)
एशियन गेम्स 2026 में बारिश ने एक बार फिर पूरा खेल बिगाड़ दिया. सोमवार को निशिन (जापान) के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में भारत और अफगानिस्तान के बीच दूसरा क्वार्टरफाइनल मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया. मैच में एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी. बेहतर रैंकिंग के आधार पर भारत ने सीधे सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली. मैच सुबह से ही बारिश की चपेट में था. भारत और अफगानिस्तान के बीच मुकाबला सुबह 10:30 बजे IST शुरू होना था, जबकि टॉस 10 बजे होना तय था, लेकिन लगातार होती बारिश के कारण मैदान खेलने लायक नहीं बन सका और आखिरकार मुकाबले को रद्द करना पड़ा.
भारत से पहले पाकिस्तान और हांगकांग, चीन के बीच पहला क्वार्टरफाइनल भी बारिश की भेंट चढ़ गया था. यह मुकाबला सुबह 5:30 बजे IST शुरू होना था, लेकिन बारिश इतनी ज्यादा थी कि टॉस तक नहीं हो सका. मैच रद्द होने के बाद पाकिस्तान ने भी अपनी बेहतर रैंकिंग के कारण सेमीफाइनल में जगह बना ली. बारिश का असर सिर्फ मैच वाले दिन ही नहीं था. क्वार्टरफाइनल से एक दिन पहले भी यहां बारिश हुई थी और सोमवार को भी आसमान से लगातार पानी बरसता रहा. खराब मौसम ने आयोजकों और दोनों टीमों की मुश्किलें बढ़ा दीं.
भारत और पाकिस्तान दोनों अपने-अपने क्वार्टरफाइनल मुकाबलों में बेहतर रैंकिंग वाली टीमें थीं. ICC रैंकिंग में भारत नंबर-1 पर है, जबकि अफगानिस्तान 10वें स्थान पर है. वहीं, पाकिस्तान छठे स्थान पर और हांगकांग, चीन 24वें स्थान पर है. इसी वजह से मैच रद्द होने के बाद भारत और पाकिस्तान को सेमीफाइनल में जगह मिल गई. बारिश के खतरे को लेकर भारत के T20I कप्तान श्रेयस अय्यर से भी सवाल पूछा गया था. रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा था कि बारिश के बावजूद टीम को मानसिक रूप से तैयार रहना होगा. उनके मुताबिक खिलाड़ी प्रोफेशनल हैं और ऐसी चुनौतियां आती रहेंगी, इसलिए परिस्थितियों की परवाह किए बिना मैच खेलने पर ध्यान देना जरूरी है. श्रेयस ने बताया था कि टीम ने हल्की वार्म-अप और बल्लेबाजी की प्रैक्टिस की है. उनका कहना था कि अगले दिन पिच और मौसम के हिसाब से खुद को ढालने की कोशिश की जाएगी, लेकिन सबसे जरूरी बात मैदान पर उतरकर मैच खेलना है.
अब भारत की नजरें सेमीफाइनल पर हैं. टीम इंडिया का सामना श्रीलंका और नेपाल के बीच होने वाले तीसरे क्वार्टरफाइनल के विजेता से होगा. वहीं, पाकिस्तान की भिड़ंत बांग्लादेश और मलेशिया के बीच चौथे क्वार्टरफाइनल के विजेता से होगी. एशियन गेम्स 2026 क्रिकेट के बाकी क्वार्टरफाइनल मुकाबले मंगलवार को खेले जाने हैं, जबकि सेमीफाइनल मुकाबले गुरुवार को आयोजित होंगे. अगर बारिश के कारण तीसरा और चौथा क्वार्टरफाइनल मैच रद्द होता है, तो सेमीफाइनल में भारत बनाम बांग्लादेश और पाकिस्तान बनाम श्रीलंका का मैच हो सकता है.
इससे पहले सोमवार को पाकिस्तान और हांगकांग के बीच पहला क्वार्टरफाइनल मुकाबला भी बिना कोई गेंद फेंके रद्द हो गया. इसका सीधा फायदा पाकिस्तान को मिला और टीम ने सेमीफाइनल में जगह बना ली. मैच रद्द होने के बाद पाकिस्तान को उसकी बेहतर ICC T20I रैंकिंग के आधार पर सेमीफाइनल में प्रवेश दिया गया, जबकि हांगकांग का एशियन गेम्स सफर यहीं खत्म हो गया. हांगकांग को मैदान पर उतरकर पाकिस्तान के खिलाफ अपनी चुनौती पेश करने का मौका तक नहीं मिला.पाकिस्तान और हांगकांग इससे पहले इस फॉर्मेट में दो बार आमने-सामने आ चुके हैं. दोनों मुकाबले 2022 एशिया कप और 2022 एशियन गेम्स में खेले गए थे और दोनों ही बार पाकिस्तान ने जीत दर्ज की थी.