App

पीटी उषा का रिकॉर्ड टूटा: एशियन गेम्स में विथ्या रामराज ने रचा इतिहास, 54.75 सेकंड का समय निकालकर जीता ब्रॉन्ज

विथ्या रामराज ने एशियन गेम्स 2026 में महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर पीटी उषा का 42 साल पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ दिया है. जानिए कैसे 54.75 सेकंड का समय निकालकर विथ्या ने इतिहास रचा.

पीटी उषा का रिकॉर्ड टूटा: एशियन गेम्स में विथ्या रामराज ने रचा इतिहास, 54.75 सेकंड का समय निकालकर जीता ब्रॉन्ज
Image Credit: विथ्या रामराज और पीटी उषा.

एशियन गेम्स में सोमवार (28 सितंबर) को भारत के खाते में एक ऐतिहासिक ब्रॉन्ज मेडल आया. विथ्या रामराज ने महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ (हर्डल रेस) में ब्रॉन्ज जीतकर भारतीय एथलेटिक्स का सबसे पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है. 28 वर्षीय विथ्या ने नागोया में 54.75 सेकंड का समय निकालकर तीसरा स्थान हासिल किया. इसके साथ ही उन्होंने भारत के खेल इतिहास के सबसे बड़े बेंचमार्क में अपना नाम पीटी उषा से आगे दर्ज करा लिया.

महान एथलीट पीटी उषा ने 55.42 सेकंड का राष्ट्रीय रिकॉर्ड 1984 के लॉस एंजिल्स ओलंपिक्स में बनाया था, जो चार दशकों से भी अधिक समय तक अटूट रहा. विथ्या ने 2023 के हांगझोउ एशियन गेम्स में 55.42 सेकंड के समय की बराबरी करके इस रिकॉर्ड को छू लिया था.  नागोया की इस ऐतिहासिक दौड़ ने आखिरकार उन्हें यह राष्ट्रीय रिकॉर्ड पूरी तरह अपने नाम करने का मौका दे दिया.

 

 

 

 

विथ्या का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

यह समय विथ्या का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी था और इसने उन्हें नागोया एशियन गेम्स में उनका दूसरा पदक दिलाया.इससे पहले वे मिक्सड 4x400 मीटर रिले स्पर्धा में भारत को सिल्वर दिलाने वाली टीम का मजबूत हिस्सा रही थीं. विथ्या के लिए यह नतीजा बेहद खास मायने रखता है. उन्होंने पिछले एशियन गेम्स में भी 400 मीटर बाधा दौड़ में ब्रॉन्ज जीता था, यानी वे लगातार दो एशियन गेम्स में इस स्पर्धा के पोडियम तक पहुंची हैं. हालांकि, इस बार उनका पदक उस रिकॉर्ड के साथ आया है जो 1980 के दशक से पीटी उषा के नाम से जुड़ा हुआ था.

400 मीटर बाधा दौड़ के नतीजे

नागोया की इस स्पर्धा में यूएई (UAE) की मरियम करीम ने 54.31 सेकंड का नया गेम्स रिकॉर्ड बनाकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया. वहीं कजाकिस्तान की एडेलिना जेम्स ने 54.58 सेकंड में रेस पूरी करके रजत पदक हासिल किया. भारत की अनु राघवन 55.88 सेकंड के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय के साथ पांचवें स्थान पर रहीं. वह मेडल से चूक गईं.

विथ्या ने पीटी उषा के रिकॉर्ड को कैसे तोड़ा?

55.42 सेकंड का यह आंकड़ा सालों से विथ्या के सामने एक चुनौती बना हुआ था. 2023 में हांगझोउ में वह पीटी उषा के रिकॉर्ड को छूने वाली पहली भारतीय महिला बनी थीं, लेकिन रिकॉर्ड उषा के नाम ही रहा. नागोया में विथ्या ने अपनी सर्वश्रेष्ठ रेस का प्रदर्शन करते हुए टाइमर को 54.75 सेकंड पर रोक दिया. विथ्या ने राष्ट्रीय रिकॉर्ड को 0.67 सेकंड से कम किया है और वे 400 मीटर बाधा दौड़ में 55 सेकंड से कम का समय निकालने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं. यह उनके पिछले व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 55.42 सेकंड के मुकाबले एक बहुत बड़ा सुधार है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rohit Raj

Rohit Raj

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More