App

खड़गे के बयान पर जयपुर में बवाल: कांग्रेस कार्यालय घेरने निकले BJP कार्यकर्ता, पुलिस से झड़प

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान के विरोध में जयपुर में बीजेपी ने प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने रोक लिया. इस दौरान हल्की झड़प हुई और खड़गे का पुतला फूंका गया.

खड़गे के बयान पर जयपुर में बवाल: कांग्रेस कार्यालय घेरने निकले BJP कार्यकर्ता, पुलिस से झड़प
Image Credit: Jaipur News

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर दिए गए बयान के विरोध में बीजेपी ने जयपुर में प्रदर्शन किया. बीजेपी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कार्यालय से कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने के लिए रैली निकाली, लेकिन पुलिस ने चोमू हाउस सर्किल के पास उन्हें रोक लिया. इस दौरान पुलिस और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झड़प भी हुई. प्रदर्शन में बीजेपी के युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, एससी मोर्चा और जयपुर शहर के कार्यकर्ता शामिल हुए.

खड़गे और राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी
प्रदर्शन के दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारे लगाए. कार्यकर्ताओं ने खड़गे का पुतला भी फूंका. बीजेपी नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री के परिवार को लेकर इस तरह की टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले चुनाव में जनता कांग्रेस को जवाब देगी.

शंकर गोरा बोले- देश का युवा बयान बर्दाश्त नहीं करेगा
बीजेपी नेता शंकर गोरा ने कहा कि प्रधानमंत्री के पिता को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष ने जो बयान दिया है, उसे देश का युवा बर्दाश्त नहीं करेगा. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार प्रधानमंत्री के खिलाफ गलत शब्दों का इस्तेमाल करती रही है. गोरा ने कहा कि इस तरह की टिप्पणियां स्वीकार नहीं की जा सकतीं.

श्रवण सिंह बगड़ी ने की माफी की मांग
बीजेपी प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने कहा कि खड़गे के बयान को लेकर देश की जनता में रोष है. उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष से जनता से माफी मांगने की मांग की. बगड़ी ने कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे मानसिक संतुलन खो चुके हैं और उन्हें अच्छे डॉक्टर से इलाज करवाना चाहिए.

राखी राठौर बोलीं- फ्रस्ट्रेशन में दिए जा रहे बयान
बीजेपी प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष राखी राठौर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता फ्रस्ट्रेशन में इस तरह के बयान दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि बयान खड़गे ने दिया है, लेकिन ये शब्द राहुल गांधी के हैं. राठौर ने राहुल गांधी के पीछे विदेशी सोच होने का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसी सोच देश में अशांति और अराजकता फैलाना चाहती है. बीजेपी नेताओं ने कहा कि आने वाले चुनाव में जनता कांग्रेस को जवाब देगी.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Vishnu Sharma

Vishnu Sharma

विष्णु शर्मा जी मीडिया राजस्थान में कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत हैं और पत्रकारिता के क्षेत्र में करीब 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ITV Network के चैनलों—India News, India News Rajasthan और NewsX—के साथ की, जहां पॉलिटिक्स बीट पर काम किया। इस दौरान उन्होंने राजस्थान की राजनीति को करीब से कवर किया और ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव हासिल किया। विष्णु शर्मा विधानसभा और लोकसभा चुनाव कवर कर चुके हैं। चुनावों के दौरान उन्होंने राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में जाकर जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की और स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।फिलहाल विष्णु शर्मा Zee News के साथ काम कर रहे हैं और राजस्थान की राजनीति से जुड़ी खबरों को कवर कर रहे हैं।
Read More