App

मौके बनाते रहे आकाश दीप और छूटते रहे कैच... कमेंट्री बॉक्स में गावस्कर को आया गुस्सा, मेज पर दे मारा मुक्का

न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में टीम इंडिया बैकफुट पर है. इस खराब स्थिति में पहुंचाने में फील्डरों का सबसे ज्यादा योगदान रहा, जिन्होंने 4 कैच टपकाए. ये चारों कैच आकाश दीप की गेंदबाजी पर छूटे. कमेंट्री बॉक्स में सुनील गावस्कर काफी गुस्से में दिखे.

मौके बनाते रहे आकाश दीप और छूटते रहे कैच... कमेंट्री बॉक्स में गावस्कर को आया गुस्सा, मेज पर दे मारा मुक्का
Image Credit: कमेंट्री बॉक्स में गावस्कर को आया गुस्सा, मेज पर दे मारा मुक्का (screengrabs/SonyLiv/X)

न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में भारतीय फील्डिंग बेहद साधारण रही है. अभी तक दो दिनों का खेल हुआ है और टीम इंडिया ने 4 आसान कैच टपका दिए हैं. तेज गेंदबाज आकाश दीप पूरी जान लगाकर गेंदबाजी करते रहे, लेकिन किस्मत और फील्डरों ने उनका साथ नहीं दिया. उन्हीं की गेंदबाजी पर चारों कैच छूटे. इस बीच मैच के दूसरे दिन जब एक गेंद स्लिप में खड़े फील्डर के आगे गिरी तो कमेंट्री बॉक्स में पूर्व भारतीय महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर भड़क गए और गुस्से में अपना हाथ मेज पर दे मारा.

सुनील गावस्कर ना सिर्फ भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज और कप्तान रहे हैं, बल्कि इस खेल के प्रति हमेशा समर्पित भी रहे हैं. यही वजह है कि कई मौकों पर वो कमेंट्री के दौरान अपने इमोशन को कंट्रोल नहीं कर पाते हैं. आज भी यही देखने को मिला, जब आकाश दीप की गेंद पर स्लिप में मौका तो बना, लेकिन गेंद केएल राहुल से आगे गिर गई.

सुनील गावस्कर को क्यों आया गुस्सा?

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में देख सकते हैं कि पूर्व दिग्गज सुनील गावस्कर कमेंट्री बॉक्स में काफी निराश दिखे. उन्होंने गुस्से में अपना हाथ भी मेज पर पटका. इसके पीछे की वजह भी उन्होंने खुद बताई. गावस्कर ने कहा कि पहले दिन के अंतिम सत्र से ही मैं बोल रहा हूं कि विकेट कीपर और स्लिप में खड़े फील्डरों को थोड़ा आगे आना चाहिए.

आकाश दीप का फील्डरों ने नहीं दिया साथ

दूसरे टेस्ट की पहली पारी में आकाश दीप ने 31.3 ओवर में 99 रन देकर 5 विकेट चटकाए. उनके आंकड़े और बेहतर हो सकते थे, लेकिन फील्डरों ने साथ नहीं दिया. उनकी गेंदबाजी पर 1-2 नहीं बल्कि 4 कैच छूटे. दो कैच देवदत्त पडिक्कल ने टपकाए, जबकि एक कैच केएल राहुल और एक डेब्यूटेंट गुरनूर बरार ने छोड़ा. किस्मत ने साथ नहीं दिया, लेकिन इसके बावजूद आकाश दीप के जूनून में कमी नहीं दिखी और उन्होंने पंजा खोलकर ही दम लिया.

क्राइस्टचर्च टेस्ट में बैकफुट पर टीम इंडिया

क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल मैदान पर खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 356 रनों का स्कोर खड़ा किया. विकेट कीपर बल्लेबाज टॉम ब्लंडेल ने सबसे ज्यादा 89 रन बनाए. पिछले मैच की दोनों पारियों में शून्य पर आउट होने वाले कप्तान टॉम लैथम ने भी 59 रनों की अच्छी पारी खेली.

इसके जवाब में भारत ने पहली पारी में महज 116 रनों पर 6 विकेट गंवा दिए हैं. दूसरे दिन के स्टंप्स से ठीक पहले वाशिंगटन सुंदर 10 रन बनाकर आउट हुए और भारत को छठा झटका लगा. टीम इंडिया अभी भी 240 रन से पीछे है और मैच पर फिलहाल कीवियों का दबदबा है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ritesh Kumar

Ritesh Kumar

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More