)
काल भैरव जयंती मार्गशीर्ष कृष्ण अष्टमी तिथि को मनाते हैं, जो कि इस साल 30 नवंबर और 1 दिसंबर 2026 की मध्यरात्रि रात 12:11 बजे से 1 दिसंबर की देर रात 11:13 बजे तक रहेगी. उदया तिथि के आधार पर 1 दिसंबर 2026 को काल भैरव जयंती मनाई जाएगी. चूंकि काल भैरव की पूजा रात में करने का विधान है, लिहाजा निशिता काल मुहूर्त रात 11:43 बजे से 12:38 बजे तक है. वहीं जो भक्त दोपहर में पूजा करना चाहते हैं, वे अभिजीत मुहूर्त में सुबह 11:49 बजे से लेकर दोपहर 12:31 बजे तक कर सकते हैं. लेकिन यहां एक बात समझना जरूरी है कि गृहस्थजनों को बाबा काल भैरव की बजाय बटुक भैरव रूप की पूजा करना ज्यादा उचित माना गया है.
पौराणिक कथाओं के अनुसार, जब भगवान शिव ने ब्रह्मा जी का अहंकार तोड़ने के लिए क्रोधावतार लिया, तो वे काल भैरव कहलाए. यह भगवान शिव का अत्यंत उग्र रूप है जो कि तामसिक गुणों और संहारक ऊर्जा वाला है. जबकि बटुक भैरव भगवान का बाल और सात्विक रूप है. 'बटुक' का अर्थ होता है छोटा बालक, जो अपने भक्तों पर तुरंत प्रसन्न होकर कृपा बरसाता है.
धर्म-शास्त्रों और ज्योतिषाचार्य के अनुसार, गृहस्थजनों को बटुक भैरव की पूजा करना चाहिए, जो कि सौम्य रूप वाले हैं. इससे ऊर्जा का संतुलन बना रहता है, साथ ही वह जल्द प्रसन्न होने वाले देवता हैं और उनकी पूजा-पद्धति सात्विक है, जो कि आम लोगों के लिए विधिवत पूरी करना आसान होता है.
इसके उलट बाबा काल भैरव की ऊर्जा इतनी तीव्र और उग्र है कि उसे संभालने के लिए कठोर ब्रह्मचर्य, तप और तांत्रिक नियमों का पालन करना होता है. जो कि गृहस्थों के लिए संभव नहीं है. साथ ही काल भैरव की तांत्रिक पूजा में मदिरा, बलि आदि का उपयोग होता है. जो कि गृहस्थों के लिए वर्जित है. साथ ही काल भैरव बाबा कड़ी तपस्या से ही प्रसन्न होते हैं.
काल भैरव जयंती की दिन शाम को घर के मंदिर में या किसी भैरव मंदिर में सरसों के तेल या घी का दीपक जलाएं. उन्हें लाल फूल, इमरती, जलेबी या गुड़ से बनी मीठी रोटी अर्पित करें. संभव हो तो "ॐ ह्रीं बटुकाय आपदुद्धारणाय कुरु कुरु बटुकाय ह्रीं ॐ" मंत्र का जाप करें. इस दिन कुत्ते को रोटी जरूर खिलाएं. इससे जीवन में सुख-समृद्धि बढ़ने की मान्यता है. साथ ही शत्रुओं से रक्षा होती है, बीमारियां दूर होती हैं.
(Disclaimer- यहां दी गई जानकारी सामान्य धार्मिक मान्यताओं, पौराणिक ग्रंथों और ज्योतिषीय संदर्भों पर आधारित है. Zee News इसकी पुष्टि नहीं करता है.)