)
लग्जरी बाइक्स बनाने वाली कंपनी बीएमडब्ल्यू ने भारत में अपनी नई ऑफ-रोड बाइक BMW R 12 G/S को बिक्री के लिए उतार दिया है. इंडियन मार्केट में इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 25,40,000 रुपये रखी गई है.
कंपनी इस शानदार बाइक को CBU रूट के जरिए यानी पूरी तरह विदेश से तैयार करके भारत ला रही है. खास बात ये है कि भारतीय ग्राहकों के लिए कंपनी ने इसका दमदार प्रो वेरिएंट पेश किया है.
इस बाइक का डिजाइन 1980 की मशहूर BMW R 80 G/S से लिया गया है, जो उस समय में ऑफ रोडिंग के लिए बेस्ट बाइक माना जाता था.
इस नई एडवेंचर बाइक में 1170cc का एयर और ऑयल-कूल्ड बॉक्सर इंजन लगाया गया है. ये शक्तिशाली इंजन 7,000 rpm पर 109 hp की पावर और 6,500 rpm पर 115 Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है.
बीएमडब्ल्यू के इस खास बॉक्सर इंजन का इतिहास साल 1923 में आई R 32 बाइक से जुड़ा है. बाइक को मजबूत बनाने के लिए इसमें वन-पीस ट्यूबलर स्टील स्पेसफ्रेम चेसिस दिया गया है.
इसके साथ ही ऊंचा स्टीयरिंग हेड और एल्युमीनियम हैंडलबार राइडर को बेहतर कंट्रोल और आराम देता है.
खराब रास्तों पर आरामदायक सफर के लिए इसमें आगे की तरफ 45mm का फुली एडजस्टेबल अपसाइड-डाउन फोर्क दिया गया है, जो 210mm ट्रैवल के साथ आता है.
पीछे की तरफ पैरा लीवर स्विंगिंग आर्म और 200mm ट्रैवल वाला स्प्रिंग स्ट्रट मिलता है. बाइक के फ्रंट में 21-इंच का बड़ा पहिया लगा है.
भारत में आने वाले मॉडल में एंड्यूरो पैकेज स्टैंडर्ड तौर पर दिया गया है, जिसमें 18-इंच का रियर क्रॉस-स्पोक व्हील और खास ऑफ-रोड टायर्स शामिल हैं. इसके अलावा खड़े होकर बाइक चलाने के लिए खास फुटरेस्ट और इंजन गार्ड भी मिलता है.
राइडिंग को आसान बनाने के लिए बाइक में स्टैंडर्ड कम्फर्ट पैकेज भी दिया गया है. इसमें शिफ्ट असिस्टेंट प्रो फीचर मिलता है, जिसकी मदद से आप बिना क्लच दबाए आसानी से गियर बदल सकते हैं.
इसके अलावा एडेप्टिव हेडलाइट प्रो, हिल स्टार्ट कंट्रोल, क्रूज कंट्रोल और सर्दियों के लिए हीटेड ग्रिप्स जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं. रात में बेहतर रोशनी के लिए आगे X-आकार की एलईडी हेडलाइट लगी है, जो बाइक को बेहद आकर्षक लुक देती है.
सुरक्षा के हिसाब से इस बाइक के फ्रंट में 310mm के दो डिस्क ब्रेक और पीछे 265mm का सिंगल डिस्क ब्रेक दिया गया है. इसमें कॉर्नरिंग असिस्टेंस के साथ एबीएस प्रो स्टैंडर्ड मिलता है.
अलग-अलग रास्तों के हिसाब से बाइक में रेन, रोड और एंड्यूरो जैसे राइडिंग मोड्स दिए गए हैं, जबकि एंड्यूरो पैकेज के साथ एंड्यूरो प्रो मोड भी जुड़ जाता है.
बेहतर कंट्रोल के लिए इसमें ट्रैक्शन कंट्रोल सिस्टम भी है, जिसे ऑफ-रोडिंग के दौरान राइडर अपनी मर्जी से बंद कर सकता है.
बीएमडब्ल्यू इस बाइक के साथ तीन साल की स्टैंडर्ड वारंटी दे रही है, जिसे कस्टमर चौथे और पांचवें साल के लिए भी बढ़वा सकते हैं. इसके साथ ही साल के 365 दिन और 24 घंटे रोड-साइड असिस्टेंस की सुविधा भी मिलेगी.
लॉन्च के मौके पर बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया के प्रेसिडेंट और सीईओ हरदीप सिंह बरार ने कहा कि नई BMW R 12 G/S एक आइकन को फिर से अपनी जड़ों से जोड़ती है.
ये एडवांस टेक्नोलॉजी और असली एडवेंचर के लिए सबसे बेस्ट है, जिसे खास तौर पर उन राइडर्स के लिए बनाया गया है जो ऑफ रोडिंग करना चाहते हैं.