)
मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2027 सीजन से पहले ऐतिहासिक फैसला करते हुए अपने दिग्गज रोहित शर्मा को फिर से कप्तान बना दिया है. रोहित 2013 से 2023 तक टीम का नेतृत्व संभाल रहे थे. इसके बाद तीन सीजन में हार्दिक पांड्या ने कमान संभाली. लगातार खराब प्रदर्शनों से निराश होकर हिटमैन को फिर से फ्रेंचाइजी ने कप्तानी दे दी. रोहित ने इस पद को स्वीकार करने के पीछे के कारणों के बारे में खुलासा किया है. उन्होंने कहा कि टीम की स्थिति को देखकर वह काफी परेशान थे और उन्होंने इसे पटरी पर लाने के लिए यह फैसला किया.
हिटमैन ने कप्तान बनाए जाने के एक दिन बात मुंबई इंडियंस द्वारा जारी वीडियो में अपने दिल की बात कही है. उन्होंने कहा 2026 आईपीएल सीजन समाप्त होने बाद ही टीम के मालिकों ने उनसे बात की. कप्तानी का ऑफर दिया गया, लेकिन वह शुरू में इसे स्वीकार करने के पक्ष में नहीं थे. हिटमैन ने बताया कि कुछ समय तक सोचने के बाद उन्हें लगा कि फ्रेंचाइजी को एक सही दिशा की जरूरत है और इसी कारण उन्होंने कप्तानी को स्वीकार कर लिया.
Watch Ro in a heart-to-heart with Jatin Sapru as he talks about returning as आपला Captain, and shares a very special message for आपली Paltan! 📹💙 #MumbaiIndians #CaptainRo https://t.co/Lc0Bl0kjbV
— Mumbai Indians (@mipaltan) November 28, 2026
रोहित ने मुंबई इंडियंस को 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में पांच आईपीएल टाइटल जिताए. उन्होंने कहा कि हाल के सीजन में टीम के खराब प्रदर्शन से कई खिलाड़ी निराश हो गए थे. उन्होंने यह भी माना कि मुंबई इंडियंस उस तरह का क्रिकेट नहीं खेल रही थी जिसके लिए वे जानी जाती थी और उन्हें अपनी जीत की राह पर वापस आने के लिए और ज्यादा मेहनत करने की ज़रूरत थी.
रोहित ने कहा, ''जैसे ही हमने IPL (2026) खत्म किया, हमारा सीजन बहुत निराशाजनक रहा. मुझे लगा, सिर्फ मैं ही नहीं, बल्कि कई दूसरे खिलाड़ी भी हमारे खेलने के तरीके से काफी निराश थे. जाहिर है, यह किसी भी एथलीट के लिए एक आम बात है. अगर आप अच्छा नहीं खेल रहे हैं, अगर आपकी टीम अच्छा नहीं कर रही है, तो आप निराश महसूस करते हैं.''
रोहित ने आगे बताया कि घर लौटने के बाद उन्होंने अपनी पत्नी से टीम की स्थिति पर बात की और सोचने लगे कि मुंबई इंडियंस अपने पुराने स्टैंडर्ड पर कैसे वापस आ सकती है. उन्होंने आगे कहा, "और फिर, जाहिर है, आकाश अंबानी ने मुझे फोन किया. हम मिले. हमने इस टीम को आगे कैसे ले जाना है, इस पर बात की. क्या किया जा सकता है और यह सब. बहुत सारे आइडिया आए.'' रोहित ने माना कि आकाश के प्रस्ताव पर उनका शुरुआती रिएक्शन यह था कि वह दोबारा जिम्मेदारी लेने के लिए तैयार नहीं थे. हालांकि, थोड़ा सोचने के बाद उन्हें एहसास हुआ कि MI को एक ऐसे लीडर की जरूरत है जो टीम को दिशा दे सके.
रोहित ने कहा, ''शुरू में मेरा सच यही था कि मैं अभी इसके लिए तैयार नहीं हूं. मुझे पीछे जाकर इसके बारे में सोचना पड़ा, क्योंकि बहुत कुछ हो चुका था. मुझे नहीं पता कि मैं ऐसा करने के मूड में था या नहीं. मेरे अंदर एक फीलिंग आई कि... मैं यह नहीं कह रहा कि इस टीम को एक लीडर के तौर पर मेरी जरूरत है, बल्कि इस टीम को अभी एक दिशा की जरूरत है. वह दिशा चाहे जो भी हो, अगर वह मैं हूं, तो मैं इस टीम को आगे बढ़ाने में बहुत खुश हूं."