)
श्रद्धा कपूर की आने वाली फिल्म 'ईठा' 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है. लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी यह फिल्म मशहूर मराठी लावणी कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर के जीवन पर आधारित है. रिलीज में अब बस एक हफ्ता ही बचा है, ऐसे में फिल्म के बारे में कुछ और जानकारियां सामने आई हैं.
'ईठा' का बॉक्स ऑफिस पर सलमान खान और चित्रांगदा सिंह की फिल्म 'मातृभूमि' से मुकाबला होगा. इस बीच श्रद्धा की फिल्म को लेकर आए ताजा अपडेट से उनके करियर से जुड़ी एक दिलचस्प बात सामने आई है.
सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, 'ईठा' को 27 नवंबर को U/A सर्टिफिकेट मिला है. मैडॉक फिल्म्स और कठपुतली क्रिएशन्स प्राइवेट लिमिटेड ने इस फिल्म के सर्टिफिकेशन के लिए आवेदन किया था. इस फिल्म का रनटाइम 2 घंटे और 52 मिनट और 8 सेकंड है. इसके साथ ही यह श्रद्धा कपूर के एक्टिंग करियर की सबसे लंबी फिल्म बन गई है.
'ईठा' से पहले 'साहो' उनकी सबसे लंबी फिल्म थी, जिसका रनटाइम 2 घंटे 51 मिनट था. 'बत्ती गुल मीटर चालू' 2 घंटे 43 मिनट की थी. जबकि 'हैदर' 2 घंटे 42 मिनट लंबी थी. 'तू झूठी मैं मक्कार' का रनटाइम 2 घंटे 39 मिनट था.
फिल्म निर्माताओं ने इसकी आधिकारिक कहानी का भी खुलासा किया है. 'ईठा' एक ऐसी लावणी कलाकार के सफर को दिखाती है, जो समाज के हाशिए से आती है और तमाम सामाजिक पाबंदियों के बावजूद अपना नाम बनाना चाहती है.
'ईठा' समाज के हाशिए पर जन्मी एक प्रतिभाशाली लावणी कलाकार की कहानी है, जो जाति, रूढ़ियों और परंपराओं की सीमाओं से परे सपने देखने की हिम्मत रखती है. साथ ही पूर्वाग्रहों, सत्ता और पुरुष-प्रधान भारत की लगातार बढ़ती मांगों से जूझते हुए वह अपनी एक ऐसी पहचान और विरासत बनाती है, जिसे कभी मिटाया नहीं जा सकता.
यह फिल्म विठाबाई नारायणगांवकर के जीवन पर आधारित है, जो मराठी लावणी की दुनिया में एक बहुत बड़ा नाम रही हैं. श्रद्धा के अलावा इस फिल्म में रणदीप हुड्डा, मोहम्मद जीशान अय्यूब, अनंत जोशी, नाना पाटेकर, अक्षरा सिंह और उल्का गुप्ता जैसे कलाकार भी नजर आएंगे.