)
Rajasthan Panchayat Election Results 2026: राजस्थान में पंचायती राज चुनाव के नतीजों ने प्रदेश की ग्रामीण राजनीति में नए समीकरण खड़े कर दिए हैं. कई जिलों में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भाजपा को बड़ा झटका दिया है. सचिन पायलट के गढ़ टोंक से लेकर राजसमंद और चित्तौड़गढ़ तक कांग्रेस का जलवा देखने को मिला है. वहीं चूरू में भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ के बेटे और बहू ने जीत दर्ज कर उनकी सियासी प्रतिष्ठा बचाई है. हालांकि, डीडवाना के मकराना में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा, जहां रालोपा ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया है.
सचिन पायलट के गढ़ टोंक में कांग्रेस की आंधी
टोंक जिले में कांग्रेस ने भाजपा को बड़ा झटका दिया है. जिला परिषद की कुल 31 सीटों में से कांग्रेस ने 25 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि भाजपा को सिर्फ 5 सीटें मिली हैं. जिले की आठ पंचायत समितियों में से सात में कांग्रेस को बहुमत हासिल हुआ है. खास बात यह है कि भाजपा किसी भी पंचायत समिति में बहुमत हासिल नहीं कर सकी. अब जिला प्रमुख और पंचायत समिति प्रधानों के चुनाव पर सभी की नजरें टिकी हैं.
चूरू में राजेंद्र राठौड़ ने बचाई सियासी प्रतिष्ठा
चूरू जिला परिषद चुनाव में भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ के परिवार को बड़ी सफलता मिली है. उनके बेटे पराक्रम राठौड़ ने 7,810 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की, जबकि बहू कनिका राठौड़ ने 2,384 वोटों से चुनाव जीता. दूसरी तरफ कांग्रेस के दो विधायकों के परिवारों को हार का सामना करना पड़ा है. कांग्रेस विधायक नरेंद्र बुडानिया की पत्नी कनक बुडानिया चुनाव हार गईं. वहीं विधायक अनिल शर्मा के भाई को भी हार मिली है. इन नतीजों के बाद राजेंद्र राठौड़ अपनी सियासी प्रतिष्ठा बचाने में कामयाब रहे हैं.
राजसमंद में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत, भाजपा को झटका
राजसमंद जिले में कांग्रेस ने जिला परिषद चुनाव में स्पष्ट बहुमत हासिल किया है. कुल 29 सीटों में कांग्रेस ने 16 सीटें जीती हैं, जबकि भाजपा के खाते में 13 सीटें गई हैं. जिले की नौ पंचायत समितियों में से सात में कांग्रेस को बहुमत मिला है. एक पंचायत समिति में भाजपा बोर्ड बनाने की स्थिति में है, जबकि राजसमंद पंचायत समिति में निर्दलीय सदस्य अहम भूमिका निभाएंगे. चुनाव परिणामों के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष आदित्य प्रताप सिंह ने मतदाताओं का आभार जताया. उन्होंने कहा कि जनता ने भाजपा नेताओं के अहंकार को नकारते हुए कांग्रेस पर भरोसा जताया है.
चित्तौड़गढ़ में कांग्रेस का दबदबा, भैंसरोड़गढ़ में 9 सीटों पर जीत
चित्तौड़गढ़ जिले की भैंसरोड़गढ़ पंचायत समिति में कांग्रेस ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया है. कुल 15 सीटों में से कांग्रेस ने 9 सीटें जीती हैं. भाजपा को 5 और रालोपा को एक सीट मिली है. बोराव वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी ने 1,693 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की है. कांग्रेस को बहुमत मिलने के बाद अब पंचायत समिति के प्रधान पद को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं.
अलवर में कांग्रेस उत्साहित, जिला प्रमुख बनाने का दावा
अलवर में पंचायत चुनाव के रुझानों के बाद कांग्रेस नेताओं में उत्साह देखने को मिला है. नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह और आर्यन जुबेर खान ने चुनाव नतीजों को कांग्रेस के पक्ष में बताया है. कांग्रेस नेताओं ने जिला प्रमुख और पंचायत समितियों में प्रधान बनाने का दावा किया है. जिले में जिला परिषद के 39 और पंचायत समितियों के 220 वार्डों के लिए चुनाव हुए हैं. मतगणना के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला.
झुंझुनूं में सुशीला सीगड़ा की जीत, पूर्व सांसद की बहू को हराया
झुंझुनूं में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुईं पूर्व प्रधान सुशीला सीगड़ा ने जिला परिषद के वार्ड नंबर 6 से जीत दर्ज की है. उन्होंने पूर्व सांसद नरेंद्र कुमार की छोटी बहू अनामिका पनियां को हराया है.
वहीं सुशीला की छोटी बहन सविता सीगड़ा ने पंचायत समिति के वार्ड नंबर 6 से जीत हासिल की है. दोनों बहनों की जीत के बाद सुशीला सीगड़ा का नाम जिला प्रमुख की दौड़ में प्रमुखता से सामने आ रहा है. जीत के बाद सुशीला सीगड़ा ने भाजपा पर परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि जनता ने उनके 20 साल के कार्यकाल और विकास कार्यों पर भरोसा जताया है. जिला प्रमुख बनने के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सांसद और विधायक जो फैसला करेंगे, वह उन्हें स्वीकार होगा.
खैरथल-तिजारा में कांग्रेस भाजपा से 10 सीट आगे
खैरथल-तिजारा जिले की पंचायत समितियों में भी कांग्रेस ने भाजपा से बेहतर प्रदर्शन किया है. घोषित 109 सीटों में कांग्रेस ने 42 सीटें जीती हैं, जबकि भाजपा को 32 सीटें मिली हैं. यहां निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 32 सीटों पर जीत दर्ज की है. बसपा को 3 सीटें मिली हैं. हालांकि, ततारपुर पंचायत समिति के वार्ड नंबर 13 में ईवीएम खराब होने के कारण परिणाम घोषित नहीं हो सका. वहीं जिले की चर्चित सीट वार्ड नंबर 24 पर कांग्रेस प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है.
डीडवाना में कांग्रेस को झटका, मकराना में रालोपा का कब्जा
डीडवाना-कुचामन जिले की मकराना पंचायत समिति में कांग्रेस को करारी हार मिली है. कुल 17 सीटों में से रालोपा ने 10 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है. भाजपा को 4, कांग्रेस को सिर्फ एक और निर्दलीयों को 2 सीटें मिली हैं. इसी तरह इटावा-बामनिया पंचायत समिति में भी रालोपा ने शानदार प्रदर्शन किया है. यहां 15 सीटों में से रालोपा ने 11 सीटें जीती हैं, जबकि भाजपा का खाता तक नहीं खुल सका.
लाडनूं में भाजपा का दबदबा, यूनुस खान का प्रयोग बेअसर
डीडवाना-कुचामन की लाडनूं पंचायत समिति में भाजपा ने 13 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में बढ़त बनाई है. कांग्रेस को 8, रालोपा को 5 और निर्दलीय प्रत्याशी को एक सीट मिली है. वहीं डीडवाना विधायक यूनुस खान का निर्दलीय प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारने का प्रयोग व्यापक असर नहीं दिखा सका.
अब जिला प्रमुख और प्रधान पदों पर टिकी नजरें
पंचायत चुनाव के इन नतीजों में कांग्रेस ने टोंक, राजसमंद और कई अन्य क्षेत्रों में मजबूत प्रदर्शन किया है. वहीं भाजपा को चूरू में राजेंद्र राठौड़ के परिवार की जीत और लाडनूं में अच्छे प्रदर्शन से राहत मिली है. दूसरी तरफ मकराना और इटावा-बामनिया में रालोपा ने कांग्रेस और भाजपा दोनों को चुनौती दी है. अब चुनाव परिणाम सामने आने के बाद जिला प्रमुख और पंचायत समिति प्रधानों के पदों को लेकर राजनीतिक हलचल तेज होने की संभावना है.