल्या कुटिया में ही सो रही थीं. ऋषि थोड़ा ही आगे गए होंगे कि उन्हें आभास हुआ कि अभी तो रात है, ऐसे में आश्रम में लौट आए. जहां पर उन्होंने देखा कि इंद्र देव उनके आश्रम से बाहर निकल रहे थे. दरअसल, ऋषि के आश्रम से निकलते देख इंद्र देव गौतम ऋषि का भेष बनाकर आश्रम में घुस गए और देवी अहिल्या के साथ कुकृत्य किया था. वहीं मुनि ने जब कुटिया से इंद्र को निकलते देखा तो तो क्रोध से बढ़ उठे और दोनों को श्राप दे दिया. देवी अहिल्या को उन्होंने शाप दिया वे पत्थर की बन गयी लेकिन उसने याचना किया कि 'इसमें मेरा कोई दोष नहीं है', श्राप से मुक्ति पाने का रास्ता बताएं. इस पर गौतम ऋषि ने बताया कि शिला बनकर इसी कुटिया में वास करोगी. वहीं, जब भगवान विष्णु राम के रूप में त्रेतायुग में अवतार लेंगे, तब उनके चरण स्पर्श से ही तुम्हारा उद्धार हो पाएगा. देवी अहिल्या ने वर्षों तक श्रीराम की प्रतिक्षा पूरे संयम के साथ की. देवी अहिल्या हमें संयम रखना सिखाती हैं.

(डिस्क्लेमर -यह लेख सामान्य जानकारी और धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है. इसका उद्देश्य किसी भावना को ठेस पहुंचाना नहीं है. कृपया इसे श्रद्धा और समझ के साथ पढ़ें, विवेक से समझें.)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Padma Shree Shubham

Padma Shree Shubham

पद्मा श्री शुभम् को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव. मॉस कम्‍युनिकेशन ग्रेजुएट और हिंदी लिटरेचर से पोस्‍ट ग्रेजुएट. मीडिया में डिजिटल प्लेटफॉर्म से करियर शुरू करने के बाद कई संस्थाओं में काम किया. Nedrick News, TFI Post जैसी संस्थाओं में कार्यरत रहीं. इसके बाद Zee News जॉइन किया. समाचार और वर्तमान घटनाओं पर लिखने पढ़ने में रुचि. धर्म और ज्योतिष में अधिक रुचि. वर्तमान में धर्म और ज्योतिष संबंधी लेख लिखने में कार्यरत. पद्मा से आप padma.shubham@India.com मेल के जरिए सीधे संपर्क कर सकते हैं.
Read More