)
महंगाई ने अक्टूबर में आम आदमी की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है. प्याज और लहसुन की कीमतों में भारी उछाल के साथ दूध, पनीर, दही और खाद्य तेल जैसी रोजमर्रा की जरूरी चीजें भी महंगी हो गई हैं. वित्त मंत्रालय की ताजा मंथली इकोनॉमिक रिव्यू रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर में प्याज की कीमतों में सालाना आधार पर 116 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई. वहीं, लहसुन 61 प्रतिशत और नींबू 47 प्रतिशत महंगा हुआ है. खाद्य महंगाई का असर अनाज, दालों और खाने के तेल की कीमतों पर भी दिखाई दिया.
वित्त मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर में सब्जियों की कीमतों में सबसे ज्यादा उछाल प्याज में देखने को मिला. प्याज की कीमतें पिछले साल के मुकाबले 116 प्रतिशत बढ़ गईं यानी प्याज के दाम एक साल में दोगुने से भी ज्यादा हो गए. इसके अलावा लहसुन की कीमतों में 61 फीसदी और नींबू में 47 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई.
अनाज की बात करें तो चावल की कीमतें सालाना आधार पर 12.5 प्रतिशत बढ़ीं, जबकि गेहूं 3.1 प्रतिशत महंगा हुआ. दालों में अरहर की कीमतों में 15 प्रतिशत और उड़द में 12 प्रतिशत की महंगाई दर्ज की गई.
खाने के तेल की कीमतों ने भी घरेलू बजट पर दबाव बढ़ाया है. रिफाइंड ऑयल और मूंगफली तेल की कीमतों में करीब 16 फीसदी की बढ़ोतरी हुई, जबकि सरसों का तेल लगभग 10 फीसदी महंगा हुआ.
महंगाई का असर सिर्फ सब्जियों और अनाज तक सीमित नहीं रहा. दूध और इससे बनने वाले उत्पादों की कीमतों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई. रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर में दूध की महंगाई दर 4.6 प्रतिशत रही. वहीं, पनीर 5.7 प्रतिशत , दही 4.4 प्रतिशत और दूध से बनी मिठाइयां करीब 10 प्रतिशत महंगी हुईं. त्योहारों के दौरान मिठाइयों और डेयरी उत्पादों की मांग बढ़ने से इनकी कीमतों पर दबाव देखने को मिला. इसके अलावा प्रोटीन से भरपूर खाद्य पदार्थों की कीमतें भी बढ़ीं. चिकन 11.3 प्रतिशत , मीट 10.6 प्रतिशत , मछली 8.5 प्रतिशत और अंडे 8.3 फीसदी महंगे हुए.
वित्त मंत्रालय के मुताबिक, नवंबर में भी दूध और इससे जुड़े उत्पादों की कीमतों पर दबाव बना रह सकता है. इसकी एक बड़ी वजह त्योहारों के बाद जारी शादी का सीजन है. इस दौरान दूध, पनीर, दही और मिठाइयों की मांग बढ़ने से कीमतों में और तेजी आने की आशंका है.
इसके अलावा डेयरी कंपनियों की ओर से भी सप्लाई से जुड़ी चुनौतियों के कारण कीमतों में बढ़ोतरी की गई है. ऐसे में आने वाले समय में डेयरी उत्पादों की कीमतों पर नजर रखना जरूरी होगा.
प्याज की कीमतों में भारी उछाल के बावजूद सरकार को आने वाले महीनों में राहत की उम्मीद है. वित्त मंत्रालय के मुताबिक, सरकार की सप्लाई बढ़ाने से जुड़ी कोशिशों के कारण थोक स्तर पर प्याज की महंगाई में 11 प्रतिशत अंक की कमी आई है. इससे आने वाले महीनों में प्याज की कीमतों पर दबाव कम हो सकता है. दूसरी ओर, आलू की कीमतों में गिरावट और बढ़ गई है.
अक्टूबर में आलू की डिफ्लेशन दर बढ़कर 14 प्रतिशत हो गई. वहीं, टमाटर की कीमतों में जुलाई से सितंबर तक गिरावट के बाद अक्टूबर में फिर तेजी देखने को मिली. अक्टूबर में टमाटर की महंगाई दर 5.8 प्रतिशत दर्ज की गई है.