)
मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले से एक ऐसी हैरान और रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. कोतवाली थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव में एक युवक को रसगुल्ला बताकर सूअर मारने वाला देशी बम खाने के लिए थमा दिया गया. अंधेरे में युवक ने जैसे ही उसे रसगुल्ला समझकर मुंह में डाला और चबाया, वैसे ही एक जोरदार धमाका हुआ और उसके मुंह के चिथड़े उड़ गए. इसके बाद उसकी दर्दनाक मौत हो गई. इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद से गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है. इस मामले में पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से पड़ताल कर रही है.
पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बीते मंगलवार 10 नवंबर की देर शाम डिंडौरी जिले के पड़रिया गांव के रहने वाले राजेंद्र बरोतिया और रामभगत बरोतिया एक साथ बैठे हुए थे. इसी दौरान आरोपी रामभगत ने कथित तौर पर राजेंद्र को देशी बम रसगुल्ला बताकर खाने के लिए दे दिया. अंधेरे और भरोसे के चलते राजेंद्र को जरा भी अंदाजा नहीं हुआ कि उसके हाथ में मिठाई नहीं, बल्कि जानलेवा विस्फोटक है. इसके बाद जैसे ही उसने मुंह में डालकर चबाया एक जोरदार धमाका हुआ और उसकी मौत हो गई.
मृतक की पत्नी सुशीला बाई ने बताया कि मेरे पति राजेंद्र जब पड़रिया गांव में थे, तब यह हादसा हुआ. उनको इस दौरान किसी ने जानवर मारने वाला सुअर मार बम खाने के लिए दे दिया और उन्होंने खा लिया, जिससे उनका पूरा मुंह फट गया. घटना के बाद गांव के ही दो-चार लोग उन्हें ऑटो में लादकर अस्पताल लेकर पहुंचे. यह हादसा पड़रिया गांव में ही हुआ था, जहां मैं अपने मायके में रह रही थी. अस्पताल पहुंचने में करीब आधा से एक घंटा लग गया था और अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
डिंडौरी के कोतवाली थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि यह 10 तारीख की रात की घटना है, जब राजेंद्र बरोतिया अपने घर के आंगन में परिवार के साथ आग ताप रहा था. उसी समय उसके मोहल्ले का राम भगत बरोतिया वहां आया और दोनों के बीच बातचीत हुई. इसी दौरान उसने राजेंद्र को सुअर मार बम यह कहकर दिया कि 'रसगुल्ला है, खा ले.' अंधेरे में राजेंद्र ने उसे मुंह में चबा लिया, जिससे जोरदार ब्लास्ट हो गया और उसके मुंह के चीथड़े उड़ गए. परिवार वाले उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने राजेंद्र को मृत घोषित कर दिया.
थाना प्रभारी ने आगे बताया कि अपराध क्रमांक 668/26, धारा 105 बीएनएस और 3/4 विस्फोटक अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई है. आरोपी रामभगत बरोतिया को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई, तो उसने बताया कि उसे यह सुअर मार बम गांव के ही धर्मु सरैया नाम के लड़के से मिला था. पुलिस ने धर्मु सरैया को भी हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है. आरोपी और मृतक के बीच किसी पुरानी रंजिश के लेकर थाना प्रभारी ने बताया कि अब तक ऐसी कोई बात सामने नहीं आई है, हालांकि मोहल्ले के होने के कारण उनकी पुरानी आपसी रंजिश को लेकर भी आगे जानकारी जुटाई जा रही है. (इनपुट- संदीप मिश्रा)