)
भारतीय मेंस क्रिकेट टीम एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में पहुंच गई है. सोमवार (28 सितंबर) को निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में अफगानिस्तान के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मैच रद्द हो गया. बारिश के कारण मुकाबले में टॉस भी नहीं हो सका. श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम बेहतर रैंकिंग के आधार पर सीधे अंतिम-8 में उतरी थी. उसकी नजर एक बड़ी जीत हासिल करने पर थी, लेकिन बारिश की मंशा कुछ और ही थी. आज पहले पाकिस्तान और हांगकांग के बीच मैच धुला. इसके बाद भारत-अफगानिस्तान का मुकाबला नहीं हो पाया.
टीम इंडिया अब बेहतर रैंकिंग के आधार पर सेमीफाइनल में पहुंच गई है. यह मैच 1 अक्टूबर को खेला जाएगा. अब सबसे बड़ा सवाल है कि अय्यर की टीम इस बड़े मैच में किसका सामना करेगी. भारत का सामना नेपाल या श्रीलंका से हो सकता है. इन दो टीमों के बीच मंगलवार की सुबह तीसरा क्वार्टर फाइनल होगा और इस मैच में जीतने वाली टीम सेमीफाइनल में अय्यर की सेना से भिड़ेगी. वहीं, चौथे क्वार्टर फाइनल में मलेशिया और बांग्लादेश की टीमें आमने-सामने होंगी. इस मुकाबले में जीत हासिल करने वाली टीम पहले सेमीफाइनल में 1 अक्तूबर को पाकिस्तान से खेलेगी.
Match Abandoned
The #INDvAFG Asian Games 2026 Quarter-Final has been called off due to rain. #TeamIndia advance to the semi-final by virtue of higher seeding. #AsianGames— BCCI (@BCCI) September 28, 2026
कैसे होगा भारत-पाकिस्तान का फाइनल?
अगर भारत और पाकिस्तान अपने-अपने सेमीफाइनल मैच जीतते हैं, तो 3 अक्टूबर 2026 को एशियन गेम्स के फाइनल में आमने-सामने होंगे. हालांकि, आइची-नागोया में एक अनोखी स्थिति बन सकती है, जहां ये दोनों चीर-प्रतिद्वंद्वी एक साथ गोल्ड मेडल जीत सकते हैं. अगर भारी बारिश के कारण फाइनल मुकाबला निर्धारित समय के भीतर पूरा नहीं हो पाता है, तो अधिकारी टूर्नामेंट के नियमों के अनुसार मेडल का फैसला करेंगे.
नियमों में क्या बदलाव हुआ है?
हांगझोऊ 2023 एशियन गेम्स के फाइनल में भारत और अफगानिस्तान का मुकाबला बारिश के कारण पूरा नहीं हो सका था. उस समय हाई सीडिंग (रैंकिंग) के आधार पर भारत को गोल्ड मेडल दिया गया था. हालांकि, इसके बाद नियमों में संशोधन किया गया है. नए नियमों के अनुसार, अगर फाइनल मैच बारिश की वजह से धुल जाता है, तो एक को गोल्ड और दूसरे को सिल्वर देने के बजाय दोनों टीमों को संयुक्त रूप से गोल्ड मेडल दिया जाएगा.
The quest for begins here
#TeamIndia all in readiness for the #AsianGames Quarter-finals pic.twitter.com/VC03cYCGA6— BCCI (@BCCI) September 28, 2026
एशियन गेम्स पर बारिश का साया
अफगानिस्तान के खिलाफ क्वार्टर-फाइनल मैच बारिश की भेंट चढ़ने के बाद भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की. टॉस से कुछ मिनट पहले बारिश जरूर रुक गई थी, लेकिन मैदान गीला होने के कारण आउटफील्ड खेलने योग्य नहीं पाई गई. बेहतर रैंकिंग के आधार पर भारतीय टीम बिना कोई गेंद खेले अंतिम चार में पहुंच गई. इससे पहले पाकिस्तान का क्वार्टर-फाइनल मुकाबला भी हांगकांग के खिलाफ बारिश की वजह से रद्द हो गया था. भारत और पाकिस्तान दोनों को टूर्नामेंट में बाई मिली थी, जिसके कारण दोनों टीमों ने सीधे क्वार्टर-फाइनल चरण से ही अपने अभियान की शुरुआत की थी.