भारत के टी20 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव ने दुबई में एक आलीशान घर खरीदा है. यह घर बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान से जुड़े एक रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट के पास है. भारतीय बल्लेबाज ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह अपनी पत्नी देविशा शेट्टी के साथ प्रॉपर्टी के कागजातों पर साइन करते नजर आ रहे हैं.
सूर्यकुमार ने इंस्टाग्राम पर कहा, 'मैं पहली बार 2014 में यहां आया था और फिर 2020 में वापस आया. भारत के लोग दुबई की ओर आकर्षित हो रहे हैं. यहां की फैसिलिटी और लाइन स्टाइल का लेवल बिल्कुल अलग है. मुंबई में जहां मैं रहता हूं, वहां भी सुरक्षा है, लेकिन दुबई भी सुरक्षा के मामले में बेहतरीन है. यहां आने पर मुझे बहुत सुकून और खुशी मिलती है.'
सूर्यकुमार यादव ने इस रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट की सुविधाओं की भी तारीफ की, खासकर 'लॉन्जिविटी लाउंज' का जिक्र किया. उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, 'यहां 40 से ज्यादा प्रीमियम सुविधाएं हैं जो काफी शानदार हैं, लेकिन जिसने मेरा दिल जीत लिया, वह है 'लॉन्जिविटी लाउंज'. ऐसी सुविधा आमतौर पर रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट्स में देखने को नहीं मिलती.'
यह प्रॉपर्टी इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि यह 'शाहरुख्स रेजिडेंस' के काफी करीब है. यह एक आलीशान प्रोजेक्ट है, जिसे दुबई मैरीटाइम सिटी में 'डैन्यूब ग्रुप' द्वारा विकसित किया जा रहा है और इसका नाम शाहरुख खान के नाम पर रखा गया है. सूर्यकुमार के नए घर की कीमत का खुलासा नहीं किया गया है.
एक रिपोर्ट के अनुसार इस साल फरवरी में सूर्यकुमार यादव की पत्नी देविशा ने मुंबई के चेंबूर इलाके में 7.18 करोड़ रुपये में एक अपार्टमेंट खरीदा था. 1,516.20 वर्ग फुट (140.86 वर्ग मीटर) की यह प्रॉपर्टी 'गोदरेज स्काई टेरेसेस' में है और इसका रजिस्ट्रेशन फरवरी में हुआ था. इस फ्लैट का कार्पेट एरिया 1,402 वर्ग फुट (130.25 वर्ग मीटर) है और इसके साथ दो पार्किंग स्पेस भी मिलते हैं.
सूर्यकुमार मुंबई की रणजी ट्रॉफी टीम में जगह न मिलने की वजह से भी चर्चा में हैं. मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) के एक सूत्र ने मंगलवार को बताया कि टीम के प्री-सीजन ट्रेनिंग कैंप में लगातार शामिल न होने के कारण उन्हें टीम से बाहर रखा गया है. सूर्यकुमार यादव ने घरेलू क्रिकेट खेलने के लिए अपनी उपलब्धता तो जताई थी, लेकिन बताया जा रहा है कि टीम की घोषणा से पहले वे ट्रेनिंग सेशन में शामिल नहीं हुए. मुंबई के रेड-बॉल खिलाड़ी एक महीने से ट्रेनिंग कर रहे हैं, और मंगलवार को भी क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया तथा MCA के BKC ग्राउंड में ट्रेनिंग सेशन जारी रहे.