)
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय यानी DGCA ने स्पाइसजेट को एक 'शो-कॉज नोटिस' (कारण बताओ नोटिस) जारी किया है. ये नोटिस नियमों के बार-बार उल्लंघन उड़ानों में देरी और उनके रद्द होने और एयरलाइन के विमानों के बड़े पैमाने पर खड़े (ग्राउंडेड) रहने को लेकर जारी किया गया है.
DGCA द्वारा 'शो-कॉज नोटिस' जारी किए जाने से स्पाइसजेट की मुश्किलें बढ़ गई हैं. एविएशन रेगुलेटर ने एयरलाइन से सात दिनों के भीतर यह बताने को कहा है कि 'एयरक्राफ्ट रूल्स, 1937' और अन्य विमानन नियमों के तहत उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों न की जाए.
DGCA ने कहा कि स्पाइसजेट बार-बार 'रूट डिस्पर्सल गाइडलाइंस' (RDG) का पालन करने में विफल रही है. इन गाइडलाइंस के तहत एयरलाइनों को छोटे शहरों और दूर-दराज के इलाकों को जोड़ने वाले रूटों पर एक निश्चित संख्या में उड़ानें संचालित करनी होती हैं. नोटिस के अनुसार, पहले भी कार्रवाई और जुर्माने का सामना करने के बावजूद स्पाइसजेट 2026 में 'कैटेगरी IIA' और 'कैटेगरी III' रूटों पर जरूरी संख्या में उड़ानें संचालित करने में नाकाम रही.
नोटिस में एयरलाइन के समय पर उड़ानें संचालित करने के प्रदर्शन में गिरावट उड़ानों में देरी और उनके रद्द होने की बढ़ती घटनाओं और अपने शेड्यूल के अनुसार उड़ानें न चला पाने को लेकर चिंता जताई गई है. इसमें उन समस्याओं का भी जिक्र किया गया है जिनका सामना यात्रियों को बार-बार उड़ानों में रुकावट, देरी और कैंसिलेशन के कारण करना पड़ता है, साथ ही ऐसी स्थितियों में उन्हें उचित मदद भी नहीं मिल पाती है.

DGCA ने कहा कि स्पाइसजेट ने 11 मई 2026 के आदेश के तहत लगाए गए जुर्माने का भुगतान नहीं किया है, जबकि उन्हें कई बार याद दिलाया गया था.
DGCA ने ये भी कहा कि स्पाइसजेट के ज्यादातर विमान खड़े (ग्राउंडेड) हैं और एयरलाइन ने उन्हें वापस सेवा में लाने के लिए कोई स्पष्ट और भरोसेमंद योजना नहीं दी है. रेगुलेटर ने एयरलाइन को नोटिस की तारीख से सात दिन का समय दिया है ताकि वह अपना पक्ष रख सके. चेतावनी दी गई है कि अगर स्पाइसजेट तय समय के भीतर जवाब नहीं देती है, तो ये मान लिया जाएगा कि एयरलाइन के पास अपने बचाव में कहने के लिए कुछ नहीं है और ऐसे में उसका पक्ष सुने बिना ही आदेश जारी किया जा सकता है.

DGCA का ये ताजा कदम ऐसे समय में आया है जब स्पाइसजेट वित्तीय कठिनाइयों का सामना कर रही है और अपने कामकाज को जारी रखने के लिए फंड जुटाने की कोशिश कर रही है.
साल 2019 में देश की दूसरी सबसे बड़ी एयरलाइन रही स्पाइसजेट की हालत अब काफी खराब हो चुकी है. कंपनी के पास फिलहाल सिर्फ 13 विमान बचे हैं, जिनमें से 10 से भी कम उड़ान भरने की स्थिति में हैं. करीब 35 करोड़ रुपये के कर्ज के बोझ तले दबी एयरलाइन लीज पर विमान देने वाली कंपनियों को भुगतान नहीं कर पा रही है. इसके चलते उसके कई विमान वापस ले लिए गए हैं या ग्राउंडेड हैं.
इसका असर कंपनी के कारोबार और बाजार हिस्सेदारी पर भी साफ दिखाई दे रहा है. पिछले 9 महीनों में स्पाइसजेट का मार्केट शेयर 3.9% से गिरकर महज 0.6% रह गया है. ऑपरेशन की चुनौतियां भी लगातार बढ़ रही हैं. DGCA के सितंबर के आंकड़ों के मुताबिक, कंपनी की 20% से ज्यादा निर्धारित उड़ानें रद्द हुईं, जबकि सिर्फ 16.6% फ्लाइट्स ही समय पर उड़ान भर सकीं. इस दौरान करीब 36 हजार यात्रियों को दो घंटे से ज्यादा की देरी का सामना करना पड़ा, वहीं 21,700 यात्री उड़ानें रद्द होने से प्रभावित हुए. अगस्त और सितंबर में भी कंपनी की हर पांच में से एक उड़ान रद्द होने की बात सामने आई.
स्पाइसजेट पर दुबई की ग्राउंड हैंडलिंग कंपनी डीएनाटा (Dnata) का करीब 35.8 करोड़ रुपये का बकाया है. भुगतान नहीं मिलने से नाराज कंपनी ने पिछले सप्ताह स्पाइसजेट की चेक-इन सेवाएं बंद कर दी थीं. इस फैसले का असर एयरलाइन के परिचालन पर भी पड़ा और दुबई से आने-जाने वाली उसकी चार उड़ानें रद्द करनी पड़ीं.