App

पंजाब की जेलों से चल रहे तस्करी नेटवर्क पर कसेगा शिकंजा! चंडीगढ़ में हाईलेवल बैठक, राजस्थान के IG ने उठाया बड़ा मुद्दा

पंजाब चुनाव और भारत-पाक सीमा की सुरक्षा को लेकर चंडीगढ़ में हाईलेवल बैठक हुई. बीकानेर रेंज IG ओमप्रकाश ने पंजाब की जेलों से तस्करी नेटवर्क चला रहे अपराधियों पर सख्त कार्रवाई का सुझाव दिया. गैंगस्टरों, ड्रोन से तस्करी और सीमा सुरक्षा पर भी चर्चा हुई.

पंजाब की जेलों से चल रहे तस्करी नेटवर्क पर कसेगा शिकंजा! चंडीगढ़ में हाईलेवल बैठक, राजस्थान के IG ने उठाया बड़ा मुद्दा
Image Credit: India Pakistan Border Security

श्रीगंगानगर: पंजाब में आगामी चुनाव और भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा को लेकर चंडीगढ़ में सुरक्षा एजेंसियों की हाईलेवल बैठक हुई. इस बैठक में केंद्रीय और राज्य सुरक्षा एजेंसियों के बड़े अधिकारी शामिल हुए. राजस्थान की ओर से बीकानेर रेंज के आईजी ओमप्रकाश भी बैठक में मौजूद रहे. इस दौरान सीमा पार से होने वाली तस्करी, जेलों से चल रहे आपराधिक नेटवर्क और गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर चर्चा की गई.

पंजाब की जेलों से चल रहे तस्करी नेटवर्क पर कार्रवाई की मांग
बैठक में बीकानेर रेंज आईजी ओमप्रकाश ने पंजाब की जेलों से चल रहे अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि जेलों में बंद रहकर तस्करी का नेटवर्क चला रहे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जरूरत है. उन्होंने ऐसे अपराधियों के नेटवर्क को तोड़ने के लिए प्रभावी कदम उठाने का सुझाव दिया. बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि जेलों के भीतर से संचालित तस्करी के नेटवर्क पर रोक लगाना बेहद जरूरी है.

गैंगस्टरों और हिस्ट्रीशीटरों पर भी कसेगा शिकंजा
बैठक में पंजाब और राजस्थान सहित सीमावर्ती राज्यों में सक्रिय गैंगस्टरों, हिस्ट्रीशीटरों और वांछित अपराधियों के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई करने पर भी चर्चा हुई. एक राज्य में अपराध करने के बाद दूसरे राज्य में छिपने वाले बदमाशों की धरपकड़ के लिए सुरक्षा एजेंसियां आपसी तालमेल बढ़ाएंगी. इसके साथ ही अपराधियों की संपत्ति जब्त करने और उनके नेटवर्क को खत्म करने के लिए भी रणनीति तैयार की गई.

श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और बीकानेर बॉर्डर पर बढ़ेगी निगरानी
भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे राजस्थान के श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और बीकानेर क्षेत्रों की सुरक्षा को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई. सीमा पार से ड्रोन और दूसरे माध्यमों के जरिए होने वाली हेरोइन और हथियारों की तस्करी रोकने के लिए संयुक्त कार्रवाई पर जोर दिया गया. अधिकारियों ने सीमावर्ती जिलों में सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल बनाने की जरूरत बताई.

पंजाब चुनाव को लेकर भी सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
आगामी पंजाब चुनाव को देखते हुए अंतरराज्यीय सीमाओं पर नाकाबंदी सख्त करने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की रणनीति बनाई गई. बैठक में बीएसएफ, पुलिस और नारकोटिक्स से जुड़ी एजेंसियों के बीच खुफिया जानकारी तुरंत साझा करने पर भी जोर दिया गया.

अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी जाए और नशा तस्करों व गैंगस्टरों के खिलाफ संयुक्त अभियान तेज किए जाएं. बैठक का मुख्य उद्देश्य पंजाब में शांतिपूर्ण चुनाव कराने के साथ ही राजस्थान और पंजाब के सीमावर्ती इलाकों में तस्करी और आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाना है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Pradeep Suthar

Pradeep Suthar

जी राजस्थान में कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत प्रदीप सुथार पत्रकारिता के क्षेत्र में विगत 6 वर्षों से सक्रिय हैं. जी मीडिया में वे श्री गंगानगर और हनुमानगढ से विभिन्न  विषय से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से कवर करते हैं. बात चाहे किसान आंदोलन की हो, या क्राइम से जुड़ी और बॉर्डर इलाके से जुड़ी कोई भी खबर हो  सभी क्षेत्रों में प्रदीप सुथार  सक्रिय रूप से न्यूज कवर करते रहे हैं. इसके साथ  कृषि और पशुपालन और क्राइम से जुड़ी खबरों पर भी गहरी पकड़ रखते हैं. किसानों की जमीनी हकीकत और विभिन्न मामलों में तह तक जाकर रिपोर्टिंग करना इनकी खासियत है. प्रदीप सुथार जी मीडिया समूह से पहले NDTV और दैनिक भास्कर से भी जुड़े रहे हैं.
Read More