)
भारतीय महिला क्रिकेट टीम से बाहर चल रहीं टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज पूनम राउत ने गुरुवार को इंटरनेशनल क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से तत्काल प्रभाव से संन्यास लेने की घोषणा की. 37 साल की पूनम राउत ने 2009 से 2021 के बीच भारत के लिए चार टेस्ट, 73 वनडे और 35 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं.
अपने इंस्टाग्राम पेज पर एक पोस्ट में पूनम राउत ने कहा, 'काफी सोच-विचार के बाद, मैंने इंटरनेशनल क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लेने का फैसला किया है.' पूनम राउत ने कहा, 'टीम इंडिया के लिए खेलना मेरे लिए बहुत गर्व की बात है. मेरी जिंदगी में क्रिकेट एक खेल से बहुत बढ़कर है. जब भी मैंने भारत की जर्सी पहनी, तो मैंने इसे बहुत गर्व और कृतज्ञता के साथ पहना.'
पूनम राउत ने अपने करियर को संवारने का श्रेय अपनी घरेलू टीम को भी दिया. पूनम राउत ने कहा, 'मेरे शुरुआती वर्षों में मुझ पर भरोसा जताने के लिए मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन का बहुत-बहुत धन्यवाद.' राउत ने कहा, 'वहां मुझे जो मौके और मार्गदर्शन मिले, उन्होंने मेरे क्रिकेट सफर की नींव रखी.'
पूनम राउत ने चार टेस्ट मैचों में 44 की औसत से 264 रन बनाए, जिसमें एक शतक शामिल है. नवंबर 2014 में मैसूर में दक्षिण अफ्रीका महिला टीम के खिलाफ, राउत ने 355 गेंदों का सामना करते हुए 18 चौकों की मदद से 130 रन बनाए, जो उनका टेस्ट क्रिकेट में सर्वोच्च स्कोर है.
पूनम राउत ने 73 वनडे मैचों में 34.83 की औसत से 2,299 रन बनाए, जिसमें तीन शतक और 15 अर्धशतक शामिल हैं. दाएं हाथ की इस बल्लेबाज ने 35 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 92.17 के स्ट्राइक रेट से 719 रन बनाए, जिसमें चार अर्धशतक शामिल रहे. मई 2017 में साउथ अफ्रीका में आयोजित 'विमेंस क्वाड्रैंगुलर सीरीज' के दौरान, आयरलैंड के खिलाफ एक मैच में उन्होंने दीप्ति शर्मा (188 रन) के साथ मिलकर 320 रनों की ओपनिंग साझेदारी की, जो महिला वनडे क्रिकेट में अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी है. पूनम राउत ने उस मैच में 116 गेंदों पर 11 चौकों की मदद से 109 रन बनाए थे, जिसके बाद उन्हें चोट के कारण मैदान से बाहर जाना पड़ा.