App

पटना की खुशबू का सालाना 1.5 करोड़ का कारोबार, आनंद ने भी बदली किस्मत! बिहार में कैसे बदल रही एंटरप्रेन्योरशिप की तस्वीर

बिहार सरकार महिलाओं को औद्योगिक विकास में बढ़ावा देने के लिए विशेष पहल कर रही है. वहीं, महिलाएं अपनी मेहनत, नवाचार और दृढ़ संकल्प से उद्योग जगत में सफलता के नए आयाम स्थापित कर रही हैं.

पटना की खुशबू का सालाना 1.5 करोड़ का कारोबार, आनंद ने भी बदली किस्मत! बिहार में कैसे बदल रही एंटरप्रेन्योरशिप की तस्वीर
Image Credit: बिहार सरकार की योजनाओं और नीतियों से उद्योगों को सहारा मिल रहा है.

जब भी बिहार की चर्चा होती है, तो सबसे पहले लोगों के मन में पलायन का ही ख्याल आता है, लेकिन अब राज्य की तस्वीर बदल रही है और उद्यमिता (एंटरप्रेन्योरशिप) उभरती दिख रही है. बिहार सरकार महिलाओं को औद्योगिक विकास में बढ़ावा देने के लिए विशेष पहल कर रही है, जिससे स्थानीय महिलाएं और युवा न केवल खुद का कारोबार खड़ा कर रहे हैं, बल्कि दूसरों को भी रोजगार दे रहे हैं. पटना की खुशबू कुमारी और मुजफ्फरपुर के आनंद कुमार की कहानियां इसी जमीनी बदलाव की बानगी पेश करती हैं.

पटना की खुशबू का सालाना 1.5 करोड़ का कारोबार

पटना की रहने वाली खुशबू कुमारी आज महिला उद्यमिता के क्षेत्र में एक मिसाल बन चुकी हैं. खुशबू बताती हैं कि उन्होंने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) के तहत मिली वित्तीय सहायता से डिटर्जेंट और घरेलू सफाई उत्पादों की निर्माण इकाई शुरू की. कड़ी मेहनत और बाजार की समझ के दम पर आज उनका यह उद्यम करीब 1.50 करोड़ रुपये का सालाना कारोबार कर रहा है. इस इकाई के जरिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लगभग 100 लोगों को रोजगार भी मिला है. खुशबू का मानना है कि आर्थिक आत्मनिर्भरता महिलाओं को समाज में नई पहचान दिलाती है और दूसरी महिलाओं को भी आगे बढ़ने का हौसला देती है.

10 लाख की मदद से आनंद ने भी बदली किस्मत

ऐसी ही कहानी मुजफ्फरपुर के आनंद कुमार की है, जिन्होंने पारंपरिक हुनर को आधुनिक व्यवसाय का रूप दिया. आनंद को बिहार सरकार की मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिली थी. इस राशि से उन्होंने काष्ठ कला (वुड क्राफ्ट) और हस्तशिल्प उत्पादों की निर्माण इकाई स्थापित की. आज उनका कारोबार 6 लाख रुपये सालाना से ऊपर पहुंच चुका है और उनकी इकाई से 4 लोगों को सीधा और10 लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिल रहा है. आनंद के मुताबिक, समय पर मिली सरकारी मदद ने उन्हें नौकरी मांगने के बजाय रोजगार देने वाला बना दिया.

योजनाओं और नीतियों से मिल रहा उद्योगों को सहारा

राज्य में उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए सरकारी स्तर पर कई योजनाओं और नीतियों को लागू किया गया है. उद्योग विभाग के आंकड़ों के अनुसार, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत अब तक 47 हजार से अधिक युवाओं को 3,400 करोड़ रुपये से ज्यादा की सहायता दी जा चुकी है. बिहार लघु उद्यमी योजना के माध्यम से 71 हजार से अधिक परिवारों को 586 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक मदद उपलब्ध कराई गई है. पीएम विश्वकर्मा योजना से राज्य के 1 लाख 62 हजार से अधिक पारंपरिक कारीगर इस योजना से जुड़ चुके हैं.

इसके अलावा, औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन पैकेज–2025 के तहत भूमि, पूंजी निवेश, ब्याज और करों में रियायतों के साथ औद्योगिक इकाइयों के लिए एक रुपये की टोकन राशि पर जमीन देने का प्रावधान किया गया है. निवेशकों की सुविधा के लिए सिंगल विंडो सिस्टम और 30 दिनों के भीतर आवश्यक मंजूरियां देने की व्यवस्था पर भी काम हो रहा है.

स्टार्टअप और एआई के क्षेत्र में भी बढ़ रहे कदम

पारंपरिक लघु उद्योगों के साथ-साथ बिहार अब नई तकनीक और स्टार्टअप के क्षेत्र में भी अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहा है. राज्य में फिलहाल 1,700 से अधिक स्टार्टअप और 22 इनक्यूबेशन सेंटर सक्रिय हैं. वहीं, आईटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डेटा सेंटर में निवेश को गति देने के लिए सेमीकंडक्टर नीति–2026, एमएसएमई नीति–2026, एआई नीति और स्टार्टअप नीति जैसी पहल शुरू की गई हैं. पटना में 12 मेगावाट का डेटा सेंटर शुरू हो चुका है, जबकि इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में आईआईटी पटना में रिसर्च पार्क और बिहार एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस समेत करीब 468 करोड़ रुपये के समझौते भी हुए हैं.

Add Zee News as a Preferred Source