)
बॉलीवुड सेलिब्रिटी और उनकी दिवाली पार्टियों का फैंस हर साल बेसब्री से इंतजार करते हैं. सितारे किन पार्टियों में जा रहे हैं, कौन पार्टी होस्ट कर रहा है और कब कर रहा है. हर छोटी-बड़ी बात लोगों का ध्यान खींचती है. सितारों से सजी मेहमानों की लिस्ट, पार्टी के अंदर की तस्वीरें और ग्लैमरस कपड़े बॉलीवुड फैंस और फैशन पर नज़र रखने वालों को हमेशा उत्साहित रखते हैं. इस साल भी अक्टूबर के आखिर और नवंबर की शुरुआत में कई ऐसी पार्टियां होने वाली हैं, जिनमें कई बड़े सितारे शामिल होंगे. लेकिन इस बार काफी ज्यादा सावधानियां भी बरती जा रही हैं.
हाल ही में बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ से जुड़ी गोलीबारी की घटना के बाद सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच दिवाली पार्टियां आयोजित की जा रही हैं. हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, शुक्रवार को मुंबई स्थित अपने घर पर एक्टर आयुष्मान खुराना और उनकी पत्नी ताहिरा कश्यप द्वारा आयोजित दिवाली पार्टी में कवरेज के लिए पैपराजी (फोटोग्राफरों) को आमंत्रित नहीं किया गया था. इस पार्टी में फिल्म निर्माता करण जौहर, एक्ट्रेस सारा अली खान और ट्विंकल खन्ना और निर्माता भूषण कुमार जैसे कई सितारे शामिल हुए. हालांकि, कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने वाली हस्तियों की तस्वीरें लेने के लिए मीडिया की मौजूदगी बहुत कम थी.
इंडियन एक्सप्रेस कि रिपोर्ट में पैपराजी पल्लव पालीवाल ने बताया कि हाई-प्रोफाइल इवेंट्स में सुरक्षा जांच और भी सख्त होती जा रही है. उन्होंने कहा, 'हाल ही में हुए एक बड़े अवॉर्ड इवेंट में तो हमसे एंट्री के लिए अपना आधार कार्ड लाने को कहा गया था. यह एक अच्छा कदम है, और उम्मीद है कि दिवाली की सभी पार्टियों में भी ऐसा ही किया जाएगा. फिलहाल, हमें सिर्फ मनीष मल्होत्रा की दिवाली पार्टी के बारे में पता चला है.'
इसके अलावा उम्मीद है कि प्रोड्यूसर आनंद पंडित 30 अक्टूबर को दिवाली पार्टी होस्ट करेंगे, जिसमें कृति सेनन और सिद्धार्थ मल्होत्रा जैसे मेहमान शामिल हो सकते हैं. कृति भी पिछले कुछ सालों से दिवाली पार्टियां होस्ट करती आ रही हैं. खबर है कि वह इस साल भी पार्टी करने की योजना बना रही हैं, लेकिन अभी तक तारीख तय नहीं हुई है.
निर्माता रमेश तौरानी 2 नवंबर को अपनी सालाना दिवाली पार्टी आयोजित कर सकते हैं. लेकिन खबर है की शायद सलमान खान इस पार्टी में न आएं. वहीं, अक्षय कुमार और ट्विंकल खन्ना 3 नवंबर को अपनी दिवाली पार्टी आयोजित कर सकते हैं. फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा की दिवाली पार्टी 5 नवंबर को होनी है और इसमें फिल्म इंडस्ट्री की कई जानी-मानी हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है.
निर्माता एकता कपूर 7 नवंबर को दिवाली की एक पार्टी आयोजित कर सकती हैं. खबर है कि एक्ट्रेस युविका चौधरी भी एक पार्टी की प्लानिंग कर रही हैं, हालांकि अभी डेट तय नहीं हुई है. इस बार हर कोई जश्न मनाने की प्लानिंग नहीं बना रहा है. एक्ट्रेस दीया मिर्जा रेखी, जिन्होंने पिछले साल एक छोटी सी पार्टी रखी थी. इस बार दिवाली पार्टी नहीं देंगी. फिल्म निर्माता निखिल आडवाणी, जिन्होंने 2025 में एक पार्टी आयोजित की थी, उन्होंने भी पुष्टि की है कि वे इस साल कोई पार्टी नहीं देंगे.