App

बेन स्टोक्स के छक्कों का वर्ल्ड रिकॉर्ड टूटा, ऋषभ पंत बने नए 'सिक्सर किंग', वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में रच दिया इतिहास

ऋषभ पंत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में इतिहास रच दिया है. उन्होंने बेन स्टोक्स का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़कर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बनने का गौरव हासिल किया.

बेन स्टोक्स के छक्कों का वर्ल्ड रिकॉर्ड टूटा, ऋषभ पंत बने नए 'सिक्सर किंग', वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में रच दिया इतिहास
Image Credit: Rishabh Pant And Ben Stokes

क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन ऋषभ पंत ने छक्कों की दुनिया में अपना नाम सबसे ऊपर दर्ज करा लिया. भारत के इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में बेन स्टोक्स के वर्ल्ड रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है. भारत की पहली पारी के दौरान ऋषभ पंत ने न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी की गेंद पर छक्का जड़कर यह खास मुकाम हासिल किया. अब ऋषभ पंत के नाम 44 WTC मैचों की 76 पारियों में कुल 89 छक्के दर्ज हो चुके हैं.

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके इंग्लैंड के दिग्गज ऑलराउंडर बेन स्टोक्स ने 64 मैचों की 117 पारियों में 88 छक्कों के साथ अपना WTC सफर खत्म किया था. बेन स्टोक्स से आगे निकलने के लिए ऋषभ पंत को महज एक छक्के की जरूरत थी, जिसे उन्होंने भारतीय पारी के 25वें ओवर में पूरा कर लिया. उन्होंने जैकब डफी की गेंद को लॉन्ग-ऑन के ऊपर से भेजकर अपने छक्कों की संख्या 89 पहुंचा दी. इस लिस्ट में रोहित शर्मा 56 छक्कों के साथ तीसरे स्थान पर हैं, जबकि शुभमन गिल (48) और यशस्वी जायसवाल (45) उनके बाद आते हैं.

ऋषभ पंत बने नए 'सिक्सर किंग'

इस ऐतिहासिक उपलब्धि को हासिल करने के बावजूद ऋषभ पंत क्रीज पर ज्यादा देर नहीं टिक सके और 39 गेंदों में एक चौके व एक छक्के की मदद से 23 रन बनाकर आउट हो गए. ऋषभ पंत ने शुरुआत में संभलकर खेला और शुरुआती 25 गेंदों तक कोई बाउंड्री नहीं लगाई. जैकब डफी के खिलाफ रिकॉर्ड छक्का लगाने के बाद अगले ही ओवर में उन्होंने नाथन स्मिथ की गेंद पर चौका जड़ा. हालांकि ऋषभ पंत 27वें ओवर में जैकब डफी की गेंद पर आगे बढ़कर बड़ा शॉट लगाने की कोशिश में चूक गए और काइल जेमिसन ने उनका कैच लपक लिया.

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के अलावा ओवरऑल टेस्ट क्रिकेट में भी ऋषभ पंत का छक्का जड़ने के मामले में बेहतरीन रिकॉर्ड है. ऋषभ पंत ने 54 टेस्ट मैचों की 92 पारियों में कुल 109 छक्के लगाए हैं और इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं. टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले क्रिकेटर्स की लिस्ट में बेन स्टोक्स टॉप पर आते हैं. बेन स्टोक्स ने 122 टेस्ट मैचों की 220 पारियों में कुल 138 छक्के ठोके हैं.

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले क्रिकेटर्स

1. ऋषभ पंत (भारत) - 89 छक्के

2. बेन स्टोक्स (इंग्लैंड) - 88 छक्के

3. रोहित शर्मा (भारत) - 56 छक्के

4. शुभमन गिल (भारत) - 48 छक्के

5. यशस्वी जायसवाल (भारत) - 45 छक्के

टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले क्रिकेटर्स

1. बेन स्टोक्स (इंग्लैंड) - 138 छक्के

2. ऋषभ पंत (भारत) - 109 छक्के

3. ब्रेंडन मैक्कुलम (न्यूजीलैंड) - 107 छक्के

4. एडम गिलक्रिस्ट (ऑस्ट्रेलिया) - 100 छक्के

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Tarun Verma

Tarun Verma

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More